मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 04 अगस्त 2026 मंगलवार

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 07 अगस्त से होगा प्रारंभ

क्षेत्र भ्रमण, जन-संवाद और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर रहेगा विशेष फोकस

प्रदेश शासन द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनीटरिंग तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में बेहतर लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का संचालन 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन विभागीय अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर आम नागरिकों से संवाद करेंगे, शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का मौके पर निरीक्षण करेंगे। अभियान के दौरान विभागीय प्रमुख, संभागीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करेंगे। प्रत्येक शुक्रवार को अनावश्यक समीक्षा बैठकों का आयोजन नहीं किया जाएगा, ताकि अधिकारी अधिकतम समय क्षेत्र में रहकर जनसमस्याओं का समाधान कर सकें। अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी और शिकायतों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। विभागाध्यक्षों को भी अपने अधीनस्थ अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार क्षेत्र भ्रमण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य शासन ने सभी विभागों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के दौरान सादगी, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे आम नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

==========

जिले में अब तक 355.50 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 355.50 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में रतलाम जिले में 8.75 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले 24 घन्टों में आलोट में 6.00 मि.मी., जावरा में 2.00 मि.मी., ताल में 0.0 मि.मी., पिपलोदा मे 7.0 मि.मी., बाजना में 14.0 मि.मी., रतलाम में 22.0 मि.मी., रावटी में 6.0 मि.मी. एवं सैलाना में 13.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र आलोट में 386.0 मि.मी., जावरा में 380.0 मि.मी., ताल में 273.0 मि.मी., पिपलोदा में 395.0 मि.मी., बाजना में 240.0 मि.मी., रतलाम में 515.0 मि.मी., रावटी में 307.0 मि.मी. एवं सैलाना में 348.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

=======

पीएम मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ रतलाम में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का हुआ आयोजन

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा शासकीय पी. एम. श्री माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, रतलाम में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को अत्यंत उत्साहपूर्वक सुना और देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था के प्राचार्य गणतंत्र मेहता, जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव, शिक्षक श्री पंकज मुकाती, श्री निलेश जैन, श्री अशोक सैनी, श्रीमती रुखमणी राठौर एवं सुश्री सुलोचना रायकवाल उपस्थित रहे। इसके साथ ही सामाजिक न्याय विभाग से उप संचालक श्रीमती संध्या शर्मा एवं श्री रवि जैन ने विशेष रूप से सहभागिता की।

अभियान के दौरान उपस्थित युवाओं को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें एक स्वस्थ, सकारात्मक एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागी जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई। इस मौके पर सभी छात्राओं और उपस्थित युवाओं ने नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ लेकर समाज को व्यसन मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे आगामी 100 सप्ताह तक चलने वाले इस “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” से सक्रिय रूप से जुड़ें। उन्होंने अपील की कि युवा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाकर एक विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करें।

========

देश के लिए, परिवार के लिए और खुद अपने लिए नशे से हमेशा रहें दूर : प्रधानमंत्री श्री मोदी

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प के राष्ट्रव्यापी अभियान का किया शुभारंभ
नशा, नाश की जड़ है, प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों में की गई शराबबंदी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान के शुभारंभ अवसर पर सहभागिता कर सभी को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
देश के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
अगले 100 सप्ताह तक लगातार चलेगा अभियान

प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ के राष्ट्रव्यापी अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह अभियान देश के युवाओं को नशे के सेवन से दूर रहने और राष्ट्र के निर्माण में उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग सुनिश्चित करने और समाज विकास की दिशा में जन भागीदारी का आंदोलन है। इस राष्ट्रीय अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का देश के सभी राज्यों में सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में देश के 24 राज्यों के राज्यपाल, 11 राज्यों के मुख्यमंत्री ने वर्चुअली सहभागिता की। देश के 28 स्थानों पर अभियान के शुभारंभ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेशों की सरकारों तथा माय भारत युवा संगठन के सामूहिक एवं सक्रिय प्रयासों से चलाए जाने वाला यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत नागरिकों विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर उन्हें संकल्पित कराया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को समाज सेवा और जन-जागरूकता से जुड़ी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

