हरियाली यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरियाली यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंदसौर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मंदसौर के दलौदा सेक्टर अंतर्गत ग्राम पालिया लालमुहा में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा हरियाली के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चैतन्यानंद महाराज उपस्थित रहे। साथ ही जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति जी बैरागी, विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट, मेंटर्स रूपदेव सिंह सिसोदिया एवं सरपंच प्रतिनिधि सुरेश खारोल की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि चैतन्यानंद महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि हरियाली केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, बल्कि मानव जीवन के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। हरियाली यात्रा जैसे आयोजनों से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता बढ़ती है। जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति बैरागी ने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, मातृशक्ति एवं विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए हरियाली यात्रा के उद्देश्यों एवं पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। मेंटर्स रूपदेव सिंह सिसोदिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष किशन शर्मा, सचिव कालू सिंह पवार, सहायक सचिव मोहन धनगर रामेश्वर धनगर सहित नवाँकुर सखी मातृशक्ति, छात्र-छात्राएं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया तथा समाज में अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया।



