मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 15 अगस्त 2026 शनिवार

News: Ratlam, Madhya Pradesh – August 15

जन विश्वास अभियान जनता के लिए सरकार का महत्वपूर्ण कार्य है : कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया

कलेक्टर ने सेल्समैन की सेवाएं समाप्त करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम रानीसिंह में आयोजित हुआ शिविर, कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम रानीसिंह में जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि जन-विश्वास अभियान प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि अभियान की मूल भावना को समझते हुए प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने शिविर के दौरान गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, पोषण आहार वितरण, आंगनबाड़ी खुलने का समय तथा ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की स्थिति, विद्यार्थियों की संख्या, उनकी उपस्थिति, दूर-दराज से आने वाले बच्चों तथा शिक्षण व्यवस्था के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की।

जनसंवाद एवं जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने गांव के मार्गों की समस्या, रावटी को विकासखंड बनाए जाने की मांग तथा मलवासी रेलवे अंडरपास में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या रखी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने राशन दुकान के अनियमित संचालन की शिकायत करते हुए बताया कि दुकान पूरे महीने में केवल दो-तीन दिन ही खुलती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया तथा संबंधित सेल्समैन की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए। शिविर में पशु चिकित्सक की नियुक्ति, खाद की उपलब्धता, भूमि अतिक्रमण, स्व-सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों की बिक्री हेतु दुकान उपलब्ध कराने तथा राजस्व विभाग से मिलने वाले जाति, मूल निवासी एवं आय प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने संबंधी समस्याएं भी उठाई गईं।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिविर के दौरान आयोजित उद्यमी संवाद में युवा उद्यमियों कपिल गुर्जर, सुरेंद्र सिंह राठौर एवं दिनेश गुर्जर ने अपने-अपने उद्यमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कंस्ट्रक्शन कार्य, फूड प्रोसेसिंग, एसीसी ब्लॉक निर्माण तथा किराना व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपनी गतिविधियों एवं आजीविका संबंधी कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, जनपद अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, ग्राम सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

======

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय रावटी का किया निरीक्षण

कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से किया संवाद, गणित पढ़ाकर बढ़ाया उत्साह

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने रावटी स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया कक्षा चौथी में पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तकों एवं पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से भाग (डिवीजन) से जुड़े प्रश्न पूछे तथा ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर उन्हें हल करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवालों का समाधान किया, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना की।

इसके बाद कलेक्टर ने कक्षा पांचवीं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के विभिन्न प्रश्न पूछे, ब्लैकबोर्ड पर स्वयं सवाल लिखे और उन्हें हल करने की सरल एवं सहज विधि भी समझाई। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित अध्ययन, जिज्ञासा के साथ सीखने तथा गणित को सरल तरीके से समझने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शिक्षकों से भी चर्चा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा बुनियादी गणितीय दक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

=======

कलेक्टर ने मालवासी रेलवे अंडरपास का किया निरीक्षण, पानी भराव की समस्या के समाधान का दिया आश्वासन

रेलवे एवं पीएमजीएसवाय विभाग से समन्वय कर होगी आवश्यक कार्रवाई

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान ग्रामीणों द्वारा मालवासी रेलवे अंडरपास में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या से कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया को अवगत कराया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अंडरपास का निरीक्षण किया तथा स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित रेलवे के कर्मचारियों से भी इस संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा समस्या के निराकरण हेतु तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

रेलवे के कर्मचारियों ने कलेक्टर को बताया कि इस कार्य के लिए रेलवे स्तर पर वर्क स्वीकृत (वर्क सेंशन) हो चुका है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं सैलाना एसडीएम श्री जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

====

माही नदी परियोजना से 630 गांवों को मिलेगा पेयजल : कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया

कलेक्टर ने माही नदी पेयजल परियोजना का किया निरीक्षण, वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जल निगम के अधिकारियों के साथ झाबुआ जिले की सीमा पर माही नदी आधारित पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से माही नदी से पानी लाकर रतलाम जिले के 630 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परियोजना के इंटेक वेल, फिल्टर प्लांट एवं अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष रूप से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बताया कि लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही यह परियोजना वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य परियोजना में आ रही चुनौतियों की जानकारी लेकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके और निर्धारित समय में ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि यह परियोजना रतलाम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने पर जिले के 630 गांवों के हजारों ग्रामीणों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे उनकी पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम उपस्थित रहे।

===

जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा

मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्‍टर श्री अजय कटे‍सरिया करेंगे ध्‍वजारोहण

