मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 07 अगस्त 2026 शुक्रवार

////////////////////////////////

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने मंदसौर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया

किसानों से चर्चा की समस्याओं की निराकरण के निर्देश दिए

मंदसौर 6 अगस्त 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने गुरुवार को मंदसौर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। मंडी के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करते मंडी संचालन प्रक्रिया का अवलोकन किया किसानों से चर्चा की। इस दौरान एसडीएम श्री शुभम पाटीदार तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी परिसर में उपस्थित लहसुन उत्पादक किसानों से चर्चा की, फसल नीलामी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की, लहसुन की गुणवत्ता का अवलोकन किया। किसानों को मंडी परिसर में दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की गई। किसानों द्वारा की गई शिकायतों के निराकरण के संबंध में एसडीएम को दिशा निर्देश दिए।

कलेक्टर ने व्यापारी की दुकान पर पहुंच कर किसानों को भुगतान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। मंडी परिसर में लाई गई सोयाबीन फसल का भी अवलोकन किया। सोयाबीन लाने वाले किसानों से भी चर्चा की।

निरीक्षण के पश्चात मंडी कार्यालय में एसडीएम तथा अन्य अधिकारी कर्मचारियों के साथ मंडी संचालन प्रक्रिया के संबंध में समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

=====

माता पिता अपनी संतान को पाश्चात्य संस्कृति से बचाने का प्रयास करे – आचार्यश्री सागरचन्द्रसागरजी
मंदसौर । आजकल की युवा पीढ़ी में संस्कारों की कमी है। युवा पीढ़ी में संस्कार होना जरूरी है। यह संस्कार देना माता-पिता व गुरु का दायित्व है। आजकल पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव के कारण भारत की युवा पीढ़ी भी कई ऐसे त्यौहार मनाने लगी है जो भारत की संस्कृति के अनुरूप नहीं है। वेलेन्टाईन डे, रोज डे, फ्रेन्डशीप डे एवं प्रपोज डे जैसे फेस्टिवल भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं है हमें युवा पीढ़ी को ऐसे त्यौहारो से दूर रखना चाहिए।
उक्त उद्गार परम पूज्य जैन आचार्य श्री अशोक सागरजी म.सा. की पावन निश्रा में आचार्य श्री सागरचन्द्र सागरजी म.सा. ने आर्यरक्षित सूरि जैन तीर्थ पर आयोजित प्रवचन में कहे। आपने गुरुवार को यहां धर्मसभा में कहा कि विवाह योग्य युवक-युवतियों पर माता-पिता विशेष निगाह रखे, उन्हें अपरिचित या अन्य लोग जो रिश्तेदार नहीं हैं उनसे गिफ्ट नहीं लेने दे। आजकल गलत सम्बंधों की शुरूआत गिफ्ट लेने देने से ही होती है। विरोधी धर्म के युवा, युवतियों को मोबाईल या अन्य कोई उपहार देकर उन्हें फांसने का काम करते हैं। ऐसी स्थिति से बचने के लिये जरूरी है कि विवाह योग्य युवक व युवती को सचेत किया जाये। कोई भी गिफ्ट यदि लेकर युवा व युवती घर आते है माता पिता उन्हें समझाईश दे क्योकि गलत सम्बंधो की शुरुआत लोभ देकर की जाती है। बच्चों को संस्कार देने के लिये धर्मसभाओ में लाओ ताकि वे धर्म का सही स्वरूप समझे। आपने कहा कि युवक युवतियो को माता-पिता की इच्छा के विरूद्ध दूसरे धर्म के व्यक्तियों से विवाह नहीं करना चाहिए।
रविवार को शिविर लगेगा- आचार्य श्री सागरचन्द्र सागरजी ने कहा कि दिनांक 9 अगस्त रविवार को प्रातः 9 से 11 बजे तक आर्यरक्षित जैन तीर्थ पर युवक-युवतियों का विशेष शिविर लगेगा। धर्मालुजन 10 वर्ष से लेकर 30 वर्ष तक की आयु के बच्चों को लेकर शिविर में आयें।
नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने प्रवचन श्रवण किये – गुरुवार को नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंसीलाल गुर्जर ने आर्यरक्षित सूरि जैन तीर्थ पहुंचकर आचार्य श्री के प्रवचन श्रवण किये। श्रीसंघ व चातुर्मास समिती की ओर से महिला मण्डल ने उनका बहुमान किया।
लाभार्थी परिवार का बहुमान – धर्मसभा में गुरुवार को हुये सहधर्मी स्वामीवात्सल्य के लाभार्थी श्रीमती कामिनी देवी धाकड़, पारस, हर्ष, अर्हम धाकड़ का श्रीसंघ की ओर से माला पहनाकर स्वागत किया गया। शास्त्र विराने के लाभार्थी सुरेन्द्र हितेन्द्र भण्डारी परिवार का भी बहुमान हुआ। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं उपस्थित थे।
—————
मानव जीवन में सहनशीलता जरूरी है -मुनिश्री प्रत्यक्षरत्न विजयजी
मंदसौर । जिस प्रकार सोने की अशुद्धि को हटाने के लिये उसे बार-बार भट्टी में गर्म किया जाता है तभी खरा सोना प्राप्त होता है उसी प्रकार मानव के जीवन में सहनशीलता का गुण होना चाहिये बिना सहन किये आप श्रेष्ठता प्राप्त नहीं कर पायेंगे।
उक्त उद्गार परम पूज्य जैन संत (मुनिराज) श्री प्रत्यक्षरत्न विजयजी ने राजेन्द्र विलास जीवागंज में आयोजित धर्मसभा में कहे। आपने गुरुवार को धर्मसभा में कहा कि जीवन में आये दुखो का प्रतिकार नहीं करना है। जीवन में दुख परेशानी आने पर हमारा जीवन प्रतिकूल परिस्थिति में जीवन निर्वहन करने योग्य बनता है इसलिये जीवन में दुखों को वेलकम करे दुःखों से घबराये नहीं बल्कि प्रतिकूल परिस्थिति में भी देव गुरु धर्म के प्रति श्रद्धा बनाये रखे। जीवन में हमने जैसे कर्म किये हैं उन्हें वैसा ही फल हमें भोगना पड़ता है यह चिन्तन जीवन में रहना चाहिये।
मुनिश्री पवित्ररत्न विजयजी म.सा. ने कहा कि जीवन में विनय का गुण होना चाहिये, जो व्यक्ति हमसे आयु में बड़े हैं, दीक्षा में बड़े हैं या गुण में बड़े हैं उन्हें विधिपूर्वक नमस्कार करना ही चाहिये। जीवन में यदि विनय नहीं है तो आपके कई गुण होने पर भी आप श्रेष्ठता को प्राप्त नहीं कर पायेंगे। जीवन में हमें गुरु आज्ञा के अनुसार काम करना चाहिये तथा उनकी आज्ञा के अनुरूप विनय वंदन करना चाहिये। आपने कई जैन संतो के विनय के वृतान्त भी श्रवण कराये।
प्रवचन पाण्डाल का हुआ लोकार्पण – जीवागंज स्थित राजेन्द्र विलास में चार माह के लिये प्रवचन एवं उसके बाद अन्य धार्मिक गतिविधियों के लिये बनाये गये प्रवचन पाण्डाल का विगत दिनों लोकार्पण किया गया। श्रीसंघ के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेन्द्र लोढ़ा, मंदसौर श्रीसंघ अध्यक्ष गजेन्द्र हिंगड़ व चातुर्मास समिति अध्यक्ष मनोहर सोनमरा ने प्रवचन पाण्डाल का लोकार्पण किया।

========

उप मुख्‍यमंत्री श्री देवड़ा 7 अगस्‍त को जिले में

विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे

मंदसौर 6 अगस्‍त 2026 / प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा 7 अगस्‍त को जिले के भ्रमण पर रहेंगे इस दौरान में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे तथा मल्हारगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा 7 अगस्त को प्रात: 11:00 बजे ग्राम चंदवासा देव डुंगरी में आरईएस एवं पर्यटन विभाग के निर्माण कार्यो का निरीक्षण करेंगे। वे दोपहर 12:00 बजे बरखेड़ा देवडुंगरी में उप स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र का अवलोकन, स्‍कुल , पीडीएस दुकान का निरीक्षण एवं सहकारी संस्‍था के पास चौराहे पर आयोजित ग्राम चौपाल मै सम्मिलित होंगे इसके पश्चात दोपहर 1:00 बजे लसुडिया कदमाला में औद्योगिक इकाई का निरीक्षण करेंगे।

उप मुख्‍यमंत्री श्री देवड़ा दोपहर 2:00 बजे जनपद पंचायत परिसर मल्‍हारगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत जन संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे रात्रि विश्राम मंदसौर में रहेगा

