मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 19 अगस्त 2026 बुधवार

////////////////////////////////////////////////

सिंहस्थ पथ का काम चार माह बाद भी अटका, विधायक जैन ने कलेक्टर से की तत्काल शुरू कराने की मांग

मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ मंदिर से नालछा माता मंदिर होते हुए मंदसौर बायपास मार्ग तक प्रस्तावित सिंहस्थ पथ का निर्माण कार्य स्वीकृति और कार्यादेश जारी होने के करीब चार माह बाद भी शुरू नहीं होने पर जागरूक विधायक श्री विपिन जैन ने कलेक्टर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।
विधायक श्री जैन ने पत्र में बताया कि 3.80 किलोमीटर लंबे सिंहस्थ पथ के निर्माण के लिए 31 करोड़ 50 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। कार्यादेश एवं टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन करीब चार माह बीतने के बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
विधायक ने कहा कि सिंहस्थ योजना के तहत स्वीकृत यह मार्ग आगामी सिंहस्थ पर्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। निर्माण में देरी होने से कार्य को समय-सीमा में पूरा करने में परेशानी आ सकती है।
श्री जैन ने कलेक्टर से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने का आग्रह किया, ताकि सिंहस्थ से पहले मार्ग का निर्माण पूरा हो सके और श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

=========

देव डूंगरी माताजी क्षेत्र में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन, वृक्षारोपण का लिया संकल्प

महिलाओं ने कलश लेकर निकाली हरियाली यात्रा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मंदसौर। म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्रीमति तृपती बैरागी के निदेर्शन मे विकासखंड मंदसौर के सेक्टर नौगांवा अंतर्गत नवांकुर संस्था पारेश्वर युवा ग्राम विकास समिति द्वारा देव डूंगरी माताजी क्षेत्र से ग्राम गुजरदा तक नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधरोपण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट ने विभाग द्वारा संचालित नवांकुर सखी हरियाली यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरियाली को बचाना ही आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देना है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाजसेवी मनीष भावसार ने पर्यावरण संरक्षण पर संबोधित करते हुए कहा कि “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। हरियाली यात्रा में रतनलाल चौहान, रमेशचंद्र अहिरवार, परामर्शदाता संदीप शर्मा, कंवरलाल मीणा, पूर्व सैनिक जयपाल सुनाथी, राजेंद्र बोहरा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर रेवास देवड़ा से पृथ्वीराज, कमलाबाई, भंवरीबाई, पुष्पा चौहान, मधुबाला, दुर्गाबाई, पूजा कुमारी एवं संध्या कुमारी चौहान सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश लेकर सहभागिता की। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

=====

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सुनी 77 आवेदकों की समस्याएं

मंदसौर 18 अगस्‍त 2026 / मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जनसुनवाई की गई। इस दौरान 77 आवेदकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश जारी किए गए। अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रीति संघवी एवं एसडीएम श्री शुभम पाटीदार ने भी जनसुनवाई की। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने निर्देश दिए कि अधिकारी आवेदकों की समस्‍याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतें यदि आपके विभाग से संबंधित समस्‍या नही है तो आवेदक को मार्ग दर्शन दे कि उसकी समस्‍या का समाधान कहां होगा।

साबाखेड़ा निवासी समरथ ने कृषि भुमि पर वर्षा के पानी की निकासी के लिए आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार मल्‍हारगढ़ को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भुक्कीबुजुर्ग निवासी बालुराम ने बरगद के पेड़ की निलामी करवाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार सितामऊ को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साताखेड़ी निवासी रणसिंह ने ड्रोन सर्वे में नाम दुरूस्‍त करवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार सितामऊ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बहादरी निवासी डालुराम ने सीसी रोड़ की जांच करवाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर सीईओ जनपद पंचायत मंदसौर को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में सीसी रोड़ की जांच करवाने, शासकीय रास्‍ता चालु करवाने, सीसी रोड़ निर्माण करवाने, अतिक्रमण हटवाने, पेंशन दिलवाने, नामांतरण करवाने व नक्‍शा दुरूस्‍त करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

चंचल की पढ़ाई में अब आर्थिक समस्‍या बाधा नही बनेगी

जनसुनवाई में कलेक्टर ने दी 25 हजार की आर्थिक सहायता

जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को मंदसौर की युवती चंचल सोनी के लिए वरदान बनी अब उसको आगे अध्‍ययन में आर्थिक समस्‍या बाधा नही बनेगी

इंदौर एसजीआईटीएस कॉलेज में अध्‍ययन करने हेतु फीस की समस्‍या को लेकर वह कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह से मिली कलेक्टर ने संवेदनशीलता के साथ उसको सुना जनसुनवाई में ही चंचल को अध्ययन के लिए 25 हजार रुपए आर्थिक सहायता दी गई।

