नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 26 जुलाई 2026 रविवार

/////////////////////////////////

अंतरिम जमानत के लिये फर्जी दस्तावेज बनाने वाले 03 आरोपीयों को 07-07 वर्ष का सश्रम आजीवन कारावास

मनासा। श्री आशुतोष यादव, द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, मनासा, जिला-नीमच द्वारा अपने निर्णय में अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाने के लिये फर्जी मेडिकल के दस्तावेज बनवाने वाले पिता-पुत्र (1) अमरलाल पिता मथुरालाल मालवीय, उम्र-55 वर्ष व (2) दीपक पिता अमरलाल मालवीय, उम्र-37 वर्ष, दोनो निवासी-ग्राम बर्डिया, तहसील-मनासा, जिला नीमच को धारा 420 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास व 1000-1000 रूपयेे के अर्थदण्ड, धारा 467, 468, 120बी, 471 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 07-07 वर्ष के सश्रम कारावास व 1000-1000 रूपयें के अर्थदण्ड से दण्डित किया तथा फर्जी मेडिकल दस्तावेज बनाने वाले आरोपी (3) रोहित पिता बैजनाथ यादव, उम्र-33 वर्ष, आजाद नगर, जिला-भीलवाड़ा (राजस्थान) को धारा 420 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 5 वर्ष के सश्रम कारावास व 1000 रूपयेे के अर्थदण्ड तथा धारा 467, 468 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 07 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 1000-1000 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ रितेश कुमार सोमपुरा द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि एनडीपीएस के थाना मनासा के एक अपराध में आरोपी अमरलाल गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में था, जिसको उसकी पत्नी के ईलाज हेतु माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश से अंतरिम जमानत पर 01 माह के लिये रिहा किया गया था। आरोपी अमरलाल द्वारा फिर से अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाये जाने हेतु इस आधार पर माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में आवेदन लगाया गया था कि उसके पैर में एसीएल टीयर नाम की बीमारी व फ्रैक्चर हो गया हैं। आरोपी ने आवेदन के साथ मालू हॉस्पीटल, भीलवाड़ा में ईलाज के दस्तावेज, चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, पांव में प्लास्टर चढ़े हुवे दो फोटो व उसके पुत्र आरोपी दीपक का इस संबंध में शपथ-पत्र भी न्यायालय में प्रस्तुत किया था। माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा आरोपी अमरलाल द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का वैरिफीकेशन किये जाने का आदेश दिया गया तथा वैरिफीकेशन होने तक आरोपी को अंतरिम जमानत प्रदान कि गई। आरोपी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का वैरिफिकेशन किये जाने पर समस्त दस्तावेज फर्जी होना पाये गये, जिस कारण माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश पर से आरोपी के विरूद्ध थाना मनासा में अपराध पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पता चला कि दोनो आरोपी पिता-पुत्र के द्वारा अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाये जाने के लिये ईलाज के फर्जी दस्तावेज बनवाये गये हैं। दोनो आरोपीगण को गिरफ्तार किया गया तथा पुछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि आरोपी अमरलाल को पुनः जेल न जाना पड़े इस उद्दैश्य से उन्होंने फर्जी दस्तावेज मालू हॉस्पीटल, भीलवाड़ा (राजस्थान) के नर्सिग स्टॉफ के कर्मचारी आरोपी रोहित यादव को 10000रूपये लेकर बनवाये थे। इस आधार पर आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार किया गया तथा उसके संबंध में आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर अनुसंधान पूर्ण किया गया तथा अभियोग-पत्र मनासा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

विचारण के दौरान अपर लोक अभियोजक गुलाबसिंह चंद्रावत द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराये गये व जेल नही जाना पड़े इसलिये अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाने के लिये फर्जी मेडिकल दस्तावेज बनाये जाने के अपराध को आरोपीगण विरूद्ध अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया। न्यायालय द्वारा अपराध की गंभीरता को देखते हुवे आरोपीगण कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया गया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी अपर लोक अभियोजक गुलाबसिंह चंद्रावत द्वारा की गई।

