नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 27 मई 2026 बुधवार

//////////////////////////////////////////

पेयजल समस्या का तुरंत समाधान करें, मानसून पूर्व आपदा प्रबंधन तैयार रखें’ – कलेक्टर श्री चंद्रा

समय-सीमा बैठक में सख्त निर्देश: सीएमओ करें वार्डों का रोजाना दौरा, फायर ब्रिगेड 24×7 तैयार रहे

जल स्तर घटे नलकूपों पर लगेंगे सिंगल फेस पंप, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के निर्देश

नीमच, 26 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को समय-सीमा पत्रों के निराकरण की बैठक में जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद सीईओ को पेयजल संबंधी समस्याओं का न्यूनतम समय में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, सभी डिप्‍टी कलेक्‍टर्स, सभी सीएमओ एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।

पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर: कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीएमओ अपने क्षेत्र के वार्डों का प्रतिदिन भ्रमण कर नागरिकों से संवाद करें और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण करें। यदि कहीं कोई समस्या है तो उसका न्यूनतम समय में त्वरित समाधान करें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मानसून पूर्व तैयारियों के निर्देश: कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों और सीएमओ को निर्देश दिए कि वे वर्षा के पूर्व अपने क्षेत्र में अतिवर्षा की स्थिति में जल भराव की संभावना वाले स्थानों का चिन्हांकन कर उसके प्रबंधन की तैयारियां अभी से पूरी कर लें। उन्होंने आपदा प्रबंधन की मॉकड्रिल करने तथा सभी निकायों को अपने फायर ब्रिगेड हमेशा चालू स्थिति में रखने और आवश्यकता पड़ने पर न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम में वांछित मौके पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जल स्तर घटने पर वैकल्पिक व्यवस्था: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री दीपेश वास्पत ने बैठक में बताया कि जिन नलकूपों, हैंडपंपों में जल स्तर की कमी से पेयजल समस्या की संभावना है, वहां 40 नग सिंगल फेस पंप स्थापित कर पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। दड़ोली में दो दिन में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। आम्बा व सुजानपुरा में दो दिन में सिंगल फेस पंप स्थापित कर जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। राणावतखेड़ा में भी सिंगल पंप स्थापित किया जा रहा है। आवश्यकतानुसार जल स्तर की कमी से प्रभावित हैंडपंप, नलकूपों पर भी सिंगल फेस विद्युत पंप स्थापित करने की कार्यवाही विभाग द्वारा की जा रही है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के निर्देश: कलेक्टर ने जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों का निर्माण, विक्रय एवं भंडारण करने वाले संस्थानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने और कोई अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा सभी सीएमओ को दिए।

वन विभाग की अनुमति अब ऑनलाइन: बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने बताया कि विभिन्न विभागों को अनुमति के लिए अब वन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। अनुमति भी ऑनलाइन ही प्राप्त होगी।

स.क्र./944/194/मालवीय/फोटो

==============

रात्रि चौपाल में प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण: दंतलाई में कांक्रीट रैंप तैयार,शिवपुरिया में पाइप लाइन डालने की तैयारी

चौपाल में मिले आवेदनों पर जल निगम ने की हुई कार्रवाई,

नीमच, 26 मई 2026। नीमच जिले के ग्राम टामोटी में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में पिछले दिनों आयोजित रात्रि चौपाल में प्राप्त जन-समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए प्रशासन ने तत्परता दिखाई है। रात्रि चौपाल में जल निगम से संबंधित दो प्रमुख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन पर जल निगम द्वारा कार्यवाही की की गई है-

ग्राम दंतलाई, में कार्य पूर्ण: रात्रि चौपाल में ग्राम दंतलाई में जल निगम द्वारा पाईप लाईन सुधार के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ था। ग्रामीणों की मांग पर आवश्यकतानुसार कांक्रीट रैंप बनाने का कार्य पूर्ण कर दिया गया है।