राष्ट्रव्यापी अभियान के शुभारंभ अवसर पर मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसी कार्यक्रम से अभियान के शुभारंभ में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां नशामुक्त भारत और नशामुक्त मध्यप्रदेश के लिए सभी को हर प्रकार के नशे से दूर रहने और नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नशामुक्त युवा फार विकसित भारत अभियान कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैनिट से ही प्रधानमंत्री के राष्ट्र संबोधन का श्रवण किया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री मनु श्रीवास्तव, मैनिट के डायरेक्टर प्रो. मनमोहन कापसे, माय भारत युवा संगठन के राज्य निदेशक श्री मंगलराम जाखड़, आयुक्त जनसम्पर्क श्री मनीष सिंह, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा सहित मैनिट की सभी फैकल्टीज़, प्रोफेसर्स तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा साथी उपस्थित थे।

राज्य सरकारें मिशन मोड में लागू करें यह अभियान

अभियान का शुभारंभ कर नई दिल्ली से राष्ट्र को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह अभियान एक व्यक्ति, परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र के लिए है। उन्होंने कहा कि पिछले साल काशी में एक आध्यात्मिक कार्यक्रम हुआ। इसमें काशी डिक्लेरेशन के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक आंदोलन चलाने की जरूरत के रूप में जन्मा एक परोपकारी और राष्ट्र कल्याणकारी विचार अब पूरे देश के लिए एक अभियान का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो उससे एक सपना हार जाता है, एक परिवार हार जाता है। नशा जीवन की मुस्कान छीन लेता है। नशा पूरे व्यक्तित्व का नाश कर देता है। इसलिए हमारे युवा साथी अपने देश के लिए, समाज के लिए, परिवार के लिए और खुद अपने लिए सभी प्रकार के नशे के सेवन से दूर रहें। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के सभी राज्य एवं केन्द्रित शासित प्रदेशों की सरकारों से आहवान किया कि वे इस राष्ट्रीय पुनीत अभियान को अपने-अपने राज्यों में मिशन मोड में लागू करें। अभियान के दौरान हर रविवार को सामाजिक सहभागिता से ऐसे आयोजन करें, जिसमें युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता हो और वे स्वयं नशे से दूर रहने के लिए संकल्पित होकर दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर ही देश के 1 करोड़ से अधिक युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री ने माय भारत युवा संगठन के स्वैच्छिक सेवाएं देने वाले कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि सबके प्रयासों से यह अभियान देश के घर-घर तक पहुंचेगा। हमारे युवा साथी इस अभियान से जुड़ें और 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के लिए एकजुट होकर आगे आएं।

नशा अपराध नहीं, यह एक बीमारी है, इसका इलाज भी संभव है – केन्द्रीय मंत्री श्री मंडाविया

अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को अमृत विश्व विद्यापीठम्, फरीदाबाद से वर्चुअली संबोधित करते हुए केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण होता है। देश का अमृतकाल चल रहा है। आज की पीढ़ी देश की अमृत पीढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश ने स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाया है। हमारा देश अब खुले में शौच से मुक्त और नक्सली समस्या से मुक्त हो चुका है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया मूवमेंट सफलतापूर्वक चल रहा है। आज राष्ट्रव्यापी नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ भी प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा ही किया गया। उन्होंने कहा कि नशा कोई अपराध नहीं, यह एक बीमारी है, जिसका इलाज संभव है। उन्होंने कहा कि नशे का सिर्फ एक कश, पूरी जिन्दगी को तहस-नहस कर देता है। इसलिए नशे से दूरी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत केवल सरकार का नहीं, यह एक सामाजिक चेतना लाने वाला अभियान है। विकसित भारत के निर्माण के लिए हमें अपने युवाओं को नशे से दूर रखना ही होगा और यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

नशा, नाश की जड़ है, प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों में की गई शराबबंदी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

