
सांसद श्री दुष्यंत सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने वर्चुअल माध्यम से तथा उज्जैन सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने विक्रमगढ़ आलोट में हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ
कोटा। कोटा मंडल के रेल इतिहास में 15 जून 2026 का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पहली बार कोटा से उज्जैन तक सीधी मेमू रेल सेवा का सफलतापूर्वक शुभारम्भ किया गया। गाड़ी संख्या 61624/61623 कोटा–चौमहला मेमू सेवा का उज्जैन तक विस्तार करते हुए चौमहला एवं विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों पर भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किए गए।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि प्रथम उद्घाटन समारोह प्रातः चौमहला रेलवे स्टेशन पर सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर झालावाड़-बारां के माननीय सांसद श्री दुष्यंत सिंह तथा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं झालरापाटन विधायक श्रीमती वसुंधरा राजे ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर इस नई सेवा का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में डग विधायक श्री कालूराम, रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्री धीरज गुप्ता एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में यात्रीगण उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता श्री नवीन भूषण शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि द्वितीय उद्घाटन समारोह विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया गया, जिसमें उज्जैन के सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने हरी झंडी दिखाकर सेवा विस्तार का औपचारिक शुभारम्भ किया तथा इसी गाड़ी में नागदा तक यात्रियों के साथ सफर भी किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्री नंदन राज जैन, श्री उपेन्द्र यादव, जनपद अध्यक्ष श्री कालू सिंह एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में यात्रीगण उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री सौरभ मिश्रा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री महेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पवन कुमार श्रीवास्तव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री किशोर पटेल, मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) श्री सुनील चंदेल सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
नई समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 61624 कोटा से प्रातः 5:40 बजे प्रस्थान कर रामगंज मंडी (07:05 बजे), भवानी मंडी (07:33 बजे), शामगढ़ (08:05 बजे), चौमहला (08:38 बजे), विक्रमगढ़ आलोट (09:13 बजे) एवं नागदा (10:30 बजे) होते हुए दोपहर 12:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर नागदा (14:10 बजे), चौमहला (15:25 बजे), शामगढ़ (15:53 बजे), भवानी मंडी (16:28 बजे) एवं रामगंज मंडी (16:58 बजे) होते हुए सायं 19:05 बजे कोटा पहुंचेगी।
श्री जैन ने बताया कि इस सेवा विस्तार से कोटा मंडल के यात्रियों को धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर उज्जैन तक बिना गाड़ी बदले सीधी यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो गई है। साथ ही नागदा जंक्शन के माध्यम से बीना एवं मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए भी बेहतर रेल संपर्क स्थापित हुआ है।



