समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 25 जुलाई 2026 शनिवार

जीवन धारा शिविर का आयोजन 01 अगस्त को मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा
थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और परिवार जनों की निःशुल्क जांच एवं उपचार होगा
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
मेडिकल कॉलेज के डॉ ध्रुवेंद्र पांडे ने बताया कि रतलाम जिले में जीवन धारा शिविर का आयोजन 1 अगस्त को डॉ लक्ष्मी नारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम में किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत डीन डॉ अनीता मुथा के मार्गदर्शन में मेंदांता फाउंडेशन, रेड क्रॉस सोसाइटी और काकानी फाउंडेशन, क्लिंटन फाउंडेशन के सहयोग से रतलाम जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित सभी बच्चों की स्क्रीनिंग कर आवश्यक जांच उपचार सेवाएं दी जाएगी।
शिविर के दौरान गुड़गांव के विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को चिन्हित कर उनका बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन गुड़गांव के अस्पताल में कराया जाएगा। शिविर के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ की सेवाएं जेनेटिक काउंसलिंग की सेवा, आभा आईडी बनाने की व्यवस्था, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए डिसेबिलिटी प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था, पैथोलॉजिस्ट की व्यवस्था, थैलेसीमिया के संबंध में उच्च स्तरीय जांच की व्यवस्था, उपलब्ध रहेगी। मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ अनीता मुथा ने थैलेसीमिया से पीड़ित सभी बच्चों एवं उनके परिवारजनों से शिविर में आवश्यक रूप से उपस्थित होकर सेवाएं प्राप्त करने की अपील की है।
=======
29 जुलाई को आईटीआई रतलाम में होगा प्लेसमेंट कैंप
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रतलाम ने बताया कि संस्था में एस आर एफ लिमिटेड पीथमपूर प्लांट के लिए पुरुष एवं महिला प्रशिक्षणार्थियों हेतु प्लेसमेंट कैंपस का आयोजन किया जा रहा है।
प्लेसमेंट कैंप में आईटीआई के सभी मैकेनिकल ट्रेड, मैकेनिक इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रीशियन एवं सीओपीए ट्रेड के प्रशिक्षणार्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 12 माह की अप्रेंटिसशिप अवधि के लिए 14,500 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है।
इच्छुक प्रशिक्षणार्थी दिनांक 29 जुलाई को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सज्जन मिल के सामने, सैलाना रोड, रतलाम में उपस्थित होकर केम्पस मे भाग ले सकते है। पंजीयन लिंक https://forms.gle/5hTFmznLjc9Y5ZsU8 है।
आवेदक अपने समस्त मूल प्रमाण-पत्रों सहित अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों को लेकर आई. टी. आई. परिसर प्रातः 10ः00 बजे उपस्थित हो सकते है। भर्ती कंपनी द्वारा अपनी शर्तों पर की जाएगी।
======
महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को विभिन्न हितग्राही योजनाओं का मिला लाभ
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक स्तर पर 17,098 तथा स्नातकोत्तर स्तर पर 5,081 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न हितग्राही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले के महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर 17,098 तथा स्नातकोत्तर स्तर पर 5,081 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था।
गांव की बेटी योजना के अंतर्गत 1,878 छात्राओं को 93 लाख 90 हजार रुपए, प्रतिभा किरण योजना में 131 छात्राओं को 6 लाख 55 हजार रुपए, अनुसूचित जनजाति छात्रवृत्ति के तहत 3,457 विद्यार्थियों को 3 करोड़ 52 लाख 142 रुपए, अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति के अंतर्गत 1,709 विद्यार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 98 हजार 691 रुपए, पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति के तहत 3,098 विद्यार्थियों को 2 करोड़ 65 लाख 25 हजार 421 रुपए, आवास सहायता (अजजा/अजा) के अंतर्गत 5,129 विद्यार्थियों को 5 करोड़ 85 लाख 29 हजार रूपए, मुख्यमंत्री मेधावी योजना के अंतर्गत 385 विद्यार्थियों को 39 लाख 40 हजार रुपए, मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना अंतर्गत 127 विद्यार्थियों को 12 लाख 81 हजार 500 रूपए, एकीकृत प्रोत्साहन योजना अंर्तगत 6 विद्यार्थियों को 30 हजार रूपए तथा निःशुल्क पुस्तक एवं स्टेशनरी योजना अंतर्गत 2054 विद्यार्थियों को 11 लाख 96 हजार 43 रूपये की सहायता प्रदान की गई।
वर्तमान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए गांव की बेटी, प्रतिभा किरण, मुख्यमंत्री मेधावी योजना, छात्रवृत्ति एवं अन्य हितग्राही योजनाओं के आवेदन भी आमंत्रित किए जा रहे हैं। पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा में विद्यालयों में प्रवेश लेकर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
