समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 27 मई 2026 बुधवार

ईद-उल-जुहा, महाराणा प्रताप जयंती एवं मोहर्रम पर्व शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं— कलेक्टर
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी त्योहारों ईद-उल-जुहा (बकरीद), महाराणा प्रताप जयंती/छत्रसाल जयंती एवं मोहर्रम (ताजिया) — को शांति, सौहार्द एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर समिति सदस्यों के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम के ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजन निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कार्यक्रम स्थलों एवं मार्गों पर सड़कों को अवरुद्ध न होने दिया जाए तथा वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप किया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने कहा कि त्योहारों एवं जुलूसों के दौरान पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि जुलूस एवं चल समारोह की अनुमति हेतु आवेदन समय पर प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा उनके अनुरूप कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने बैठक का संचालन करते हुए गत वर्षों में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में एडिशनल एसपी श्री विवेक कुमार, जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, अध्यक्ष रतलाम विकास प्राधिकरण श्री मनोहर पोरवाल, शहर काजी श्री अहमद अली, पूर्व महापौर श्री शैलेंद्र डागा, श्री गोविंद काकानी, श्रीमती यासमीन शेरानी, श्री जितेंद्र भाटी, श्री एस.आर. नरगेश, श्रीमती सीमा टांक, श्री राजेंद्र सिंह गोयल, श्री बृजेश राठौर, श्री जमील पटेल, श्री राजेश कटारिया, श्री वाय. चौहान, पादरी जोस मैथ्यू, श्री पवन सोमानी, श्री सलीम मेव, श्री सलीम आरिफ, श्री हरजीत सिंह सलूजा, मोहम्मद यूनुस ताप, श्री मधु पटेल, श्री कमलेश मोदी, श्री राजेंद्र सिंह पवार, श्री पी.के. राय, आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, सभी अनुभागों के अनुविभागीय दण्डाधिकारी, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
===========
ग्राम हतनारा में जल चौपाल आयोजित
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशों के परिपालन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखंड जावरा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु निरंतर निरीक्षण एवं भ्रमण किया जा रहा है। इसी क्रम में पिपलोदा विकासखंड की ग्राम पंचायत हतनारा में विभागीय अधिकारियों द्वारा विशेष जल चौपाल आयोजित कर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
जल चौपाल के दौरान सहायक यंत्री श्री इरफान अली, उपयंत्री श्री जिग्नेश बामनिया एवं विभागीय अमले ने ग्राम के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर गांव के समस्त पेयजल स्त्रोतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम हतनारा की वर्तमान जनसंख्या लगभग 4700 है तथा ग्राम में पेयजल व्यवस्था के लिए वर्तमान में तीन नलकूप आधारित नलजल योजनाएं संचालित हैं, जिनके माध्यम से दो उच्चस्तरीय टंकियों से जल प्रदाय किया जा रहा है। वर्तमान में दो नलकूपों की जल आवक क्षमता कम होने के कारण जल प्रदाय की मात्रा प्रभावित हो रही थी। समस्या के त्वरित निराकरण के लिए ग्राम के एक निजी नलकूप को नलजल योजना से जोड़कर ग्रामीणों को दो दिन छोड़कर पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही आगामी दिनों में योजना से जोड़ने हेतु दो अतिरिक्त निजी नलकूप भी चिन्हित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त ग्राम में दो नलकूप सिंगल फेस पंप सहित भी संचालित पाए गए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत को पेयजल गुणवत्ता परीक्षण हेतु फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) भी प्रदान की गई, जिससे ग्रामीण स्तर पर पानी की गुणवत्ता की जांच की जा सके।
========
जनसुनवाई में 160 आवेदन पर हुई सुनवाई
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