रतलाम जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित होगा। कलेक्‍टर एवं जिला दण्‍डाधिकारी श्री अजय कटेसरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रह कर ध्वजारोहण करेंगे एवं परेड की सलामी लेंगे। कार्यक्रम में प्रातः 8:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन एवं स्‍वागत होगा। प्रातः 9 बजे मुख्‍य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा एवं राट्रीय गीत, राष्ट्रगान का गायन होगा तथा पेरड की सलामी दी जाएगी। प्रात: 09:10 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। हर्ष फायर होगा, मार्च पास्ट होगा। प्रात: 09:30 बजे से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण होगा। प्रात:10 बजे से मुख्य अतिथि द्वारा मुख्‍यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। प्रात: 10:10 बजे परेड कमाण्‍डरों से परिचय एवं लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा तथा देहदान, अंगदान करने वालों के परिजनों का सम्मान होगा। प्रात: 10:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुति होगी। प्रात: 11 बजे पुरस्‍कार वितरण राष्‍ट्रीय गीत एवं राष्‍ट्रगान के गायन के साथ कार्यक्रम समापन होगा।

======

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सेतूतपाड़ा में मनरेगा के तहत पौधारोपण कार्य का किया निरीक्षण

3 हेक्टेयर क्षेत्र में लगाए जा रहे 10 हजार पौधे, 24.99 लाख रुपये की लागत से विकसित होगा मियावाकी क्षेत्र

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम रानीसिंह स्थित सेतूतपाड़ा में मनरेगा के तहत किए जा रहे पौधारोपण कार्य का निरीक्षण किया। सिंचाई तालाब के समीप ग्राम पंचायत रानीसिंह के सेतूतपाड़ा में मियावाकी पद्धति से लगभग 10 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने पौधारोपण कार्य का स्थल निरीक्षण करते हुए कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर संरक्षण हो सके और क्षेत्र में हरित आवरण विकसित किया जा सके।

पौधारोपण का यह कार्य कुल 3 हेक्टेयर क्षेत्र में किया जा रहा है। कार्य के लिए 24.99 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे इस क्षेत्र का उद्देश्य कम स्थान में अधिक पौधों का रोपण कर सघन हरित क्षेत्र तैयार करना है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का जीवित रहना और उनका संरक्षण ही पौधारोपण अभियान की वास्तविक सफलता है। निरीक्षण में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

========

बाजना में खाद के लिए डीएमओ का डबल लॉक केंद्र शुरू करें : कलेक्टर श्री कटेसरिया

सीएचसी केंद्र के इमरजेंसी वार्ड का काम इसी सप्ताह शुरू करने के निर्देश
बाजना में जिला स्तरीय बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बाजना जनपद पंचायत सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में कलेक्टर ने बाजना क्षेत्र में खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) को निर्देश दिए कि बाजना में डीएमओ का डबल लॉक केंद्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा खाद वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो। बैठक में खाद की कालाबाजारी एवं निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने संबंधी शिकायतों की भी जानकारी दी गई। कलेक्टर ने ऐसी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने सीएचसी केंद्र बाजना के इमरजेंसी वार्ड के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने पीआईयू भवन को निर्देश दिए कि इमरजेंसी वार्ड का निर्माण कार्य इसी सप्ताह प्रारंभ किया जाए। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इमरजेंसी वार्ड का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ था। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सैलाना एसडीएम को तत्काल निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए।

 

बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को रावटी, रानीसिंह, बाजना एवं राजापुरा माताजी क्षेत्र में पेयजल से संबंधित समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का उचित प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। पेयजल व्यवस्था की समस्याओं की साप्ताहिक बैठक में भी समीक्षा की जाएगी।

 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के एएनसी रजिस्ट्रेशन का कार्य पूर्ण करने तथा प्रतिदिन लगातार रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्तचाप के प्रबंधन, मॉडरेट एवं सीवियर एनीमिया के मामलों की समीक्षा की तथा पोर्टल पर सभी जानकारी की उचित एवं समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करने को कहा।

 

कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने पटवारियों से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी अपडेट की स्थिति की जानकारी ली तथा अन्य पटवारियों से भी प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों को फार्मर आईडी के महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही आधार अपडेशन के कार्य में भी तेजी लाने को कहा।

 

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

===

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने तहसील कार्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण

प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने रावटी तहसील कार्यालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर रावटी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना, ग्राम मोरटका में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने तहसील कार्यालय रावटी में रिकॉर्ड रूम, न्यायालयीन एवं राजस्व प्रकरणों के संधारण, कंप्यूटर कक्ष सहित कार्यालयीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, समयबद्ध राजस्व कार्यों के निष्पादन तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर रावटी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रसव कक्ष, ऑपरेशन कक्ष, एक्सरे, NRC में भर्ती बच्चों को देखा।इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही ग्राम पंचायत डाबड़ी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, शेड निर्माण एवं अन्य कार्यों का जायजा लिया तथा गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

=======

जावरा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, इसमें समाहित प्रत्येक रंग भारतीय संस्कृति, सद्भाव, सौहार्द, समृद्धि, विकास, शांति एवं त्याग को दर्शाता है। उक्त विचार विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय ने प्रशासन व नगर पालिका परिषद द्वारा स्वतन्त्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जावरा नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा के समापन पर व्यक्त किये।