=========

डाकघर की स्पीड पोस्ट तथा पार्सल सेवा के माध्यम से राखियाँ, गिफ्ट एवं शुभकामना संदेश बुक कराएँ

मंदसौर 6 अगस्‍त 2026 / अधीक्षक डाकघर द्वारा बताया गया कि रक्षाबंधन पर भारतीय डाक विभाग स्नेह का विश्वसनीय माध्यम बनेगा भाई-बहन के अटूट प्रेम विश्वास और स्नेह के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग मंदसौर संभाग द्वारा मंदसौर एवं नीमच जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि अपनी राखियाँ, गिफ्ट एवं शुभकामना संदेश समय रहते अपने निकटतम डाकघर में बुक कराएँ, ताकि वे समय पर अपने प्रियजनों तक पहुँच सकें।

भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट, पार्सल तथा अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं के माध्यम से देश एवं विदेश में रहने वाले भाई-बहनों तक राखियाँ सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध तरीके से भेजी जा सकती हैं। मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी डाकघरों में इन सेवाओं के माध्यम से राखियों की बुकिंग की जा रही है।

भारतीय डाक विभाग अपनी व्यापक पहुँच, सुरक्षित वितरण और भरोसेमंद सेवाओं के लिए जाना जाता है। विभाग ने रक्षाबंधन के अवसर पर राखियों के त्वरित प्रसंस्करण एवं समय पर प्रेषण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं।

डाक विभाग मंदसौर एवं नीमच द्वारा नागरिकों से अनुरोध किया गयाहै कि अंतिम समय भीड़ से बचने के लिए अपनी राखियाँ शीघ्र बुक कराएँ और पावन पर्व पर अपने स्नेह का संदेश भारतीय डाक के माध्यम से अपने प्रियजनों तक पहुँचाएँ।

महिला एवं बाल विकास विभाग पुरुस्कार हेतु ऑनलाईन आवेदन 31 अगस्‍त तक आमंत्रित

मंदसौर 6 अगस्‍त 2026 / महिला बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पांड्या द्वारा बताया गया है कि रानी अवन्ति बाई राज्‍य स्तरीय पुरस्कार, राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार, श्री विष्णु कुमार महिला बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार, राष्ट्रमाता पदमावती पुरस्कार एवं अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार हेतु आवेदन 31 अगस्‍त 2026 के पूर्व आमंत्रित किए गए हैं आवेदन विभागीय वेबसाईट www.mpwcdmis.gov.iv पर उपलब्ध है।

==============

जिले में 7 अगस्त को मल्हारगढ़ से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान

हर शुक्रवार होगा जनसंवाद, शिकायतों का त्वरित निराकरण और योजनाओं के क्रियान्वयन की होगी समीक्षा

मंदसौर 6 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” मंदसौर जिले में 7 अगस्त को मल्हारगढ़ से प्रारंभ हो रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि गण कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहेंगे

अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जिले के नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

अभियान के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। यदि किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा राज्य स्तर के निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी तो ऐसे प्रकरणों का संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा।

साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों की निर्धारित तिथि पर उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा संबंधित शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के लिए पूर्व तैयारी कर आवश्यक निरीक्षण प्रपत्र उपलब्ध कराएं। अभियान के दौरान विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थाओं, आंगनवाड़ी केन्द्रों, लोक सेवा केन्द्रों, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कलेक्‍टर द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की समस्त गतिविधियों की मॉनिटरिंग पोर्टल आधारित होगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित प्रारूप के अनुसार समयबद्ध रूप से जानकारी दर्ज करेंगे। कार्यक्रमों का आयोजन सादगी एवं मितव्ययिता के साथ किया जाएगा तथा पूर्व निर्मित संरचनाओं का ही उपयोग किया जाएगा। भ्रमण के दौरान वाहनों की संख्या भी सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

=======

चर्चित ‘पॉकेट गवाह’ मामले में टीआई  दिनेश वर्मा को दोषी

इंदौर में चर्चित ‘पॉकेट गवाह’ मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए खजराना थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी (टीआई) दिनेश वर्मा को दोषी माना है