============

कृषि अधिकारियों ने किया खेतों एवं शासकीय कृषि प्रक्षेत्र का निरीक्षण

खरीफ फसलों की स्थिति का लिया जायजा, वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन एवं समयबद्ध खरपतवार नियंत्रण के दिए सुझाव

नीमच, 25 जुलाई 2026। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री नगीनसिंह रावत के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों के संयुक्त दल ने शुक्रवार को मनासा एवं रामपुरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के साथ ही शासकीय कृषि प्रक्षेत्र महागढ़ का निरीक्षण कर खरीफ फसलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।

संयुक्त दल ने ग्राम दूधलई, जन्नोद, लसुडिया इस्तमुरार, हरीपुरा सहित आसपास के विभिन्न गांवों के खेतों का भ्रमण कर सोयाबीन, मक्का, मूंगफली एवं उड़द की फसलों का निरीक्षण किया। विगत चार-पांच दिनों से हुई लगातार वर्षा के कारण खरीफ फसलों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान मिट्टी में नमी तथा फसलों में कीट एवं रोगों की संभावित स्थिति का आकलन किया गया। किसानों को फसलों की नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकता होने पर वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुरूप समय पर नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने अधिक खरपतवार प्रभावित खेतों में समय पर निंदाई-गुड़ाई कराने की सलाह देते हुए वर्तमान मौसम के अनुरूप फसलों के समुचित प्रबंधन एवं आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय अपनाने पर बल दिया।

इसके पश्चात संयुक्त दल ने शासकीय कृषि प्रक्षेत्र महागढ़ का निरीक्षण कर सोयाबीन फसल की स्थिति, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा प्रक्षेत्र में चल रहे खरपतवारनाशी स्प्रे कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान फसलों की नियमित मॉनिटरिंग, वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन एवं समयबद्ध खरपतवार नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि फसलों की स्वस्थ वृद्धि एवं बेहतर उत्पादन सुनिश्चित हो सके।

भ्रमण के दौरान किसानों को उर्वरक वितरण की ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन बुक करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। किसानों ने बताया कि इस व्यवस्था से उन्हें उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा हो रही है तथा निर्धारित मूल्य पर पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध हो रही है।

उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की कि उर्वरक, बीज अथवा कीटनाशक दवाइयां खरीदते समय विक्रेता से पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई विक्रेता बिल देने से इनकार करे अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल करे, तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

========

गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा अंतर्गत करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक व्याख्यान आयोजित

स्पष्ट लक्ष्य,अनुशासन और सतत अध्ययन से ही बनता है सफल व्यक्तित्व : सीईओ जेडपी श्री वैष्णव

नीमच, 25 जुलाई 2026। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), नीमच में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका का बोध कराया तथा जीवन में अनुशासन, सतत अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को सफलता का मूल मंत्र बताया।

उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम, सीखने की ललक, तकनीकी दक्षता तथा श्रेष्ठ मार्गदर्शन ही व्यक्ति को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, प्रशासनिक सेवाओं एवं विभिन्न रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी देते हुए स्वयं को समय के अनुरूप निरंतर विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रमुख आधार है। प्रत्येक शिक्षक को अपने कार्यकाल के दौरान यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसके योगदान से समाज और राष्ट्र को सकारात्मक दिशा मिले।

व्याख्यान के दौरान प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने सरल, व्यवहारिक एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती गायत्री सापेड़िया ने तथा आभार प्रदर्शन सुश्री वर्षा भारती ने किया। कार्यक्रम में डाइट परिवार के संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं लगभग 105 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

डाइट नीमच में 15 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता, योग एवं ध्यान, स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 27 जुलाई को भाषण प्रतियोगिता तथा 29 जुलाई को समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। इस पखवाड़े का उद्देश्य भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा, नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है।

===========

एसपी कप फुटबॉल टूर्नामेंट के जरिए युवाओं को मिलेगा नशामुक्ति का संदेश

पांच दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ आज,जिले की 17 टीमें लेंगी भाग