ग्राम शिवपुरिया मंदिर वाला में कार्य प्रारंभ: इस रात्रि चौपाल में ग्राम शिवपुरिया मंदिर वाला में पेयजल समस्या के समाधान हेतु आवेदन प्राप्त हुआ था। जल निगम द्वारा वर्तमान स्थिति के अनुसार पाईप लाईन बिछाने हेतु सी.सी. रोड पर कटर मशीन द्वारा कट लगा दिया गया है एवं सी.सी. ब्रेक कर पाईप लाईन बिछाने का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

रात्रि चौपाल में मौके पर प्राप्त आवेदनों पर प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही से ग्रामीणों में संतोष है। जिला प्रशासन द्वारा जन-समस्याओं के समय-सीमा में निराकरण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह जानकारी जल निगम के महा प्रबंधक श्री धीरेंद्र बिजोरिया ने दी है।

===============

गर्भवती महिलाओं की जांच में लापरवाही पड़ी भारी: सीएचसी जीरन के दो लैब टेक्नीशियन निलंबित

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी, बिना जांच रिपोर्ट देने पर कार्यवाही हुई

कलेक्टर ने कहा गर्भस्थ शिशु-माता की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

नीमच, 26 मई 2026, प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित शिविर में गर्भवती महिलाओं की जांच में घोर लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जीरन के लैब टेक्नीशियन श्री अंकित शर्मा एव सुश्री लीना सिंघाड़िया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है।

क्या है मामला: 25.05.2026 को सीएचसी जीरन में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया था। पालसोड़ा निवासी श्रीमती रीना राठौर के पति श्री अनिल राठौर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई कि लैब टेक्नीशियन श्री अंकित शर्मा एवं श्रीमती लीना सिंघाड़िया द्वारा यूरिन ब्लड शुगर एवं एल्बुमिन की जांच किए बिना ही रिपोर्ट दे दी गई। परिजनों द्वारा बनाए गए वीडियो में भी ‘यूरिन सैंपल स्टैंड पर ही रखे रहे और मिनटों में रिपोर्ट बनाकर सौंप दी गई’ यह स्पष्ट हुआ। समाचार पत्रों में भी इस संबंध में खबर प्रकाशित हुई थी।

जांच में पाई गई गंभीर लापरवाहियां: शिविर में आई गर्भवती महिलाओं की यूरिन ब्लड शुगर एवं एल्बुमिन की जांच बिना किए ही रिपोर्ट जारी कर दी गई।

शासकीय सप्लाई के यूरिन एल्बुमिन स्ट्रीप का उपयोग न करने से हितग्राही को शुगर एवं एल्बुमिन का सही तथ्य नहीं मिल सका। इससे भविष्य में Gestational Diabetes, हाइपरटेंशन, Pre-eclampsia, Eclampsia तथा Convulsion का सही उपचार नहीं हो सकता, जिससे गर्भस्थ शिशु तथा गर्भवती माता का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। गर्भस्थ शिशु की मृत्यु होना एवं गर्भवती की मृत्यु होना भी संभावित है।

मरीज के परिजन द्वारा वीडियो बनाने पर संबंधित लैब टेक्नीशियन द्वारा आनन-फानन में यूरिन सैंपलों में स्ट्रीप्स डाली गईं।

की गई कार्यवाही: उक्त कृत्य को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के अंतर्गत श्री अंकित शर्मा, लैब टेक्नीशियन, सीएचसी जीरन एवं सुश्री लीना सिंघाड़िया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र प्रभारीयों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

निलंबन अवधि में मुख्यालय: निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंगोली जिला नीमच निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

=============

कलेक्टर्स आबकारी नीति का कड़ाई से कराएं पालन: उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