कलेक्टर कार्यालय में आज मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह,सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदको को सुना एवं आवेदकों से आवेदन प्राप्त किये। जनसुनवाई में 160 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में आवेदक लक्ष्मण पिता रामा निवासी सैलाना ने बताया कि नल कनेक्शन चालु करवाने हेतु नगर परिषद में आवेदन देने के पश्चात आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। कार्यवाही हेतु एसडीएम सैलाना को निर्देशित किया गया । आवेदक बाबुलाल पिता मांगीलाल निवासी ग्राम दिवेल ने बताया कि प्रतिप्रार्थीगण पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक को भूमि के सीमांकन हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार नामली को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में आवेदक नारायण पिता कालु एवं राधेश्याम पिता जगदीश निवासी ग्राम रोजडका ने बताया कि निजी कृषि भूमि पर जाने वाले मार्ग पर प्रतिप्रार्थीगण द्वारा खेत पर जाने वाले एकलोते मार्ग पर कब्जा कर रास्ता बाधित करने के संबंध में आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को निर्देशित किया गया। आवेदिका पीरा पति तुलसीदास निवासी ग्राम पाटडी ने कृषि भूमि के पट्टे हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
=========
जिला सहकारी बैंक रतलाम ने वर्ष 2025-26 के ऋण वितरण एवं वसूली की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रतलाम द्वारा वर्ष 2025-26 में वितरित किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त सहकारिता श्री एन.एस. भाटी एवं सीईओ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री कृतज्ञ गुप्ता ने शाखा प्रबंधकों, संस्था प्रबंधकों एवं सहायक प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में शाखा प्रबंधक, संस्था प्रबंधक एवं संस्था सहायक प्रबंधक को अल्पावधि कृषि ऋण वितरण वर्ष 2025-26 एवं 30 जून 2025 पर कालातीत ऋण की वसुली एवं किसानो को रबी 2025-26 ऋण वितरण की डयूडेट 15 जून 2026 की सुचना देकर वसुली हेतु प्रयास किये जाने के निर्देश दिये गये। वर्तमान मे बैंक ऋण वसुली का 51.41 प्रतिशत है, जोकि गत वर्ष से 2.01 प्रतिशत कम है। किसानो को अधिकाधिक लाभ प्रदाय करने हेतु बैंक प्रयासरत है साथ ही रासायनिक उर्वरक की उपलब्धतः पर्याप्त है। आगामी खरीफ वर्ष 2026 मे राशि रु 441.00 करोड का कृषि ऋण वितरण करने का लक्ष्य है। बैंक की लाभ प्रदता की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए बैंक को लाभ की स्थिति मे रखने बाबत बैंक की ऋण वसुली हेतु कर्मचारीयो को निर्देशित किया।
==========
रतलाम जिले मे 9 नगरीय निकायों में हुई जल सुनवाई जल सुनवाई में 21 शिकायतों का हुआ निराकरण
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार पी ओ डूडा श्री अरुण पाठक के मार्गदर्शन में रतलाम जिले में “स्वच्छ जल“ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत मंगलवार को जिले के सभी 9 नगरीय निकायो में ’जल सुनवाई’ आयोजित की गई । जल सुनवाई में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुई जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया।
========
बाढ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन के लिए वर्षाकाल पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

कलेक्टर सभागृह में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में वर्षाकाल पूर्व तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को बाढ़ आपदा की स्थिति में राहत शिविरों हेतु स्थान अभी से चिन्हित कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण विभाग से जुड़े सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि वे अपने निर्माण कार्यों से संबद्ध ठेकेदारों के पास उपलब्ध संसाधनों की सूची तैयार करें, ताकि आपदा के समय क्विक रिस्पांस किया जा सके। कलेक्टर ने डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड को प्रशिक्षित तैराक दल, लाइफ जैकेट, नाव, रस्सी, टॉर्च आदि संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को वर्षा जनित बीमारियों से बचाव हेतु आवश्यक स्टाफ, दवाइयों एवं एन्टीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पटवारी एवं पंचायत सचिवों को आपदा के समय त्वरित कार्यवाही हेतु सक्रिय रखा जाए। साथ ही खुले कुओं, बोरवेल एवं गड्ढों को सुरक्षा की दृष्टि से ढंकने तथा माइनिंग क्षेत्र में बने गड्ढों के आसपास चेतावनी संकेतक लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। बारिश के दौरान पुलिया एवं रपटों पर बाढ़ का पानी होने की स्थिति में आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए तथा लोगों को सतर्क करने के लिए कोटवार एवं सचिवों की ड्यूटी लगाई जाए। पीएचई विभाग को पेयजल व्यवस्था बनाए रखने तथा आपूर्ति विभाग को पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने सर्पदंश एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा बिजली एवं बाढ़ से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। पशुपालन विभाग को वर्षाजनित बीमारियों से पशुओं की सुरक्षा, उपचार एवं चारे-भूसे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार डिस्मेंटल करने की कार्यवाही करने तथा सभी अनुविभागों एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर उनके नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर श्री अनिल भाना, डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड श्रीमती रोशनी बिलवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
