जल गंगा संवर्धन अभियान में लसुडावन की प्राचीन बावड़ी का हुआ जीर्णोद्धार

श्रमदान कर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दिया जल संरक्षण का संदेश
मंदसौर।जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत लसुडावन में स्थित प्राचीन “ओरा की बावड़ी” की सफाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य किया गया।अभियान के तहत बावड़ी की साफ-सफाई कर उसे पुनः उसके मूल स्वरूप में लाया गया, जिससे अब यह प्राचीन जल संरचना फिर से आकर्षक दिखाई देने लगी है।इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई। जनपद अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्राचीन जल संरक्षण संरचनाएं आज भी अत्यंत प्रासंगिक एवं उपयोगी हैं। उन्होंने क्षेत्र की समस्त जल संरचनाओं एवं प्राचीन बावड़ियों की सामुदायिक सहयोग से नियमित साफ- सफाई एवं जीर्णोद्धार करने की अपील की।उन्होंने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा लंबे समय तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं परंपरागत जल स्रोतों के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।