नियमों का उल्लंघन करने वाली मदिरा दुकानों पर होगी सख्त कार्रवाई

नीमच 26 मई, 2026, उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने जिलों के कलेक्टर्स को आबकारी व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन ने वर्ष 2026-27 की आबकारी नीति के प्रावधानों को जमीनी स्तर पर पूरी तरह लागू करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा निर्देश दिए हैं कि आबकारी विभाग अब अवैध रूप से संचालित शॉप बार, समय सीमा के उल्लंघन और ओवर रेटिंग जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य व्यापी विशेष अभियान चलाया जाए। नियमों की अनदेखी करने वाले मदिरा ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि प्रदेश में राजपत्र में प्रकाशित नियमों के अनुसार आबकारी नीति का कड़ाई से पालन कराया जाएं। उन्होंने आबकारी विभाग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय ने सभी जिला अधिकारियों को बिंदुवार दिशा-निर्देश जारी कर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। सरकार के इस कदम से अवैध रूप से मदिरा का विक्रय और उपभोग कराने वाले तत्वों पर शिकंजा कसेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि नीतिगत प्रावधानों में प्रदेश की सभी कम्पोजिट मदिरा दुकानों को पूरी तरह ‘ऑफ श्रेणी’ का घोषित किया गया है, जिसके तहत दुकान परिसर या उसके आसपास मदिरा सेवन की सुविधा उपलब्ध कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने नियमों के उल्लंघन करने की शिकायतों की सघन जांच के लिए विशेष दलों का गठन कर औचक निरीक्षण के बाद अवैध अहातों और उपभोग स्थलों को बंद करने के निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि इसके साथ ही, मदिरा दुकानों के निर्धारित समय से पहले खुलने और बंद होने के तय वक्त के बाद भी देर रात तक मदिरा की बिक्री किए जाने के मामलों को गंभीरता से लिया गया है। राजपत्र में निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें गश्त करेंगी। वहीं, उपभोक्ताओं से तय मूल्य से अधिक राशि वसूलने यानी ओवर रेटिंग की शिकायतों पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक दुकान पर विक्रय दरों का प्रदर्शन अनिवार्य किया गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मदिरा की वास्तविक दरों के सत्यापन के लिये दुकानों पर क्यूआर कोड चस्पा किए जाएं। कोई भी ठेकेदार यदि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर मदिरा बेचता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ राजपत्र के प्रावधानों के तहत भारी जुर्माना और लाइसेंस निलंबन जैसी दंडात्मक कार्रवाई की जाएं।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा है कि प्रदेश के पवित्र घोषित किए गए नगरों और क्षेत्रों में मदिरा की अवैध बिक्री पर भी पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गये हैं। इन प्रतिबंधित क्षेत्रों में पूर्व से ही मदिरा दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के आदेश लागू हैं। अब वहां किसी भी प्रकार के शराब के अवैध परिवहन या बिक्री को रोकने के लिए निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।

=============

8वें पोषण पखवाड़े में नीमच ने रचा इतिहास: प्रदेश में द्वितीय, उज्जैन संभाग में प्रथम स्थान

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जन-आंदोलन बना पोषण पखवाड़ा

‘जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क का 85% विकास’ थीम पर हुईं

रैलियां, कार्यशालाएं एवं जन-जागरूकता

नीमच, 26 मई 2026। भारत सरकार के निर्देशानुसार 9से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित 8वें पोषण पखवाड़े में नीमच जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश में द्वितीय स्थान तथा उज्जैन संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य स्तर से जारी रिपोर्ट में जिले की इस उपलब्धि की पुष्टि की गई है।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में चला अभियान: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव की सतत् निगरानी में जिले में यह पखवाड़ा आयोजित किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया कि इस वर्ष पोषण पखवाड़े की मुख्य थीम ‘जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास’ निर्धारित थी। वैज्ञानिक तथ्यों के अनुसार, मानव मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास जन्म से 6 वर्ष की आयु तक हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवारों और समुदाय को उन व्यवहारों के प्रति जागरूक किया गया, जो बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हों।

5 प्रमुख गतिविधियों पर रहा विशेष फोकस: पोषण पखवाड़े के दौरान पांच प्रमुख गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया-

