दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अफजलपुर रहा बंद, सर्व समाज उतरा सड़को पर

अफजलपुर में रहा बंद, सर्व समाज उतरा सड़को पर
मंदसौर जिले के ग्राम अफजलपुर में हाल ही में सामने आए विवादित घटनाक्रम को लेकर बुधवार को हिंदू समाज द्वारा एक दिवसीय नगर बंद आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजजन शांतिपूर्ण तरीके से एकत्रित हुए और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
समाजजनों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि गांव में शांति और आपसी सौहार्द बना रहे। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग भी की।
हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी समुदाय विशेष के विरोध में नहीं है, बल्कि गांव की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और न्याय की मांग को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करे, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नगर बंद के दौरान बाजार आंशिक रूप से बंद रहे तथा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी गई और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई।



