ऑपरेशन मुस्कान के तहत मनासा पुलिस की बड़ी सफलता, चंद घंटों में दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल खोजकर परिजनों को सौंपा
मनासा
पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मनासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लापता हुई नाबालिग बालिकाओं को चंद घंटों के भीतर सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दोनों मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से बालिकाओं का सुरक्षित पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को एक फरियादी ने अपनी पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जबकि दूसरे मामले में एक किशोरी स्कूल जाने का कहकर घर से निकली और वापस नहीं लौटी। दोनों मामलों में थाना मनासा पर अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित क्षेत्रों में तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों बालिकाओं को सकुशल खोज निकाला गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उप निरीक्षक सपना राठौड़, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार, गोविंद सिंह राठौड़, महिला प्रधान आरक्षक रेखा गुर्जर, महिला आरक्षक सपना शक्तावत, आरक्षक राजमल कुमावत तथा सायबर शाखा नीमच की टीम की सराहनीय भूमिका रही।