गर्भवती महिलाओं की देखभाल: प्रसव पूर्व जांच और संतुलित आहार सुनिश्चित करना।

0 से 3 वर्ष के बच्चों का विकास: संवाद और खेल के माध्यम से मस्तिष्क विकास को बढ़ावा देना। 3 से 6 वर्ष के बच्चों हेतु: खेल आधारित शिक्षा।

स्क्रीन टाइम में कमी: बच्चों के स्क्रीन टाइम में कमी लाने हेतु जागरूकता।

आंगनवाड़ी सशक्तिकरण: आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने में समुदाय की भागीदारी।

जन-आंदोलन बना पोषण पखवाड़ा: अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के व्यापक प्रयास किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हुई। इसके अंतर्गत रैलियां, पोषण पर चर्चा, दादी-नानी के अनुभव साझा कार्यक्रम और खिलौना निर्माण कार्यशालाएं आयोजित की गईं। पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की जानकारी संबंधित विभागों द्वारा पोषण अभियान के जनआंदोलन डेशबोर्ड पर निर्धारित समय-सीमा में दर्ज की गई।

समन्वय रहा सराहनीय: जिले के सभी विभागों के समन्वय से अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई थी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी को सम्मिलित कर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखने हेतु विशेष प्रयास किए गए। संपूर्ण आयोजन में परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं पोषण अभियान अमले का कार्य विशेष रूप से सराहनीय रहा।

==================

प्रधानमंत्री श्री मोदी के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई

प्रदेशवासियों की ओर से किया प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन

नीमच : 26 मई, 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्र सेवा के सफल 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, कि देशवासियों की आशा के प्रतीक प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भारत ने विकास के साथ आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, सांस्कृतिक गौरव, डिजिटल क्रांति और वैश्विक नेतृत्व के नए आयाम स्थापित किए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया से गांव-गरीब तक तकनीक की पहुंच सुनिश्चित हुई है। अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। राष्ट्र प्रथम की भावना से GYAN मंत्र में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के उत्थान तक, सीमाओं की सुरक्षा से नक्सल व आतंक मुक्त भारत के निर्णायक परिणाम तक, भारत ने अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आज भारत वैश्विक मंचों पर निर्णायक नेतृत्व कर रहा है और दुनिया भारत को विश्वास, विकास व वैभव के प्रतीक के रूप में देख रही है।

‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व राष्ट्र को निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री श्री मोदी का इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों की ओर से अभिनंदन किया है।

==============

वेदनशील कलेक्टर श्री चंद्रा : 113 समस्याएं सुनीं, तत्काल समाधान के दिए निर्देश

सुम्मीबाई को 15 हजार की मदद, ट्रांसफार्मरों से हटेगा अतिक्रमण, मृत्यु प्रमाण पत्र अविलंब जारी करे

कलेक्टर श्री चंद्रा बोले- ‘जन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, सभी ट्रांसफार्मरों का हो निरीक्षण’

नीमच, 26 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से आए 113 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

मुख्य निर्देश:जरूरतमंद महिला को रेडक्रॉस से सहायता: बालागंज निवासी जरूरतमंद महिला सुम्मीबाई को परिवार के भरण-पोषण हेतु कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच से 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश रेडक्रॉस प्रभारी को दिए।

मृत्यु प्रमाण पत्र तत्काल प्रदान करें – ग्वालटोली निवासी सुश्री हेमलता प्रजापति के पति की मृत्यु जिला अस्पताल में होने के बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वे सिविल सर्जन से समन्वय कर अस्पताल के रिकॉर्ड के आधार पर मृत्यु प्रमाण पत्र अथवा उसकी प्रतिलिपि अविलंब उपलब्ध करवाएं।

विद्युत ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सर्वोपरि:- पिपलिया व्यास के नीलेश के आवेदन पर कलेक्टर ने म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण करवाकर यह सुनिश्चित करें कि उनके पास अवैध अतिक्रमण, कबाड़ या ज्वलनशील सामग्री न हो। यदि कहीं ऐसा पाया जाए तो तत्काल हटाने की कार्यवाही की जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना न रहे।

