मंदसौर: सीवरेज कार्य में अनियमितताओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ठेकेदार पर कार्रवाई कि मांग

मंदसौर: सीवरेज कार्य में अनियमितताओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ठेकेदार पर कार्रवाई कि मांग
मंदसौर। अमृत योजना के तहत वार्ड क्रमांक 39 में चल रहे सीवरेज कार्य में कथित अनियमितताओं और आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक विपिन जैन के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। वार्ड 39 की पार्षद श्रीमती भारती पाटीदार ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को पहले ही चेताया गया था कि उतना ही कार्य शुरू किया जाए, जिसे निर्धारित समय- सीमा में पूरा किया जा सके।इसके बावजूद पूरे वार्ड में एक साथ खुदाई कर दी गई, जिससे बारिश के मौसम में नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।पार्षद ने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रामादेवी गुर्जर तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई है।ज्ञापन के दौरान नगर पालिका प्रशासन ने जानकारी दी कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रदर्शन के दौरान ठेकेदार की ओर से भी जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया।
विधायक विपिन जैन सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ और जनता की परेशानियां दूर नहीं हुईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वार्डवासियों ने भी प्रशासन से शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है।