 

विधायक डॉ पांडेय ने कहा कि आज हम सभी संकल्प लेते हैं कि हमारी मातृभूमि की प्रतिष्ठा एवं सम्मान में कभी कमी नहीं आने देंगे। सांदीपनि स्कूल से प्रारम्भ हुई तिरंगा यात्रा विशाल एवं गगनभेदी देश भक्ति नारों से ओतप्रोत होकर नगर के मुख्य मार्गो से गुजरी। जिसमें सांदीपनि विद्यालय, शासकीय कमला नेहरू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय काटजू हाई स्कूल एवं आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के हजारों विद्यार्थीगण शिक्षकगण, सम्मिलित रहे।

=========

सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के 7 दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ समापन

मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में आज एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड विभाग द्वारा होमगार्ड लाईन जिला रतलाम में 7 दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस पर प्रशिक्षण का समापन किया गया। मुख्य अतिथि जिला अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत, विशिष्ठ अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री कृष्णपाल सिंह बघेल एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीआरएफ श्रीमती रोशनी बिलवाल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों से उनके द्वारा सिखे गए विषयों के संबंध में फीडबैक लेते हुए चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नेकी कर दरिया में डाल के सिद्धांत पर कार्य करे। दूसरों की सहायता अवश्य करे, परन्तु स्वयं की सुरक्षा का भी ध्यान रखे। कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री कृष्णपाल सिंह बघेल द्वारा भी प्रशिक्षणार्थियों से आपदा तथा उससे बचाव के संबंध में चर्चा करते हुए भविष्य में अच्छे से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तथा विशिष्ठ अतिथि द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण उपरांत प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए तथा मुख्य अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। आभार डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड जिला रतलाम श्रीमती रोशनी बिलवाल द्वारा प्रकट किया गया।

 

कार्यक्रम में होमगार्ड कम्पनी कमाण्डर श्री बद्री मण्डलोई, प्लाटून कमाण्डर श्रीमती ज्योति बघेल एवं समस्त होमगार्ड/एसडीईआरएफ जवान उपस्थित रहे। जिनके द्वारा आपदा मित्रों को आपदा से निपटने की बारिकियों के साथ प्रशिक्षण दिया गया। जिले में कुल 500 आपदा मित्रों को प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसमें से यह प्रथम 100 आपदा मित्रों के प्रशिक्षण का प्रथम बैच था। भविष्य में इस प्रकार के अन्य 04 प्रशिक्षण ओर संचालित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सैनिक तुषार भट्ट द्वारा किया गया।

===

भारत बनेगा विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्मश्री की तिरंगा यात्रा को मदर टेरेसा स्कूल से किया रवाना
अखंड भारत के संकल्प के साथ हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत संत हिरदाराम नगर के लिए रवाना हुई यात्रा
युवा बाइकर्स, वरिष्ठ नागरिक, स्कूली बच्चे, महिलाएं, व्यापारी तिरंगे के साथ यात्रा में हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में कोलार रोड पर उमड़ा तिरंगों का सैलाब
स्थानीयजन की सहभागिता, उत्साह और राष्ट्र भक्ति भाव से सराबोर हुई कोलार की तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्थानीयजन ने पुष्प वर्षा और वंदेमातरम् व भारत माता के जयकारों के साथ किया स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्मश्री की तिरंगा यात्रा को सराहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रध्वज की गरिमा को अक्षुण्ण रखने का किया आह्वान
वर्ष 2027 को युवावर्ष के रूप में मनाया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने यात्रा को किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश उत्साह और उमंग से सराबोर है। दुनिया भारत को सामर्थ्यशाली और शक्तिशाली देश के रूप में देख रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नभ, जल और थल हर जगह तिरंगा शान से लहरा रहा है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक और सबसे युवा देश है। आजादी के अमृतकाल तक भारत विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार रोड क्षेत्र में कर्मश्री संस्था द्वारा निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रा में युवाओं और स्थानीयजन की उपस्थिति देखकर मन उत्साह और उमंग से भर गया। युवाओं के जोश के बलबूते यह तिरंगा यात्रा देश की सबसे बड़ी तिरंगा यात्राओं में शामिल हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यात्रा में शामिल युवाओं और सभी प्रतिभागियों से राष्ट्रध्वज की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए राष्ट्रध्वज से संबंधित नियमों और निर्धारित मर्यादा का पालन करने का आहवान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार रोड क्षेत्र में कर्मश्री संस्था द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को मदर टेरेसा स्कूल से झंडी दिखाई और खुली जीप पर सवार होकर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा आरंभ होने से पहले मदर टेरेसा स्कूल पर यात्रा को संबोधित भी किया। इस अवसर पर पूर्व प्रोटेम स्पीकर तथा विधायक श्री रामेश्वर शर्मा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रियों के साथ ली सेल्फी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं को देश की एकता, अखंता और संप्रभुता के प्रति समर्पित भाव रखने के लिए प्रेरित किया। मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्प के साथ कंधे से कंधा मिलाकर गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों की चिंता करते हुए आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भौगोलिक रूप से देश का दूसरा बड़ा और युवा शक्ति के संदर्भ में देश का अग्रणी राज्य है। वर्ष 2025 को प्रदेश में औद्योगिक निवेश वर्ष के रूप में मनाया गया। वर्तमान में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों की बेहतरी के लिए कार्य जारी है। प्रदेश में वर्ष 2027 को युवावर्ष के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक श्री रामेश्वर शर्मा सहित कर्मश्री संस्था के सभी आयोजकों को विशाल तिरंगा यात्रा के आयोजन की बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के सहभागियों के साथ सेल्फी ली, स्कूली बच्चों का अभिवादन स्वीकार कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा और कोलार रोड तिरंगामय हो गया।