चंचल महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित अपना घर में निवास करती थी। अब वह पूर्व की निरमुक्त आफ्टर केयर बालिकाओं के साथ रहती है। अपने करियर के लिए गंभीर चंचल ने डीसीए उत्तीर्ण कर लिया है। अब आगे मास्टर डिग्री के लिए उसका चयन इंदौर के एसजीआईटीएस कॉलेज में हुआ है। आर्थिक समस्‍या के कारण परेशान थी कॉलेज की फीस के लिए मदद चाहिए थी। इसको लेकर चंचल मंगलवार को जनसुनवाई में आई थी कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने उसकी समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना एसडीएम को रेड क्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जनसुनवाई में ही चंचल की गार्जियन को कलेक्टर द्वारा 25 हजार रुपए का चेक सोपा गया साथ ही आगे भी मदद के लिए आश्वस्त किया गया।

==========

श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा 20 अगस्त से 10 सितंबर तक

मंदसौर 18 अगस्त 2026 / संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650 वी जन्म जयंती पर मंदसौर जिले में भी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा आगामी 20 अगस्त से प्रारंभ होगी, 10 सितंबर तक चलने वाली उक्त यात्रा के अंतर्गत जिले में भी निर्धारित मार्गो पर कलश यात्रा आयोजन होना है। यात्रा में सांसद विधायक नगर पालिका नगर निगम जनपद पंचायत जिला पंचायत अध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही यात्रा दल के सदस्य एवं जन समुदाय भी उपस्थित रहेगा।

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने उक्त यात्रा के जिले में सुचारू संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सोपे हैं। जारी किए गए आदेश के अनुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन यात्रा के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी रहेंगे, सहायक नोडल अधिकारी के रूप में जिला संयोजक जनजाति कार्य श्रीमती अंगूर बाला भगोरा रहेगी, ग्रामीण क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग करेगा, जन जागरूकता तथा जनभागीदारी बढ़ाने के लिए आवश्यक गतिविधियां योजना आर्थिक सांख्यिकी तथा जन अभियान परिषद करेंगे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों गतिविधियों का आयोजन संस्कृति विभाग करेगा, जिले के एसडीएम विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी रहेंगे साथ ही जनप्रतिनिधियों को यात्रा के लिए आमंत्रित भी करेंगे।

प्रचार प्रसार के तहत ग्राम स्तर पर दीवार लेखन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कराएंगे, समरसता यात्रा दल में सम्मिलित नेतृत्व कर्ता संत समन्वयक और ग्रुप के सदस्यों के लिए भोजन रात्रि विश्राम व्यवस्था जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी करेंगे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम हेतु स्थल का चयन संपूर्ण व्यवस्था, मंच, बैनर, साउंड, बैठक, स्वागत आदि का कार्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद मंदसौर करेंगे। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार विभिन्न स्थानों पर पहुंचने के पूर्व आसपास की ग्राम पंचायतो पर श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा अंतर्गत श्री गुरु रविदास महाराज के मंदिरों का चयन करने का कार्य नगर पालिका अधिकारी तथा जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी करेंगे।

इसी प्रकार जिले में विभिन्न स्थलों पर समरसता यात्रा पहुंचने के दो दिवस पूर्व से प्रत्येक ग्राम एवं नगर केंद्र में मुनादी तथा प्रचार प्रसार का कार्य एसडीएम, नगर पालिका अधिकारी तथा जनपद पंचायत अधिकारी करेंगे। यात्रा के दौरान समस्त शासकीय निजी विद्यालयों महाविद्यालयों में रविदास जी के जीवन पर आधारित जिला स्तरीय चित्रकला, निबंध, भाषण गायन, आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा विजेताओं को प्रमाण पत्र तथा ऑडियो विजुअल सामग्री का विद्यालय एवं महाविद्यालयों में प्रदर्शन एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का काम समस्त महाविद्यालय प्राचार्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे। समरसता यात्रा कंट्रोल रूम तथा सर्व संबंधियों से समन्वय स्थापित करने का कार्य जिला संयोजक जनजातिय कार्य विभाग द्वारा किया जाएगा। समरसता यात्रा मार्ग, जनसंवाद, यात्री विश्राम स्थलों पर सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था पुलिस अधीक्षक द्वारा की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यात्रा मार्ग पर दल के लिए चिकित्सा दल की व्यवस्था एंबुलेंस सहित करेंगे। मार्ग में आने वाले स्थान पर स्वागत के लिए कलश यात्रा का आयोजन जन संवाद स्थलों पर महिलाओं तथा सवयं सहायता समूह की सहभागिता महिला बाल विकास विभाग कराएगा। इसके अलावा अन्य कार्यों के लिए भी संबंधित विभागों को दायित्व गए हैं।