राष्ट्रव्यापी अभियान के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैनिट में हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक और युवा देश है। स्वामी विवेकानंद ने सौ साल पहले कहा था कि युवाओं के सामर्थ्य से 21वीं सदी भारत की होगी। ऐसे में शक्तिशाली और सर्वगुण संपन्न भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में नशामुक्ति का अभियान चल रहा है। आज हम सब मैनिट परिसर से प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार हर गली, मोहल्ले, गांव-चौराहे तक नशा मुक्ति के लिए अभियान चलाकर लोगों को समझाइश दे रही है और नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों पर निकाय और पंचायत की सीमा में हमने शराबबंदी लागू कर दी है। शराब की दुकानें हटा दी गईं हैं। उन्होंने कहा कि अब सड़कों के किनारे लगी धूम्रपान की दुकानें धीरे-धीरे कम होती जा रही हैं। लेकिन वर्तमान समय में दूसरे प्रकार का नशा बढ़ रहा है। युवाओं को बिगाड़ने के तरह-तरह के सामान आ गए है। हमारी सरकार ने प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार और नशे के सामानों की तस्करी पर सख्ती से नकेल कसने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर बेहतर समन्वय स्थापित किया है।

‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान’ के लिये पुलिस विभाग को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान’ चलाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति का संकल्प केवल एक विभाग का काम नहीं है। नशामुक्ति के लिए सभ्य और शिक्षित वर्ग सहित पूरे समाज की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के कुछ संभ्रांत राज्य नशे की समस्या के कारण कष्ट में आ गए थे। मध्यप्रदेश को नशामुक्त करने के लिए मन में ठोस संकल्प के साथ कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत का संकल्प लिया है। हम सभी प्रकार के नशों से मुक्ति के इस कुरीति पर विजय युद्ध में फतह हासिल करके रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह की अटूट संकल्प शक्ति से हमारा देश नक्सलवाद की समस्या से निजात पा चुका है। मध्यप्रदेश ने 31 मार्च 2026 की समय सीमा से पहले ही लाल सलाम को आखिरी सलाम कर दिया था। मध्यप्रदेश की धरती से दस्यु समस्या भी पूरी तरह खत्म हो चुकी है। यह हमारी संकल्पबद्धता की ही परिणिति है।

 सभी प्रकार के नशे से बनाएं दूरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नशामुक्त भारत ही विकसित भारत की पहली शर्त है और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार हैं। हम अपने दैनिक जीवन में सभी प्रकार के नशे से दूरी बनाएं, क्योंकि यह शरीर को नुकसान पहुंचाता है। शास्त्रों में कहा गया है कि मनुष्य शरीर साधना के माध्यम से ईश्वर को प्राप्त कर सकता है। हमारे शरीर में असीम ऊर्जा विद्मान है। हम सब इस शक्ति का उपयोग सही दिशा में करें और नशे से दूरी बनाकर विकसित भारत@2047 के संकल्प को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ते रहें। नशा हमारे स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान सभी पर दुष्प्रभाव डालता है। नशे से घर-परिवार बर्बाद हो जाते हैं। राज्य सरकार नशे की ज़द में हो रहे अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। नशे में डूबे लोगों को पुनर्वास के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हमारा शरीर स्वच्छ विचारों का एक मंदिर है। युवा शक्ति अपनी शक्ति को पहचानें, स्वयं नशे की आदतों से दूरी बनायें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा इतिहास सदियों से बेहद गौरवशाली रहा है। यह वह संस्कृति है, जहां प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, गौतम बुद्ध और महावीर स्वामी जैसे इंद्रजीत वीरों-महावीरों ने जन्म लिया। हमारी संस्कृति आत्मसंयम के साथ ‘जियो और जीने दो’ की भावना की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भारत भूमि सदैव दुनिया को इसके ज्ञान और योग के लिए आकर्षित करती रही है। इसलिए हम सब पूरी दुनिया को एक परिवार मानकर सबकी भलाई और कल्याण के लिए काम करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वस्थ युवा, समर्थ समाज और समृद्ध मध्यप्रदेश के माध्यम से हमें विकसित भारत के अमृत काल संकल्प को सिद्ध करना है। इसके लिए हम सब मिलकर यह प्रण लें कि न स्वयं नशा करेंगे, न किसी को नशे की ओर जाने देंगे और समाज में जागरूकता फैलाएंगे। प्रदेश के सभी युवाओं, सामाजिक संगठनों, आचार्यों, प्राचार्यों, शिक्षकों, चिकित्सकों, जिला और पुलिस प्रशासन सहित सभी स्वयंसेवकों से अपील करते हुए कहा कि वे सक्रिय होकर इस अभियान से जुड़ें और इसे एक जन आंदोलन बनायें।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री सारंग ने कहा कि नशा पूरे समाज का नाश करता है। एक सशक्त और स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए हमें अपने युवाओं को नशे से दूर रखना होगा। हमारी सरकार नशामुक्ति के लिए अनेकों प्रयास कर रही हैं। उन्होंने नई पीढ़ी से आहवान किया कि हम सब किसी भी प्रकार के नशे से हमेशा दूर रहने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के हर गांव, हर नगर, हर विद्यालय, हर महाविद्यालय और हर परिवार तक नशामुक्ति का संदेश लेकर आगे बढ़े। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही यह अभियान सफल होगा।

आरंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर मैनिट में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। माय भारत युवा संगठन के राज्य निदेशक ने सभी का आभार माना।

===========

समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए सेवा और सुशासन ही हमारा मूल विकास मंत्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जबलपुर एक साल में बनेगी मेट्रोपॉलिटन सिटी
मुख्यमंत्री ने मेट्रोपॉलिटन सिटी का ड्रॉफ्ट बनाने के दिए निर्देश
जबलपुर में बनेगा फर्नीचर क्लस्टर
11 लाख पौधे लगाने संबंधी अभियान का भी किया शुभारंभ
मदन महल पहाड़ी पर बनाया जाएगा एक बड़ा चिड़िया घर
जबलपुर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे सांदीपनि विद्यालय
नगर निगम जबलपुर की स्वच्छता सर्वेक्षण पर केन्द्रित कॉफी टेबल का किया विमोचन
स्ट्रीट वेंडर्स हितग्राहियों को वितरित किए डिजिटल क्रेडिट कार्ड
जबलपुर को दी 397 करोड़ रूपए के 5 विकास कार्यों की सौगात
तीन बड़े सीवेज प्लांट और मत्स्य विक्रय केन्द्र का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि नगर निगम जबलपुर अगले एक वर्ष में मेट्रोपोलिटन सिटी बनेगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधितों (कमिश्नर, कलेक्टर एवं अन्य) को जल्द से जल्द जबलपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी का ड्रॉफ्ट प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवा हमारी सरकार का दायां और सुशासन बायां हाथ है। हम मध्यप्रदेश के विकास प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि और सेवा के प्रति संकल्पित है। सेवा और सुशासन ही हमारे लिए समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का मूल और वास्तविक विकास मंत्र है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से विकास का सच्चा वादा किया है। आज प्रदेश में चहुंओर विकास की बहार है। ‘सच्चा वादा, पक्का काम’ हम जो भी कहते हैं, वो करके भी दिखाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जबलपुर के गीता भवन परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन का 11 लाख पौधे लगाने के महा अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले को और भी कई सौगातें दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर में एक ‘फर्नीचर क्लस्टर’ बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जबलपुर की मेडिकल यूनिवर्सिटी को अब मध्यप्रदेश के एम्स (राज्यस्तरीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर और आसपास की परिधि मे स्थित नेशनल पार्क में आने वाले पर्यटकों के विशेष आकर्षण के लिए जबलपुर में ही वाइल्ड एनीमल्स विजिबिलिटी की सुविधा विकास के लिए यहां मदन महल पहाड़ी के पास एक चिड़िया घर (ज़ू) बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि जबलपुर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सांदीपनि विद्यालय भी बनाये जायेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जबलपुर शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यहां करीब 397 करोड़ रूपए के 5 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम जबलपुर के स्वच्छता सर्वेक्षण पर केन्द्रित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन कर यहां पात्र सैकड़ों रेहड़ी-पटरी-श्रमिक (स्ट्रीट वेंडर्स) हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत डिजिटल क्रेडिट कार्ड्स भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर शहर में 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘अमृत 1.0’ सीवेज परियोजना का शुभारंभ कर कठौंदा, ललपुर और तेवर में बने तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जबलपुर की सिविल लाइन्स इलाके में 25 लाख रूपए की लागत से रजक समुदाय के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री एरिया का शुभारंभ कर गुरंदी बाजार क्षेत्र में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक मत्स्य विक्रय केन्द्र का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर को ‘पुण्य नगरी’ की उपमा देते हुए कहा कि हमारे देश और प्रदेश में कई तरह से विकास कार्य चल रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का स्वर्णिम काल चल रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ से आकाशवाणी को एक नई पहचान दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशा के अनुरूप देश की 80 करोड़ आबादी को नि:शुल्क राशन, पक्का मकान, नि:शुल्क शौचालय, हर घर नल से जल, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपए तक के इलाज की निशुल्क सुविधा मिल रही है। रेहड़ी वाले छोटे व्यापारियों को पीएम स्वनिधि योजना में लाभ मिल रहा है। आज जबलपुर के अनेक हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड प्रदान किए गए हैं। हर गरीब के जीवन को सुख के सूरज की रौशनी से प्रकाशित करने के लिये प्रतिबद्ध होकर राज्य सरकार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘सरकार का अर्थ सहकार’ और ‘सहकार का अर्थ परिवार’ की सहायता करना है। दुनिया के सामने भारत वसुधैब कुटुम्बकम का एक आदर्श उदाहरण है। भारतीय परंपरा प्राचीनकाल से इसी भाव से आगे बढ़ती रही है। उन्होंने कहा कि अपने जंगलों को हराभरा रखने के लिए हम सभी जरूरी प्रयास कर रहे हैं। प्रकृति के साथ रिश्ता और भी मजबूत बनाने के लिए आज जबलपुर से 11 लाख पौधे लगाने के लिए सघन पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन में ऋषि-मुनियो के समान होते हैं। पेड़ों से हमें स्वच्छ हवा मिलती है। यह सबको जीवन देते हैं। पौधरोपण के लिए नई जापानी ‘मियावाकी पद्धति’ से एक एकड़ भूमि पर 12 हजार पौधे लगाए जा सकते हैं। यह क्षेत्र तीन साल से कम अवधि में सघन वन बन जाता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में नदियों का मायका है। यहां हर-भरे सघन वन हैं। नदियां जंगलों को हराभरा रखती हैं। सभी को खुशहाली और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। नर्मदा नदी से गुजरात और राजस्थान को भी समृद्धि मिलती है। चंबल और सोन जैसी नदियां गंगा-यमुना की धारा को रफ्तार देती हैं।