नशे से दूरी है जरूरी का पालन करें युवा

पूर्व प्रोटेम स्पीकर तथा विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हम तिरंगे और वंदे मातरम् का विस्तार करते हुए अखंड भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय ध्वज, लोकतांत्रिक भावना और संविधान में दिए गए मूल्यों के प्रति समर्पित भाव रखने का आह्वान किया। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में नशे से दूरी है जरूरी अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।

देश भक्ति के गीतों और भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान रहा संपूर्ण वातावरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में अखंड भारत के संकल्प के साथ “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत निकाली गई इस विशाल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा बाइकर्स तिरंगे के साथ शामिल हुए। यात्रा मार्ग में अनेक स्थानों पर स्थानीयजन ने उत्साहपूर्वक पुष्प वर्षा कर, वंदेमातरम् और भारत माता के जयकारों के साथ तिरंगा लहराकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और महिलाएं भी शामिल हुईं। यात्रा मार्ग पर स्कूलों के बच्चों और शिक्षकों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का अभिवादन किया। स्कूली बच्चे भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में उत्साह और उमंग का प्रकटीकरण कर रहे थे। संपूर्ण वातावरण देश भक्ति के गीतों और भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान रहा।

======

हमें समृद्ध और सामर्थ्यशाली मध्यप्रदेश बनाना है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

छह जिलों को मिलाकर बनेगी भोपाल मेट्रोपोलिटन सिटी- बढ़ेगा राजधानी का गौरव
विभाजन के समय कई परिवारों ने अपना घर-बार छोड़ा और कष्ट सहे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रभावितों का किया स्मरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे से किया रवाना
यात्रा के प्रतिभागियों को किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, उल्लास और उमंग व्याप्त है। सभी ओर तिरंगा दिखाई दे रहा है। देश की आजादी के लिए मर-मिटने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का देश स्मरण कर रहा है। स्वतंत्र भारत उनके ही पराक्रम से आकार ले पाया। अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत अपनी सक्षमता सिद्ध कर रहा है। हम आज विश्व के सबसे युवा और तेज गति से बढ़ने वाले देश के रूप में जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश की समृद्धि के लिए औद्योगिक विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। उद्योग-व्यापार और रोजगार के विकास से राज्य में समृद्धि आएगी और हम विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे पाएंगे। मध्यप्रदेश समृद्ध और सामर्थ्यशाली हो, यह लक्ष्य लेकर राज्य सरकार कार्य कर रही है। भोपाल और इंदौर के आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर दो मेट्रोपोलिटन सिटी की सौगात मिलने जा रही है। छह जिलों को मिलाकर भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी का स्वरूप दिया जाएगा। इससे राजधानी के रूप में भोपाल का गौरव बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक श्री भगवान दास सबनानी साथ थे।

भारत की सांस्कृतिक धारा पुन: एक हो, यही कामना है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर अतीत के संघर्ष और पीड़ा को याद कर अपना सर्वस्व समर्पित करने वाली विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण ही बड़ी संख्या में सिख-पंजाबी और सिंधी परिवारों को अपना घर-बार-जमीन-जायदाद छोड़ना पड़ी। अपनी सनातन संस्कृति को बनाए रखने और अपने धर्म की रक्षा के लिए ही उन्होंने यह त्याग किया। यह भारत माता के प्रति प्रेम और समर्पण का प्रत्यक्ष उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी यह कामना है कि यह सांस्कृतिक धारा पुन: एक हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। यात्रा में बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन शामिल थे। देशभक्ति गीतों की धुनों, भारत माता की जय के नारों से वातावरण को गुजायमान करते हुए तिरंगा यात्रा भारत माता चौराहा (डिपो चौराहा) के लिए रवाना हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}