कटौती से आक्रोश, रात में डिंपल चौराहा पर व सुबह मेलखेड़ा चौपाटी पर किया जाम

कटौती से आक्रोश, रात में डिंपल चौराहा पर व सुबह मेलखेड़ा चौपाटी पर किया जाम
शामगढ़। क्षेत्र के अधिकांश गांवों में रात के समय अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश हैं। सोमवार देर रात ग्रामीणों ने शामगढ़ में डिंपल चौराहा पर चक्काजाम किया था। मंगलवार को मेलखेड़ा चौपाटी पर ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। जिसके चलते शामगढ़ मंदसौर व भानपुरा की और आने- जाने वालों वाहनों की लाइन लग गई।
जानकारी के अनुसार चंदवासा में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली बिलो की वसूली एवं अवैध विद्युत कनेक्शन काटने पर सहायक यंत्री दुर्गेशसिंह चौहान के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े तक फाड़ दिए। बहुत देर तक घटनास्थल पर विवाद चलता रहे, माहोल गर्मा गया। सहायक यंत्री के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में विद्युत वितरण कंपनी अधिकारियों ने चंदवासा चौकी पर पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ आवेदन दिया। चौकी प्रभारी ने आवेदन शामगढ़ पुलिस को भेज दिया। बाद में सभी शामगढ़ पुलिस थाने पर पहुंच गए।
विद्युत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चार-पांच सहायक यंत्री कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर मारपीट करने वालों के खिलाफ आवेदन दिया। दोपहर 12 बजे की घटना के बाद पुलिस ने शाम पांच बजे तक एफ़आईआर तक नहीं दर्ज हुई, न ही मेडिकल करवाया गया। मारपीट एवं विद्युत कटौती को लेकर विधायक हरदीपसिंह डंग पर भी दबाव बढ़ा तो पुलिस कार्रवाई में शिथिलता बरती गई। जिसके चलते पुलिस ने शाम तक कोई कार्रवाई नही की।
विद्युत कंपनी के अनिल पाटीदार ने बताया कि चंदवासा में सहायक यंत्री दुर्गेशसिंह चौहान जो कि वसूली के लिए गए थे उनके साथ मारपीट हुई हैं। आवेदन आया हैं, पुलिस को अवगत करवाया हैं। शामगढ़ में देर रात डिंपल चौराहा पर सगोरिया, आंकली शिवदास सहित आसपास के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर चक्काजाम किया। बाद में पुलिस की समझाईश के बाद सभी चले गए।
ग्राम मकड़ावन के किसान गोपाले व्यास, ग्राम बरखेड़ा राठौर के पूर्व सरपंच नंदलाल खारोल, आंकली दीवान से डा. हजारीलाल पाटीदार, सगोरिया से सरपंच रामसिंह चौहान आदि ने बताया कि रात के समय विद्युत कंपनी द्वारा कटौती की जा रही हैं। जबकि बारीश का समय हैं, ऐसे में जीव-जंतुओं का खतरा भी रहता हैं। घंटों तक कटौती से बहुत परेशानियां हो रही हैं।
विद्युत कंपनी के अधिकारी डीई अनिल पाटीदार ने कटौती को स्वीकारते हुए कहा कि लोड शेडिंग के चलते समस्या आ रहीं हैं।