सब समान-सबको सम्मान – यूसीसी का यही आधार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश की आजादी के बाद तत्कालीन सरकारों ने समाज को अपनी ही धारा और राजनीतिक नजरिए से देखा। उन्होंने धर्म के आधार पर लोगों में वर्ग विभेद किया। रहीम और रसखान की रचनाएं देखिए, जिनमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का चित्रण मिलता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार आने के बाद देश में कहीं भी सद्भाव नहीं बिगड़ा। उन्होंने कहा कि यह बदलते दौर का भारत है। मध्यप्रदेश सरकार ने हिंदू और मुस्लिम सहित सभी वर्गों के लिए एक समान कानून लागू करने का निर्णय लिया है। यूसीसी लागू करने के लिए राज्य सरकार ने 3 करोड़ से अधिक एसएमएस भेजे, जिसके बाद 10 लाख से अधिक सुझाव यूसीसी समिति के पास आए। इन सुझावों में 74 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम बहनों ने यूसीसी लागू करने का समर्थन किया। ‘सब समान-सबको सम्मान’ देने के उद्देश्य से हमारी सरकार एक समान कानून लागू करने की दिशा में आगे बढ़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का लोक निर्माण विभाग देश में सबसे अच्छा काम करने वाला विभाग है। हमारी सरकार द्वारा लोक निर्माण क्षेत्र में हुए कई नए काम और नवाचार अब पूरे देश में लागू हो रहे हैं। मध्यप्रदेश ने ब्रिटिशकाल के राजमार्ग कानून और फायर सेफ्टी एक्ट में भी संशोधन कर लिया है।