जनसुनवाई मे जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।

जनसुनवाई में नीमच सिटी की नीता जैन, लीलाबाई, विद्यादेवी, सलमा हारून, बघथून के लक्ष्मणसिंह, अठाना की लीलाकृष्णा, भंवरलाल, मनासा के नानालाल, हनुमंतिया के जयपाल, बधाना की आशा, इन्द्रानगर के आरिफ हुसैन, अडमालिया के बालकिशन, हुलाशी बाई, महुपुरा के अनिल, चडोली की घीसीबाई, पिपलिया नाथावत के चमनसिंह, चम्पी के भागीरथ, देवपुरा की ललिता, सिंगोली की मांगीपूरी, उम्मेदपुरा के किशनलाल, ग्वालटोली के लक्ष्मण, मोहनलाल, टीचर कॉलोनी के देवेन्द्रसिंह, भाटखेड़ी के सुरेश रेगर, रतनपुरा भदवास के रामेश्वर नागदा, मोरवन के राधेश्याम, वरुखेड़ा की मंगलाबाई, देवरी-खवासा के मूलचंद, टाटियाखेड़ी के जवानसिंह, उग्रान के शंकरलाल कीर, चचोर के विष्णु कुमार, कराडिया महाराज के तरुण शर्मा, मालाहेड़ा की संतोषबाई, चल्दू के ऊकारलाल, सरवानिया महाराज के ताराचंद्र, आमलीखेड़ा के जितेन्द्रसिंह, काली कोठड़ी की संगीताबाई, पिपल्याहाड़ी के लालसिंह, पिपलीखेड़ा के रविन्द्र, सावन के प्रेमानाथ, महुडिया की भंवरीबाई एवं गोपाल सहित अन्य आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

==================

निर्माण कार्य की सूचना देना अनिवार्य जानकारी नही देने पर तीन माह तक का कारावास और दो हजार रूपये जुर्माने का प्रावधान

नीमच 26 मई 2026, जिला श्रम कार्यालय नीमच से प्राप्‍त जानकारी अनुसार निर्माण स्थलों पर सुरक्षा एवं स्वस्थ कार्यस्थल बनाने और श्रमिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुचाने के लिए भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल तहत निर्माण स्थलों पर श्रमिकों के लिए सुरक्षा व्यवस्था एवं सुरक्षा अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति के लिए निर्देश दिए गए है। अधिनियम के अनुसार भवन कार्य प्रांरभ करने से कम से कम 30 दिन पूर्व, उस क्षेत्र में जहां प्रस्तावित भवन या अन्य सनिर्माण कार्य किया जाना है के बारे में जानकारी श्रम विभाग को देना होगी। यदि कोई नियोजक, धारा 46 के अधीन भवन या अन्य संनिर्माण कार्य के प्रांरभ की सूचना नही देता है, तो उसे कारावास, जिसकी अवधि तीन महीने तक की हो सकेगी या जुर्माना जो दो हजार रू तक अथवा दोनों हो सकता है। यह जानकारी श्रम निरीक्षक श्री सज्‍जनसिंह चौहान ने दी है।

=============

प्रधानमंत्री धरती आबा उत्‍कृष्‍ट ग्राम अभियान आयोजित

जिले में 608 ग्रामीणों का स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण एवं उपचार

100 हितग्राहियों को उज्‍जवला गैस कनेक्‍शन वितरित

नीमच 26 मई 2026, प्रधानमंत्री धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान तहत जनभागीदारी सप्ताह एवं गरिमा उत्सव शिविर 25 मई 2026 तक आयोजित किए गए। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के ग्रामों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। जिसमें 608 ग्रामीण जनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईया वितरित की। आयुष विभाग द्वारा 38 ग्रामीणजनों का उपचार कर दवाईया वितरित की।