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने विभागीय जांच में गंभीर अनियमितताएं प्रमाणित होने के बाद जारी आठ पृष्ठों के आदेश में दिनेश वर्मा को तीन वर्ष के लिए निरीक्षक पद से पदावनत कर उप निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि जांच के दौरान उनके विरुद्ध लगाए गए कई आरोप प्रमाणित पाए गए, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई

======

 

8 साल पुराने शराब तस्करी मामले में आरोपी जीवनसिंह बरी, न्यायालय ने सुनाया दोषमुक्ति का फैसला

नारायणगढ़। वर्ष 2018 के शराब तस्करी के एक मामले में न्यायालय नारायणगढ़ के विद्वान न्यायिक मजिस्ट्रेट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए आरोपी जीवनसिंह निवासी माल्या, जिला नीमच को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

प्रकरण के अनुसार, 21 मई 2018 को थाना मल्हारगढ़ के तत्कालीन सहायक उपनिरीक्षक पारगी ने मुखबिर की सूचना पर मुंडली यात्री प्रतीक्षालय के पास कार्रवाई करते हुए जीवनसिंह के कब्जे से 63 लीटर अवैध शराब जब्त करने का दावा किया था। इस आधार पर थाना मल्हारगढ़ में आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर अभियोग पत्र न्यायालय नारायणगढ़ में प्रस्तुत किया गया।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के गवाहों एवं जब्ती अधिकारी से विस्तृत जिरह की गई। आरोपी की ओर से एडवोकेट कैलाशचंद्र चौधरी, राहुल चौधरी एवं अनुराग परिहार (नारायणगढ़) ने प्रभावी पैरवी करते हुए अभियोजन के साक्ष्यों पर सवाल उठाए।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आरोप सिद्ध नहीं पाए और जीवनसिंह को दोषमुक्त करने का निर्णय पारित किया।

=======

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जनोन्मुखी पहल

जनविश्वास अभियान शुरू होगा 7 अगस्त से

जन विश्वास अभियान यानि जनता से सीधा-संवाद और जुड़ाव

शुक्रवार से फील्ड में जाकर होगा शिकायतों और समस्याओं का समाधान

7 अगस्‍त को मंदसौर जिले के मल्‍हारगढ़ में आयोजित होगा शिविर

मंदसौर 6 अगस्‍त 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ से अधिक आबादी के प्रति विश्वास के प्रतीक जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ शुक्रवार 7 अगस्त 2026 से होगा। शासन और प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। मंत्रालय से लेकर जिले तक के सभी अधिकारी अब से प्रत्येक शुक्रवार को दफ्तर छोड़कर फील्ड में जनमानस के सामने होंगे।जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में जाकर जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव, शिकायतों एवं समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण करना, फील्ड की वास्तविक स्थितियों का फीडबैक प्राप्त करना, प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को सुदृढ़ करना और प्रशासन की पारदर्शी और संवेदनशील छवि का निर्माण करना है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 7 अगस्‍त को मंदसौर जिले के मल्‍हारगढ़ में शिविर आयोजित किया जाएगा, शिविर आयोजन की सभी तैयारियां पुर्ण कर ली गई है।

शासन-प्रशासन रहेगा भ्रमण पर

अभियान में प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार के दिन संपूर्ण प्रदेश में अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर किसी भी स्तर पर कोई बैठक आयोजित नहीं होगी। यह दिन केवल फील्ड भ्रमण को समर्पित रहेगा। भोपाल से लेकर संभाग और जिले तक सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड भ्रमण पर रहेंगे और अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे। अभियान का प्रारंभ 7 अगस्त 2026 से होगा। जिला कलेक्टर एक सप्ताह पूर्व भ्रमण का क्षेत्र चिन्हित करेंगे और जन-प्रतिनिधियों को अवगत कराएंगे। साथ ही मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

भ्रमण से एक सप्ताह पूर्व ही उस क्षेत्र के सी.एम. हेल्पलाईन, जन-सुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा, भ्रमण से पूर्व ही की जाएगी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा। निराकरण से शेष रहे प्रकरणों एवंभ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।

जन-संवाद से उ‌द्योग संवाद

अभियान के तहत जिला कलेक्टर, जिले के अधिकारियों के साथ फील्ड में दौरा करेंगे। दो प्रकार के जन-संवाद और उ‌द्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे। एम.एस.एम.ई एवं कुटीर उ‌द्योगों के उ‌द्यमियो की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जिलो में पहुँचेंगे, मुख्यमंत्री के भ्रमण-क्षेत्र में ही जिले का समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भ्रमण से पूर्व लंबित और भ्रमण के बाद प्राप्त आवेदनों की तुलना जांची परखी जाएगी। जिलों की परफॉरमेंस और मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा की जायेगी।