=======
एएनएम रईसा बेगम को किया तत्काल प्रभाव से निलंबित
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने पर कि गई कार्यवाही
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में शहरी क्षेत्र के मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण, शिशु स्वास्थ्य, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, एनसीडी एवं आयुष्मान निरामयाम योजना की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वार्ड क्रं 27 में पदस्थ एएनएम श्रीमती रईसा बेगम ने संबंधित वार्ड की गर्भवती महिलाओं का पंजीयन एवं प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उपचार, नियमित टीकाकरण, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा द्वारा एएनएम श्रीमती रईसा बेगम वार्ड क्रं 27 रतलाम शहर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रावटी विकासखंड बाजना को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण अधिनियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन काल में श्रीमती रईसा बेगम का मुख्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैलाना जिला रतलाम होगा एवं नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होेगी।
=======
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर संविदा एएनएम सुमित्रा गामड़ की सेवा समाप्ति की अनुशंसा की गई
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में शहरी क्षेत्र के मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण, शिशु स्वास्थ्य, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, एनसीडी एवं आयुष्मान निरामयाम योजना की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वार्ड क्रमांक 28 में पदस्थ संविदा एएनएम श्रीमती सुमित्रा गामड़ अप्रैल 2026 से सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित होने के कारण संबंधित वार्ड के गर्भवती महिलाओं का पंजीयन एवं प्रसव पूर्व जांच एएनसी, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उपचार, नियमित टीकाकरण, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा द्वारा संविदा एएनएम श्रीमती सुमित्रा गामड़ वार्ड क्रमांक 28 रतलाम शहर उप स्वास्थ्य केन्द्र ढिकवा विकासखंड रतलाम ग्रामीण को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के संविदा मानव संसाधन मैन्युअल-2025 के शास्ति संबंधी प्रावधानों के तहत संबंधित संविदा एएनएम की सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की गई।
=====
प्रभारी मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 25 जुलाई को सुबह रतलाम आयेंगे
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एंव पुर्नवास मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 25 जुलाई को सुबह रतलाम आयेंगे। तय कार्यक्रम अनुसार प्रातः 07.00 बजे इंदौर से बिरमावल जिला रतलाम के लिये प्रस्थान करेंगे। प्रातः 11.30 बजे बिरमावल जिला रतलाम में आगमन होगा। तत्पश्चात संदीपनि उमावि विद्यालय के भवन लोकापर्ण कार्य एवं गुरुपूर्णिमा उत्सव में शामिल होंगे। दोपहर 01.30 बजे ग्राम बिरमावल से रतलाम के लिये प्रस्थान करेंगे। दोपहर 02.30 बजे रतलाम आगमन (आरक्षित) होगा। दोपहर 03.25 बजे रतलाम से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
=======
प्रभारी मंत्री 25 जुलाई को करेंगे नवीन सांदीपनि विद्यालय, बिरमावल का लोकार्पण
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026

जिले के नवीन सांदीपनि विद्यालय, बिरमावल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण 25 जुलाई को जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कुंवर विजय शाह द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत “सांदीपनि उत्सव” का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी, रतलाम सिमरन सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस विद्यालय भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है। नवीन भवन के प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। प्रभारी मंत्री द्वारा विद्यालय भवन का लोकार्पण कर उसका अवलोकन भी किया जाएगा।
सांदीपनि विद्यालय, बिरमावल में विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, विशाल एवं हवादार कक्षाएं, मल्टीपर्पज हॉल, संगीत कक्ष, कला, नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सुविधाएं, खेल मैदान, इनडोर एवं आउटडोर खेलों की व्यवस्था, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा, सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षित परिसर, दिव्यांगजन-अनुकूल अधोसंरचना, स्वच्छ पेयजल, पृथक शौचालय, आधुनिक फर्नीचर तथा ई-लर्निंग संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
