97 वर्षीय बुजुर्ग की समस्या सुनने कुर्सी छोड़ बाहर आए एसडीएम राहुल चौहान मानवीयता की हुई सराहना

राहगीर अभियान के तहत किसानों के रास्ता विवाद सुलझाने में जुटा प्रशासन
सतीश शर्मा
गरोठ। जनसुनवाई के दौरान गरोठ एसडीएम राहुल चौहान की संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली। मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में जनसुनवाई चल रही थी। इसी दौरान 97 वर्षीय बुजुर्ग श्यामलाल खाती पटेल अपनी समस्या लेकर कार्यालय पहुंचे। जैसे ही एसडीएम राहुल चौहान की नजर बुजुर्ग पर पड़ी, वे तुरंत अपनी कुर्सी छोड़कर कार्यालय के बाहर आए और अत्यंत सम्मान एवं आत्मीयता के साथ उनकी समस्या सुनी।
बुजुर्ग श्यामलाल खाती पटेल ने रास्ता विवाद से जुड़ी समस्या बताते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राहुल चौहान ने तत्काल तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि किसान की समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम राहुल चौहान के इस व्यवहार और संवेदनशीलता की बुजुर्ग किसान सहित उपस्थित लोगों ने खुलकर सराहना की। लोगों का कहना है ,कि प्रशासनिक पद पर रहते हुए भी आमजन के प्रति सम्मान और संवेदना का यह भाव प्रशासन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है।
उल्लेखनीय है, कि गरोठ एसडीएम द्वारा किसानों के रास्ता विवाद संबंधी मामलों के समाधान के लिए “राहगीर अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से लंबित रास्ता विवादों को प्राथमिकता के साथ हल किया जा रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।
क्षेत्रवासियों का मानना है, कि एसडीएम राहुल चौहान की कार्यशैली प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने वाली है। उनकी तत्परता, संवेदनशीलता और समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल से लोगों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ रहा है।