सम्पूर्ण अभियान सादगी और मितव्ययिता से संचालित होगा। साज-सज्जा आदि गैर जरुरी व्ययों से परहेज किया जाएगा। साथ हीवाहनों की पूलिंग होगी और शासकीय संस्थाओं / सार्वजनिक स्थान पर पूर्व निर्मित भवन में ही संवाद किया जाएगा।

लंबित प्रकरणों का किया जाएगा शत-प्रतिशत निराकरण

सी.एम हैल्पलाईन एवं जनसुनवाई में प्राप्त भ्रमण क्षेत्र की लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज भ्रमण क्षेत्र के लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण, अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा के लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण और न्यायालयीन आदेश होने के उपरांत भी राजस्व अभिलेखों में अमल नहीं होने संबंधी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा।

किसानों की समस्याओं का होगा निराकरण

सभी पात्र किसानों की फार्मर आई.डी.का निर्माण सुनिश्चित करना , सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड का निर्माण सुनिश्चित करना, समग्र आई.डी. की ई-केवाइसी तथा आधार कार्ड निर्माण/अपडेशन के प्रकरणों का निराकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को आवास उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी।

जन-विश्वास अभियान के सबसे अहम बिंदु

जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल की उपलब्धता तथा टंकी निर्माण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। आगनबाड़ी का निरीक्षण एवं कुपोषण से मुक्ति के लिए आंगनवाड़ी में बच्चों के वजन और ऊंचाई के मापन की स्थिति जानी जाएगी। स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण एवं वहाँ डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टॉफ, दवाएं, उपकरण आदि की उपलब्धता एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के प्रदाय की स्थिति की जांच की जाएगी।स्कूल/कॉलेज का निरीक्षण एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति और अध्ययन की भी गुणवत्ता का निरीक्षण किया जायेगा।

खेती-किसानी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे

क्षेत्र में खाद-बीज एवं अन्य आदानों की उपलब्धता की समीक्षा की जायेगी। स्थानीय राशन की दुकान का निरीक्षण एवं आम जनता से फीडबैक, विभिन्न शासकीय परिसंपत्तियाँ जैसे सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, बांध, जलजीवन मिशन अंतर्गत निर्मित संरचनाएँ, भवन, खेल, फसल आदि की स्थिति का निरीक्षण, शासकीय संस्थाओं जैसे आई.टी.आई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समिति, तहसील, कृषि उपज मण्डी, मदिरा दुकान, पुलिस थाना, लोक सेवा केन्द्र, शासकीय देवस्थान, औ‌द्योगिक क्षेत्र आदि का निरीक्षण किया जायेगा।

खाद-बीज की दुकान एवं एजेंसी, गैस गोदाम, पेट्रोल पम्प, विस्फोटक पटाखा लायसेंस धारियों की दुकानें गोदाम, अधिकृत शस्त्र विक्रेताओं की डीलरशिप, निजी विद्यालय आदि का निरीक्षण होगा। क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति एवं अपराध नियंत्रण के विषय में समीक्षा होगी। विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को प्राप्त हो रहा है अथवा नहीं, इसकी समीक्षा और अन्य ऐसी स्थानीय प्रमुख बढ़ी समस्यायें, शिकायतें चुनौतियां, जिनको लेकर स्थानीय जनसमुदाय प्रशासन से शीघ्र निराकरण की अपेक्षा करता है, उनका चिन्हांकन एवं समाधान किया जायेगा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी चार प्रमुख स्तम्भ होंगे।

==========

एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का आयोजन, हर घर तिरंगा अभियान का दिया संदेश