-===========
जिले में अब तक 275.25 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 275.25 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में रतलाम जिले में 7.63 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले 24 घन्टों में आलोट में 4.00 मि.मी., जावरा में 2.00 मि.मी., ताल में 3.0 मि.मी., पिपलोदा मे 8.0 मि.मी., बाजना में 6.0 मि.मी., रतलाम में 17.0 मि.मी., रावटी में 6.0 मि.मी. एवं सैलाना में 15.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।
विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र आलोट में 318.0 मि.मी., जावरा में 304.0 मि.मी., ताल में 248.0 मि.मी., पिपलोदा में 348.0 मि.मी., बाजना में 169.0 मि.मी., रतलाम में 365.0 मि.मी., रावटी में 195.0 मि.मी. एवं सैलाना में 264.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।
=========
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जिले के 37 हजार 448 पेंशन के हितग्राहियों को 2 करोड़ 24 लाख का हितलाभ प्रदान किया
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पन्ना जिले से राज्य शासन की पेंशन योजनाओं के लगभग 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को माह जून 2026 पेड इन जुलाई, 2026 की कुल राशि रूपये 210.45 करोड़ का हितलाभ वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया। जिसका सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में हितग्राहियों ने देखा और सुना।
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग रतलाम ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना अंतर्गत 1837 हितग्राहियों को 600 रुपए प्रतिमाह के मान से 11 लाख 2 हजार रुपए, बहु मानसिक आर्थिक सहायता योजना अंतर्गत 1500 हितग्राहियों को 9 लाख रुपए, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत 9926 हितग्राहियों को 59 लाख 55 हजार रुपए, मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना अंतर्गत 24170 हितग्राहियों को 1 करोड़ 45 लाख 2 हजार रुपए तथा मुख्यमंत्री अविवाहित पेंशन योजना अंतर्गत 15 हितग्राहियों को 90 हजार रुपए की राशि का वितरण किया गया है।
इस प्रकार जिले में कुल 37448 हितग्राहियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत कुल 2 करोड़ 24 लाख की राशि का वितरण किया गया है।
=======
युवाओं के लिए मध्यप्रदेश के 4 महानगरों में प्रारंभ होंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को लगभग 210 करोड़ राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पन्ना में पर्यटन बढ़ाने के लिए नदी पर बने अनोखे ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री ने पन्ना में 184.83 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण
रतलाम : शुक्रवार, जुलाई 24, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी गौरवशाली संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विश्व कल्याण के लिए प्रयास कर रहा है। हमारी संस्कृति में सबके कल्याण और मानवता से प्रेम करने की बात कही गई है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने युवाओं के हित में उनकी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश के चारों महानगरों- भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में इसी प्रकार के फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अगले साल पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा। नीट के अभ्यर्थियों को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पन्ना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को लगभग 210 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। उन्होंने प्रतीक स्वरूप विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितग्राहियों एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को कृषि कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में हल भेंट कर सम्मानित किया गया।
पलायन रूका, अब बुंदेलखंड को समृद्ध बनाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती सर्वश्रेष्ठ है। यह महाराज छत्रसाल, वीर आल्हा-ऊदल की धरती है। सौभाग्यशाली व्यक्ति ही ऐसी पुण्य धरा पर आ सकता है। यहां पन्ना में धरती के नीचे हीरा निकलता है, लेकिन धीरे-धीरे पानी की कमी होती गई। लोगों ने पलायन शुरू कर दिया, जिसे हमारी सरकार ने रोका। अब हमारी सरकार ने बुंदेलखंड की समृद्धि के लिए भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प के अनुसार अंतर्राज्यीय केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत की है। केंद्र सरकार ने 1 लाख करोड़ की इस परियोजना के लिए 90 प्रतिशत राशि देने की स्वीकृति प्रदान की। नदी जोड़ो परियोजना किसानों के लिए समृद्धि लेकर आएगी। राज्य सरकार ने तय किया है कि ऐसी परियोजनाओं में किसी की जमीन, मकान और दुकान आती है तो उसे उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस परियोजना से बुंदेलखंड परिदृश्य बदलने वाला है। किसान अपनी जमीन बेचने का विचार मन में न लाएं। खेती के मामले में यह क्षेत्र अब पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा।