इस अभियान के तहत दलपतपुरा में 19, धाकडखेडी में 13 दंतलई में 9, कोज्या एवं परिछा में 20, कानोड में 15, पालरी में 05, डुंगरपुर में 15 तथा ग्राम बिलवास में 4, इस प्रकार कुल 100 उज्जवला गैस केनक्शन वितरित किए गए। चयनित ग्रामो में 32 किसानों के खेतों की मिट्टी का परीक्षण करवाया गया। ग्राम धाकडखेडी एवं दंतलई में 6 डिजीटल जाति प्रमाण पत्र वितरित किए। ग्राम डुंगरपुर एवं बाणदा में 29 आधार कार्ड वितरित किए । 34 किसानों की फार्मर आई.डी. बनवाई।

ग्राम बाणदा में ग्रामीणजानों के 10 नवीन खाते खुलवाए। ग्राम बाणदा में 02 एवं पालरी में 10 खाद्यान्न पर्ची बनवाई। इसी प्रकार 36 आयुष्मान कार्ड तथा 32 समग्र आईडी भी बनाई गई है। झांझरवाडा में 02 वृद्धा अवस्था पेंशन प्रकरण बनाये। यह जानकारी जिला संयोजक आदिम जाति कल्‍याण श्री राकेश राठोर ने दी है।

================

माही नहर के कायाकल्प को मिली 16.68 करोड़ की मंजूरी, 19 हजार किसानों को राहत

मुख्य नहर, वितरिका, माइनर व सब-माइनर नहरों का होगा जीर्णोद्धार-कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया

हर खेत तक पहुंचेगा पानी,

नीमच/झाबुआ 26 मई 2026, पेटलावद क्षेत्र के किसानों को राज्य शासन ने बड़ी सौगात दी है। मध्यप्रदेश शासन, जल संसाधन विभाग ने माही परियोजना की मुख्य नहर एवं सहायक नहरों के विशेष मरम्मत कार्य हेतु 1668.35 लाख रुपये (सोलह करोड़, अड़सठ लाख, पैंतीस हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। लंबे समय से किसानों द्वारा की जा रही मांग अब पूरी हुई है।

इन कार्यों को मिली स्वीकृति: माही मुख्य नहर शाखा का सुधार एवं विशेष मरम्मत। वितरिका (डिस्ट्रीब्यूटरी) नहरों का जीर्णोद्धार। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने वाली माइनर एवं सब-माइनर नहरों की मरम्मत।

क्यों महत्वपूर्ण है माही परियोजना: माही परियोजना पेटलावद विधानसभा क्षेत्र की जीवनरेखा है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने में पूर्व सांसद स्व. दिलीप सिंह भूरिया की अहम भूमिका रही थी। माही परियोजना की नहरों की कुल लंबाई 284 किलोमीटर है। इसका लाभ पेटलावद क्षेत्र के 19 हजार से अधिक किसानों को मिल रहा है तथा नहरों से करीब 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। नहरें क्षतिग्रस्त होने से अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था और जल की बर्बादी भी हो रही थी।

कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जताया आभार: कैबिनेट मंत्री एवं पेटलावद विधायक सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा,कि “माही परियोजना हमारे क्षेत्र की जीवनरेखा है। लंबे समय से किसान भाई नहरों के क्षतिग्रस्त होने और अंतिम छोर तक पानी न पहुंच पाने की समस्या बता रहे थे। किसानों की इस पीड़ा को देखते हुए हमने शासन स्तर पर विशेष मरम्मत की पुरजोर मांग रखी थी। आज मुझे बेहद खुशी है कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य शासन ने 16 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस ऐतिहासिक निर्णय से नहरों का कायाकल्प होगा, पानी की बर्बादी रुकेगी और हमारे अन्नदाताओं के खेतों तक पर्याप्त सिंचाई का पानी पहुंचेगा। यह स्वीकृति क्षेत्र की कृषि प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी। मैं पूरे क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का आभार व्यक्त करती हूँ।”

इस स्वीकृति से पेटलावद एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी और रबी-खरीफ दोनों फसलों के लिए किसानों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा।

=========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}