=========

दो दिवसीय श्रावण महोत्सव का समापन हुआ

मन्दसौर, 17 अगस्त 2026/ मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अधीन त्रिवेणी कला संग्रहालय, उज्जैन के द्वारा श्रावण माह के पुनीत अवसर पर दो दिवसीय श्रावण उत्सव का आयोजन 16 – 17 अगस्त 2026 में भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर, मंदसौर में किया गया।

दो दिवसीय ‘श्रावण महोत्सव’ का शुभारंभ रविवार सायं 7 बजे पशुपतिनाथ मंदिर परिसर, मन्दसौर में किया गया।

मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर दो दिवसीय समारोह का शुभारंभ किया गया।

श्रावण उत्सव के प्रथम दिवस की सांस्कृतिक संध्या में शुभारंभ उपरांत श्री मुकेश शास्त्री एवं साथी, उज्जैन द्वारा डमरू वादन की प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात सन्नाली शर्मा एवं साथी, मन्दसौर द्वारा ‘गंगावतरण’ पर आधारित कथक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने अपने भावपूर्ण नृत्य, संगीत एवं पारंपरिक शैली के माध्यम से गंगावतरण के प्रसंग को अत्यंत जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात कला चौपाल एवं साथी, उज्जैन द्वारा ‘महादेव लीला-नाट्य’ की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, संवाद, संगीत एवं पारंपरिक नाट्य शैली के माध्यम से भगवान शिव से जुड़े प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के द्वितीय दिवस की प्रस्तुति सांस्कृतिक संध्या में श्री मनोज बावरा एवं साथी, इंदौर द्वारा ‘वाद्य वृन्द — शिव केन्द्रित राग’, सुधा गुप्ता बोरलिया एवं साथी, उज्जैन द्वारा भक्ति गायन तथा ‘श्री शिव लीला-नाट्य’ की प्रस्तुति दी गयी । लीला-नाट्य का निर्देशन श्रीरामचन्द्र सिंह, भोपाल द्वारा किया गया। जिसमें कार्यक्रम का संचालन श्री देवकृष्ण वैष्णव द्वारा किया गया एवं आभार अनुविभागीय अधिकारी एवं पदेन सचिव श्री पशुपतिनाथ मंदिर श्री शुभम पाटीदार द्वारा किया गया।

==========

आबकारी विभाग द्वारा शुष्क दिवस पर अवैध शराब विक्रय के 13 प्रकरण दर्ज”

मंदसौर 17 अगस्त 2026/ आबकारी उप निरीक्षक के ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्टर मंदसौर द्वारा घोषित शुष्क दिवस पर जिला आबकारी अधिकारी श्री रामहंस पचौरी के निर्देशन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री नानूराम वास्कले के मार्गनिर्देशन में कर्मेंद्र सांवले आबकारी उप निरीक्षक, वृत-मंदसौर द्वारा विभिन्न स्थानों पर अवैध शराब विक्रय के विरुद्ध कार्यवाही करते हुऐ, वीरेंद्र सिंह पिता बने सिंह कृषि मंडी, नीलेश पिता कालू नाथ बालागंज, राकेश पिता शोभाराम, ज़ाहिद पिता आमिर खान शुक्ला चौक, ओम प्रकाश पिता रामलाल बालागंज, बलराम पिता सुन्दरलाल नयापुरा, प्रहलाद पिता कृष्ण गोपाल नयापूरा रोड, गणपति पिता कमल दावतखेड़ी, नितिन पिता संजय, राहुल पिता रघुलाल डीगाँव माली, अंतिम पिता राजू गुर्जरबर्डिया, बने सिंह पिता नाहरसिंह इन्द्रा कॉलोनी, सूरज पिता बलाराब बहादरी, शमी मोहम्मद पिता तय्यब हरिपूरा से देसी विदेशी मदिरा के कुल 265 पाव जिनकी कीमत लगभग 26,500 रुपए है, बरामद कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34 (1) के तहत् 13 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये। उक्त कार्यवाही में आरक्षक सिद्धार्थ गुप्ता, केशव मेडतवाल, रवी राठौर, अंकित निनामा, महेश कारपेंटर का योगदान रहा।

अवैध रूप से मदिरा की बिक्री, परिवहन, संग्रहण आदि पर रोक लगाने हेतु आबकारी विभाग की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