पन्ना क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ाएगा नया अनोखा ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पन्ना के बृहस्पति कुंड पर 8 करोड़ लागत से सौंदर्यीकरण के अंतर्गत निर्मित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। पन्ना में निर्मित यह कांच के फ्लोर वाला व्यू प्वाइंट यहां के पर्यटन को बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसे देखने देश-विदेश से लोग आएंगे। भारत के पर्यटकों को भी अन्य देशों में जाने की आवश्यकता नहीं है। यहां के प्राकृतिक जल प्रपात पर्यटन में वैश्विक केंद्र बनने के योग्य हैं।
दो सांदीपनि विद्यालयों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुल 184.83 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इन कार्यों में गुन्नौर और पवई के 74 करोड़ रुपए लागत के 2 सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय देश में सबसे अच्छे विद्यालय हैं। प्रदेश में भव्य सांदीपनि विद्यालय बनाए गए हैं। यह विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रतीक हैं। सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारों के साथ शिक्षा दी जा रही है।
युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में लगभग 10 हजार नए पद मंजूर किए हैं। पिछले साल 8 हजार पदों पर भर्ती की गई। प्रदेश में कुल एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को नौकरी के अवसर मिले हैं। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ना चाहती है। किसान पशुपालन और दूध उत्पादन के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकते हैं। राज्य में अभी 12 प्रतिशत दूध उत्पादन है, इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। किसान खेती से लाभ कमाएं, दूध उत्पादन से आय बढ़ाएं और मछली उत्पादन से भी फायदा कमा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। बुंदेलखंड में औद्योगिक गतिविधियां को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। पन्ना में हजारों करोड़ का निवेश आ रहा है। सागर संभाग में ही बीना में रिफाइनरी के विस्तार का कार्य भी हुआ है। खेत से लेकर फैक्ट्री और फिर निर्यात तक हमारी सरकार हर क्षेत्र में कार्य कर रही है।
समान नागरिक संहिता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के पास जगदीशपुर कभी इस्लामनगर के रूप में जाना जाता था, जहां से पहली बार शरिया कानून प्रदेश की धरती पर लागू हुआ था, लेकिन हमारी सरकार ने उसी धरती पर कैबिनेट आयोजित कर एक समान कानून (यूसीसी) लागू करने के लिए विधेयक को मंजूरी दी। विधानसभा में भी विधेयक पारित हो चुका है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता प्रभावी हो जाने के बाद अगर राम एक विवाह करेगा तो रहीम को भी एक ही शादी करनी पड़ेगी। मध्यप्रदेश में धर्म के आधार पर नागरिकों के लिए अलग-अलग कानून की कोई आवश्यकता नहीं है। यूसीसी से मुस्लिम बहनों को भी तलाक के मामलों में राहत मिलेगी। अब तलाक सिर्फ कोर्ट के माध्यम से ही होगा। हमारे लिए कलाई पर राखी बांधने वाली सभी बहनें एक समान हैं। चाहे वह किसी भी धर्म की क्यों न हों। इसी भाव से राज्य सरकार हर माह लाड़ली बहना योजना के माध्यम से पात्र बहनों को 1500 रुपए की राशि प्रदान कर रही है। राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। किसानों को सम्मान निधि और विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिल रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं
जुगलकिशोर मंदिर में सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
महाराज छत्रसाल स्टेडियम को सर्वसुविधा युक्त बनाया जाएगा।
बृजपुर में महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा।
सड़क एवं पुल निर्माण के नए कार्य भी होंगे।
कार्यक्रम में विधायक श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में जहां प्रदेश की जनता के हित में एक समान कानून लागू करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है वहीं मंत्रि-परिषद ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के विस्थापितों के लिए मुआवजे की पर्याप्त राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पन्ना जिले को कृषि महाविद्यालय और चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात दी है।
कार्यक्रम में खजुराहो संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पांडे, जिलाध्यक्ष श्री बृजेंद्र मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



