नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 03 अगस्त 2026 सोमवार

/////////////////////////////

शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर मनाया गया सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र नीमच का 59वां स्थापना दिवस

नीमच, 2 अगस्त 2026। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र में शनिवार को 59वां स्थापना दिवस श्रद्धा, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया।

उप महानिरीक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक शौर्य स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया। श्रद्धांजलि समारोह में ग्रुप केंद्र के अधिकारियों एवं जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वीर शहीदों को सलामी दी गई और देशभक्ति से ओतप्रोत पारंपरिक गीत “वतन की राह में वतन के नौजवान शहीद हों” का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सरदार पोस्ट से लाई गई पावन मिट्टी से भरे कलश पर अधिकारियों एवं जवानों ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर राष्ट्ररक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 1968 को सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में ग्रुप केंद्र की स्थापना हुई थी। स्थापना के 59 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया। देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं राष्ट्रीय एकता की रक्षा में सीआरपीएफ की उल्लेखनीय भूमिका का स्मरण करते हुए अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्रुप केंद्र के सभी मैस में परंपरानुसार ‘बड़ा खाना’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता की।

=======

जिले में अब तक औसत 344.7 मि.मी. वर्षा दर्ज

नीमच 2 अगस्‍त 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 344.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 724.3 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 2 अगस्‍त 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 404.0 मि.मी., जावद में 278.0 मि.मी., मनासा में 14.0 मि.मी. सिंगोली में 6.4 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।

गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 659.0 मि.मी., जावद में 736.0 मि.मी., मनासा, 538.0 मि.मी., एवं सिंगोली में 964.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।

इसी प्रकार, 2 अगस्‍त 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 5.1 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच, जावद में वर्षा दर्ज नहीं हुई तथा मनासा में 14.0 मि.मी., सिंगोली में 6.4 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई।

=====

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिक्षा विजन को साकार करेगा सिंगोली का अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालय

नीमच, 2 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नीमच जिले के सिंगोली तहसील में स्थित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शासकीय सांदीपनि विद्यालय तैयार किया गया है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में विकसित यह विद्यालय जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक संसाधनों का लाभ उपलब्ध कराएगा।

लगभग 12,865 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित यह विद्यालय भूतल सहित चार मंजिला (जी+3) भवन है। विद्यालय का निर्माण आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं एवं सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। यहां विशाल कक्षाएं, पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश और बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा।

छोटे बच्चों के लिए विशेष किंडरगार्टन कक्षाएं और आकर्षक प्ले एरिया विकसित किया गया है। वहीं विज्ञान, कंप्यूटर सहित विभिन्न विषयों के अध्ययन के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए बहुउद्देशीय हॉल, योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यवस्था तथा खेलकूद के लिए 200 मीटर का रनिंग ट्रैक विकसित किया गया है।

इसके अलावा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए मिड-डे मील व्यवस्था, कैंटीन, स्वच्छ पेयजल, पृथक शौचालय तथा बस, साइकिल एवं अन्य वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। परिसर में हरित क्षेत्र और उद्यान भी विकसित किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण मिल सके।

शासकीय सांदीपनि विद्यालय केवल एक नया विद्यालय भवन नहीं है, बल्कि आधुनिक शिक्षा, बेहतर अधोसंरचना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह विद्यालय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जिले के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया केंद्र बनेगा।

======

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}