===========

धनगर गायरी समाज ने लोकमाता अहिल्याबाई की पुण्यतिथि मनाईं

मन्दसौर। धनगर गायरी समाज ने अहिल्याबाई गार्डन कमल केंद्र नई आबादी में मनाई लोकमाता अहिल्याबाई की पुण्य तिथि माल्यार्पण कर अहिल्याबाई का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में समाज जिला अध्यक्ष दशरथ धनगर धनगर, युवा सेना प्रदेश अध्यक्ष सुरेश धनगर नंद नगर हेदरवास ने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डाला एवं उपस्थित समाजजनों को मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष  अंबालाल धनगर साबाखेड़ा, जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल धनगर, (नई आबादी जमालपुरा वाले), पूर्व जिलाध्यक्ष नंदलाल धनगर, पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश पाठोला एडवोकेट, दिनेश  चौधरी, राजेश धनगर, लक्ष्मी नारायण धनगर, लोकमाता अहिल्याबाई के परम भक्त रवि सिंह,  प्रतिक जैन, राहुल भैया प्रिंस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश धनगर द्वारा किया गया आभार लक्ष्मीनारायण धनगर द्वारा माना गया।

======

देवनारायण नगरी नारायणगढ़ में निकली बाबा महाकाल की शाही सवारी

अखाड़ों के करतब और भक्ति से गूंजा नगर

नारायणगढ़। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को भूतेश्वर महादेव मंदिर से बाबा महाकाल की शाही सवारी धूमधाम से निकाली गई। सवारी में अखाड़ा वीर ग्रुप हरसोल एवं रतलाम से आए अखाड़े के कलाकारों ने शस्त्र कला एवं हैरतअंगेज करतब दिखाए। बालक-बालिकाओं ने भी आकर्षक प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शाही सवारी बस स्टैंड, गांधी चौराहा, लालबाई फूलबाई, इमली फाटक, नीम चौक होते हुए पुनः भूतेश्वर महादेव मंदिर पर संपन्न हुई। सवारी के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनी रहे। इस अवसर पर सम्रत गोयल, राहुल यादव,मांगीलाल यादव ने कहा कि नगर वासियों पर बाबा महाकाल का आशीर्वाद बना रहे। उन्होंने आसपास के गांवों से आए सभी शिव भक्तों का आभार व्यक्त किया। जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ पूरा नगर शिवमय हो गया।

===========

पर्यावरण संरक्षण में मातृशक्ति की अहम भूमिका -शिवप्रसाद मालवीय संभाग समन्वयक


 नवांकूर संस्था नाटाराम प्रगतिशील विकास समिति ने निकाली तिरंगे के साथ नवांकूर सखी हरियाली यात्रा

नाटाराम/सीतामऊ। मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के निर्देशन में सेक्टर क्रमांक 1 की नवांकूर संस्था नाटाराम प्रगतिशील विकास समिति द्वारा नवांकूर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें नवांकूर सखियों द्वारा तिरंगे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें मुख्यअतिथि मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय, जिला समन्वयक तृप्ती वैरागी,विशेष अतिथि जनपद पंचायत सीतामऊ के उपाध्यक्ष जितेंद्रसिँह कोटड़ामाता, ब्लॉक समन्वयक नारायणसिंह निनामा, ग्राम पंचायत नाटाराम सरपंच बापूलाल जाट, सूर्याखेड़ा सरपंच श्रीमति गुर्जर,जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजू जाट, उपसरपंच गोविंदराम पाटीदार, परामर्शदाता हेमंत गोड़, हरिओम गंधर्व, नवांकूर संस्था से रजनीश शर्मा, दिलीप भटनागर, अशोक दमामी, cm इंटर्न धारणा,नवांकूर सखी कैलाश शर्मा,आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता कविता शर्मा, आँचल पाटीदार, पुष्पा और नवांकूर सखीया विशेष उपस्थित रही। इस अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अन्तर्गत फलदार पौधे कटहल, जामफल, निम्बू, सीताफल लगाए गए। साथ ही नवांकूर सखीयों को 11-11पौधे वितरित किये गए और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गयी।संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय ने कहा की एक पौधा एक जान अंतर्गत पौधों की देखरेख हमें करना चाहिए। साथ ही मातृशक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अहम भागीदारी निभाना चाहिए। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष जितेंद्रसिंह चौहान कोटड़ामाता ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत एक पेड़ मां के नाम लगाये जा रहे हैं। जिसमें हम सब की भूमिका हम होती हैं। कार्यक्रम का संचालन कवि रजनीश शर्मा ने किया। अंत में आभार परामर्शदाता हरिओम गंधर्व ने माना।

=====

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}