समाचार मध्यप्रदेश नीमच 11 जुलाई 2026 शनिवार

/////////////////////////////////////////////
जनसुनवाई के आवेदनों का मौके पर पहुंचकर किया जा रहा समाधान
नीमच, 10 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व अमला संबंधित विभागों के समन्वय से मौके पर पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है।
इसी क्रम में गत मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बिसलवास खुर्द निवासी द्वारा शासकीय बंद नाले को खुलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पटवारी हल्का क्रमांक-5, बिसलवास खुर्द में राजस्व अमले की उपस्थिति में जेसीबी मशीन के माध्यम से शासकीय नाले को खुलवाकर जल निकासी की समस्या का समाधान कराया गया।
इसी प्रकार ग्राम गुलाबखेड़ी, पटवारी हल्का क्रमांक-41 में पानी निकासी संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ था। इस पर राजस्व अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से चर्चा की गई तथा आपसी सहमति से पानी निकासी संबंधी विवाद का निराकरण कराया गया।
वहीं, ग्राम चीताखेड़ा निवासी रमेश राठौड़ एवं नारायण राठौड़ द्वारा रास्ता विवाद संबंधी आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में तहसीलदार जीरन के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की तथा रास्ता विवाद का सफलतापूर्वक निराकरण कराया।
उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयास से रास्ता संबंधी विवादों के निराकरण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत राजस्व अमला एवं पुलिस संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर प्रकरणों का निराकरण कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित रास्ता विवादों का समाधान हो रहा है तथा आमजन को राहत मिल रही है।
===============
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बनी मुस्कान के सपनों का संबल
शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि से निर्बाध जारी है उच्च शिक्षा की राह
नीमच, 10 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रदेश की बेटियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से दी जा रही शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि अनेक बालिकाओं के लिए शिक्षा का मजबूत आधार बन रही है।
नीमच नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी मुस्कान धनगर भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपनी शिक्षा आत्मविश्वास के साथ जारी रखे हुए हैं। मुस्कान को योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं में 2 हजार रुपये, कक्षा 9वीं में 4 हजार रुपये, कक्षा 11वीं एवं 12वीं में 6-6 हजार रुपये तथा महाविद्यालयीन शिक्षा के लिए 12 हजार 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है।
मुस्कान बताती हैं कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहायता से उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी है। पुस्तकों, अध्ययन सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति में यह राशि उपयोगी सिद्ध हुई है। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ भी कम हुआ और उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने का आत्मविश्वास मिला।
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को शिक्षा के विभिन्न चरणों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो।
मुस्कान धनगर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस योजना से उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में बड़ी सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना बेटियों के सपनों को साकार करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है, जो उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
=======
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय आज नीमच प्रवास पर रहेंगे
नीमच, 10 जुलाई 2026। नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय शनिवार, 11 जुलाई 2026 को नीमच प्रवास पर रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री श्री विजयवर्गीय प्रातः 9 बजे इंदौर से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे नीमच पहुंचेंगे तथा यहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके पश्चात वे दोपहर 2:30 बजे नीमच से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे।
=============
अखबारों की रद्दी एवं अनुपयोगी सामग्री की नीलामी हेतु दरें आमंत्रित
नीमच 10 जुलाई 2026, जिला जनसंपर्क कार्यालय, नीमच द्वारा पुराने समाचार-पत्र, पत्रिकाएं, समाचार कतरनें तथा अनुपयोगी सामग्री, जिसमें लकड़ी एवं लोहे की कुर्सियां, लकड़ी की बड़ी टेबल, गोदरेज टाइपराइटर, डुप्लीकेटिंग मशीन एवं सैमसंग टीवी शामिल हैं, की नीलामी 17 जुलाई 2026 को की जाएगी।
इच्छुक व्यक्ति अथवा फर्म 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे तक अपनी दरें सीलबंद लिफाफे में जिला जनसंपर्क कार्यालय, नीमच में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ ₹2,000 (दो हजार रुपये) की अर्नेस्ट मनी नगद जमा कराना अनिवार्य होगा।
प्राप्त निविदाओं के सीलबंद लिफाफे 17 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे खोले जाएंगे। समाचार-पत्र, पत्रिकाओं एवं समाचार कतरनों के लिए एक समान दर ही मान्य होगी। नीलामी से संबंधित विस्तृत शर्तें एवं अन्य जानकारी जिला जनसंपर्क कार्यालय, नीमच तथा कलेक्टर कार्यालय, नीमच के सूचना पटल पर देखी जा सकती हैं।
========
जिले में अब तक औसत 258.2 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 10 जुलाई 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 258.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 315.1 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 333.0 मि.मी., जावद में 239.0 मि.मी., सिंगोली में 240.9 मि.मी. तथा मनासा में 220.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 293.6 मि.मी., जावद में 330.0 मि.मी., सिंगोली में 437.0 मि.मी. तथा मनासा में 200.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।
इसी प्रकार, 10 जुलाई 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई। इस दौरान नीमच, जावद, मनासा एवं सिंगोली में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
========