नीमच,25 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0” के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने तथा उन्हें खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पुलिस नीमच द्वारा “एसपी कप फुटबॉल टूर्नामेंट” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 26 से 30 जुलाई 2026 तक दशहरा मैदान, नीमच में आयोजित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। प्रतियोगिता में जिले की 17 फुटबॉल टीमें भाग लेंगी, जो खेल भावना के साथ-साथ नशामुक्ति का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाएंगी।

टूर्नामेंट की तैयारियों के संबंध में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने पुलिस कंट्रोल रूम में विभिन्न फुटबॉल क्लबों के सचिवों की बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी टीमों से खेल भावना एवं अनुशासन के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

जिला पुलिस द्वारा अभियान के दौरान प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों के प्रति प्रेरित करने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की एक अभिनव पहल है।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने आमजन से अपील की है कि वे “नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0” को जनभागीदारी का अभियान बनाएं। स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

=========

ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण द्वारा केंद्र सरकार का पुतला दहन कर दिया राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन


नीमच – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण द्वारा ग्राम धनेरिया कला में रैली साथ और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर केंद्री शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की माँग की और दिल्ली में कांग्रेस के नैताओ व छात्रो द्वारा शांति पूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने पर उनके साथ अलोकतांत्रिक व्यवहार के ख़िलाफ़ ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पटवारी को दिया गया । ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत पाटीदार ने ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया से माँग की 1.केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफ़ा दे।
2.परीक्षा में हुई अनियमितताओं और उन व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा हो जिन्होंने लाखों छात्रों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है।
3.नई दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR और आपराधिक मामलों को तुरंत वापस लिया जाए।
रैली, विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत पाटीदार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री मति मधु बंसल, ब्लॉक प्रभारी हिदायत उल्लाह खान, मंडलम अध्यक्ष बाबूलाल अहीर, देवेंद्र पटेल , दशरथ अहीर ,विष्णु पाटीदार, रघुनंदन पाटीदार, दिलीप जोशी, पूरण पाटीदार , वीपी सिंह, कन्हैया लाल विश्वकर्मा, पंचायत अध्यक्ष बंटी अहीर , कन्हैया लाल विश्वकर्मा, सत्यनारायण भील , मदन लाल जाटव, राजेश धाकड़, नंदकिशोर धाकड़ ,बलवंत सिंह भाटी, हीरालाल मारू ,बालमुकंद शर्मा,घनश्याम अजमेरा, राहुल विश्वकर्मा ,मदनलाल नायक, फुल चंद्र अहीर, रतनलाल तंवर, मोहम्मद सलीम मंसूरी, राजू नायक, राजेश अहीर, मुकेश राव, रामचंद्र तूगनावत, मोहनलाल धनगर ,पवन पाटीदार,अशोक शर्मा,रमेश मारू,अजय अहीर,राजू नायक,प्रवीण राठौर, इमरान,मुकेश अहीर , महिला शक्ति अनुसुइया बाई, लीला बाई, शेरबानो, ऊषा देवी, सोहन बाई शारदा बाई आदि कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे । ज्ञापन का वाचन पूर्व सरपंच विष्णु पाटीदार ने किया ।

========

धनगांव में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित, 53 मरीजों को मिला उपचार एवं परामर्श

नीमच, 25 जुलाई 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय थड़ोद द्वारा ग्राम धनगांव में शनिवार को निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया।

शिविर के दौरान मरीजों के रक्तचाप (बीपी) एवं रक्त शर्करा (शुगर) की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही श्वास, कास, अग्निमांद्य, आध्मान, चर्मरोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, शिरशूल, प्रवाहिका, उदरशूल, अर्श, प्रदर, दाद, अम्लपित्त, प्रतिश्याय एवं विवन्ध सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, नशा मुक्ति, तनाव प्रबंधन तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के संबंध में भी जागरूक किया गया।

शिविर में डॉ.आर.पी.वर्मा एवं श्रीमती संजू भदौरिया ने अपनी सेवाएं प्रदान की। शिविर का लाभ कुल 53 हितग्राहियों ने प्राप्त किया।

============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}