प्रदेश में बन रहे हैं भव्य सांदीपनि विद्यालय, पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रतीक हैं। हमारे बच्चों को संस्कार युक्त शिक्षा मिले, इसीलिए प्रदेशभर में भव्य सांदीपनि विद्यालय बनाए गए हैं। युवाओं का भविष्य संवारने के लिए हमने इसी साल 10 हजार शिक्षकों की भर्ती कर ली है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की गई है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण वाले मसले का समाधान निकालकर अब तक राज्य के सभी विभागों के लगभग ढाई लाख से अधिक शासकीय सेवकों को पदोन्नति दे दी गई है। पुलिस विभाग में ही 25 हजार अधिकारी-कर्मचारियों के प्रमोशन हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद केवल सागर और उज्जैन में ही विश्वविद्यालय थे, लेकिन धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई। वर्तमान समय में 75 से अधिक विश्वविद्यालय हो चुके हैं। हमारी यूनिवर्सिटी ऐसी बनें, जहां विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता के साथ शिक्षा मिले। भविष्य में जबलपुर की मेडिकल यूनिवर्सिटी एम्स की तर्ज पर विकसित की जाएगी। मेडिकल सेक्टर के सुदृढ़ीकरण के लिए यूनिवर्सिटी को सर्वसुविधायुक्त बनाने का यह मॉडल पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

अब तो चीता भी मध्यप्रदेश में जीता है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश टाइगर स्टेट तो पहले से ही है, अब तो कभी विलुप्त हो चुका चीता भी मध्यप्रदेश में जीता है। यह हमारा सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश मगरमच्छ, घड़ियाल, गिद्ध, तेंदुआ जैसे वन्य जीवों के मामले में भी अग्रणी राज्य है। पूरे एशिया महाद्वीप से चीता विलुप्त हो चुका था, लेकिन मध्यप्रदेश की पावन धरती पर आते ही चीतों की संख्या 20 से बढ़कर 52 हो गई है। यह वन्य जीवों हमारे सहअस्तित्व की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। हम जियो और जीने दो की भावना के साथ वन्य जीवों के संरक्षण के लिए भी कार्य कर रहे हैं। असम से जंगली भैंसे लाए गए हैं। भविष्य में गैंडे और किंग कोबरा जैसे जीवों को भी लाकर उनके प्राकृतिक रहवास में बसाया जाएगा। वनों की समृद्धि के लिए और पर्यटन से रोजगार के अवसर दिलवाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम को लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने भी संबोधित कर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और लोक निर्माण विभाग के नवाचारों पर प्रकाश डाला। जबलपुर सांसद श्री आशीष दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सरकार सबको साथ लेकर काम करती है। पिछले ढाई साल में विकास परियोजनाओं से जबलपुर का स्वरूप बदला है। राज्य सरकार अंत्योदय के भाव के साथ काम करते हुए हर वर्ग की चिंता कर रही है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव नेतृत्व में मध्यप्रदेश विधानसभा ने समान नागरिक संहिता विधेयक पास कर लिया है। राज्य सरकार ने प्रदेश में फायर सेफ्टी एक्ट लागू करने के लिए विधेयक भी पारित कराया है।

जबलपुर के महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि जबलपुर शहर को आज अमृत फेज-1 योजना के अंतर्गत हुए विकास कार्यों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में आगामी 7 अगस्त से प्रदेश भर में ‘जन विश्वास अभियान’ चलाया जायेगा। यह एक अनूठा अभियान है, जिसमें राज्य सरकार खुद नागरिकों के द्वार पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जबलपुर नगर निगम ने शहर के प्रमुख नालों पर एसटीपी प्लांट लगाए गए हैं, जिससे मां नर्मदा में मिलने वाले पानी को साफ किया जा रहा है। महापौर ने बताया कि जबलपुर देश का ऐसा शहर बन गया है, जहां कचरे से भी बिजली बनाई जा रही है। जबलपुर जिले में पौधरोपण अभियान के अंतर्गत 11 लाख पौधे रोपे जाएंगे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकी, विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी, विधायक श्री सुशील कुमार तिवारी, विधायक श्री नीरज सिंह ठाकुर, विधायक श्री संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, उपाध्यक्ष श्री प्रशांत, श्री रत्नेश सोनकर, श्री राजकुमार पटेल, श्री विनोद गोंटिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}