मंदसौर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड जिला मंदसौर की जिला समन्वयक तृप्ति बैरागी के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक अर्चना भट्ट के मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद से चयनित नवांकुर संस्था प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था द्वारा सेक्टर डिगांव माली क्रमांक-4 के ग्राम जग्गाखेड़ी (नाहरगढ़) स्थित मिडिल स्कूल परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष जीवनी शर्मा एवं गुर्जर बढ़िया मंडल अध्यक्ष भेरूलाल सेन उपस्थित रहे। इस अवसर पर नीम, शीशम, कंज, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के छायादार पौधों का रोपण किया गया।
अपने संबोधन में जीवनी शर्मा ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा अवश्य फहराना चाहिए। वहीं भेरूलाल सेन ने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता है तथा बच्चों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें बड़ा करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की भी शुभकामनाएं दीं।
विकासखंड समन्वयक अर्चना भट्ट ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा पिछले एक माह से स्वैच्छिकता पर्व मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत वृक्षारोपण, स्वच्छता, नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में ग्राम पंचायत जग्गाखेड़ी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री जयंतीलाल गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष दर्शन जाट, राजू राठौड़, वरिष्ठ कार्यकर्ता शंकरलाल चौधरी, बगदीराम राठौड़, इंद्रजीत भट्ट, अर्जुन धनगर, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के विनोद बारोट, ग्राम पंचायत सचिव विनोद सिंह सिसोदिया, माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक बृजपाल सिंह परिहार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था के कार्यक्रम समन्वयक दिनेश सोलंकी ने किया तथा अंत में ग्राम पंचायत सचिव विनोद सिंह सिसोदिया ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

=======
पुण्य कमाये, पापकर्म से दूर रहे – मुनिश्री विरलविजयजी
मंदसौर । मानव जीवन में हमें बार बार जन्म मरण को जो प्राप्त करना पड़ रहा है उसका कारण पाप कर्म व पुण्यकर्म है। मनुष्य भव महत्वपूर्ण है इस भव में हम सभी पुण्य कर्म का संचय करे तथा पापकर्म से दूर रहे।
उक्त उद्गार परम पूज्य जैन संत मुनिराज श्री विरल विजयजी म.सा. ने नई आबादी स्थित आराधना भवन में आयोजित धर्मसभा में कहे। आपने गुरुवार को यहां धर्मसभा में कहा कि शांतसुधारस में उपाध्याय श्री विनयविजयजी म.सा. ने पाप एवं पुण्य का रहस्य बताया है। आपने कहा कि जीवन में हमें पापकर्म कमाना है या पुण्य कर्म यह सब हमारे हाथ में है। जीवन में हमसे कम से कम पाप हो ऐसी प्रवृत्ति लाये, जाने अनजाने में पापकर्म हो भी जाये तो प्रतिक्रमण कर पापकर्म का प्रायश्चित करे। जीवन में हमें शाश्वत सुख पाना है तो पाप से दूर होना ही पड़ेगा, पापकर्म ही हमारे बार-बार जन्म मरण का कारण है हमें इस कारण का निदान करना ही पड़ेगा। आपने कहा कि जीवन में हमें पाप से बचना है तो धर्म का आश्रय लेना ही पड़ेगा। धर्म को समझे बिना धर्म की शरण के बिना पापकर्म से बचाव संभव नहीं है। हम जीवन में दीक्षा नहीं ले सके तो कोई बात नहीं सामायिक कर समता का भाव तो ला ही सकते हैं। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं उपस्थित थे।
—————–
जीवन में समय की महत्ता समझो- साध्वी श्री लावण्या श्रीजी
मंदसौर । जीवन में समय बहुत ही मूल्यवान होता है हमें समय की महत्ता को समझना चाहिये। कोई भी व्यक्ति चाहे गरीब हो या अमीर सभी के लिये समय उपयोगी होता है जो व्यक्ति समय की कीमत पहचान लेता है वह जीवन का रहस्य समझ जाता है।
उक्त उद्गार परम पूज्य जैन साध्वी श्री लावण्या श्रीजी म.सा. ने साध्वी श्री नेहाश्रीजी म.सा. की पावन निश्रा में आयोजित धर्मसभा में कहे। आपने गुरुवार को शास्त्री कालोनी नवकार भवन में आयोजित धर्मसभा में कहा कि अनावश्यक रूप से नहीं बोले, आवश्यकता होने पर ही बोले बिना तोले समझे बोलने के बाद यदि हमें बाद में पछतावा होता है तो उसका कोई लाभ नहीं है बदलते हुये परिवेश में जीवन में अच्छा श्रावक श्राविका बनना है तो जीवन में धर्म के क्षेत्र में पदार्पण कर धर्म के प्रति सचेत रहे। सम्यक ज्ञान, दर्शन व चरित्र को समझने की कोशिश करे। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं भी उपस्थित थे। धर्मसभा में श्रावक श्राविकाओं ने उपवास एकासने एवं आयम्बिल के पंचकाण भी किये।
========

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}