=========
ग्राम डूमाहेड़ा में जल चौपाल आयोजित की गई
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशों के परिपालन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखंड जावरा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु निरंतर भ्रमण एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जावरा विकासखंड की ग्राम पंचायत डूमाहेड़ा अंतर्गत ग्राम डूमाहेड़ा में विशेष जल चौपाल आयोजित कर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
जल चौपाल के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जावरा श्री बलवंत नलवाया, सहायक यंत्री श्री इरफान अली, उपयंत्री श्री जिग्नेश बामनिया एवं विभागीय अमले ने ग्राम के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर समस्त पेयजल स्त्रोतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम डूमाहेड़ा की वर्तमान जनसंख्या लगभग 1100 है तथा ग्राम में पेयजल व्यवस्था हेतु एक कूप एवं एक नलकूप आधारित नलजल योजना संचालित है, जिसके माध्यम से उच्चस्तरीय टंकी से जल प्रदाय किया जा रहा है। वर्तमान में दोनों पेयजल स्त्रोतों की आवक क्षमता कम होने के कारण ग्राम में जल प्रदाय की मात्रा प्रभावित हो रही है तथा ग्रामीणों को चार दिन छोड़कर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जो आवश्यकता की तुलना में कम है।
समस्या के निराकरण हेतु अधिकारियों द्वारा ग्रामवासियों से चर्चा कर एक निजी सफल कूप को नलजल योजना से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया। ग्राम पंचायत द्वारा आगामी दो दिवस में उक्त कूप को योजना से जोड़ने का कार्य पूर्ण किया जाएगा, जिससे ग्राम की पेयजल व्यवस्था में सुधार हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त ग्राम में दो नलकूप सिंगल फेस पंप सहित एवं तीन हैंडपंप भी संचालित पाए गए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत को पेयजल गुणवत्ता परीक्षण हेतु फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) भी प्रदान की गई, जिससे ग्रामीण स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जा सके।
========
सेना भर्ती कार्यालय महू (म.प्र.) अग्निवीर भर्ती 2025-26 के परिणाम घोषित
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,
जिला रोजगार अधिकारी उज्जैन श्री विजेन्द्र बिजोलिया ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा नवम्बर -दिसम्बर माह में इंदौर में आयोजित भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली के विभिन्न पदों का परिणाम 25 मई को घोषित कर दिया गया है जिसमें उज्जैन और इंदौर संभाग के 15 जिलों के उम्मीदवार शामिल हैं। यह परिणाम भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है। सभी उत्तीर्ण उम्मीदवार 28 मई को सुबह 07:00 बजे सभी मूल दस्तावेज़ के साथ सेना भर्ती कार्यालय महू में प्रारंभिक निर्देशों के लिए उपस्थित हों सकते है । भारतीय सेना सभी सफल उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देती है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करती है। उम्मीदवार किसी भी स्पष्टीकरण के लिए सेना भर्ती कार्यालय महू पर तथा मोबाइल नंबर 7648815570 पर संपर्क कर सकते हैं।
======
जिला स्वास्थ्य समिति सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,

मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संध्या बेलसरे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति सलाहकार समिति बैठक की आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक बिंदु पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में नवीन सोनोग्राफी केंद्र को नियम अनुसार अनुमति देने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला नोडल अधिकारी डॉ बी एल तापड़िया, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ ममता शर्मा, जिला अभियोजन अधिकारी श्री नीरज बारमेचा, श्री राजेश महेश्वरी, आशा की सदस्य श्रीमती अनीता आहूजा एवं शाखा प्रभारी श्रीमती प्रवीण राठौर सहित संबंधित सदस्य उपस्थित थे।
=========
विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह 25 से 31 मई तक मनाया जाएगा
रतलाम : मंगलवार, मई 26, 2026,
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु जिले में 25 मई से 31 मई तक विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह मनाया जाएगा।
इस दौरान जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्कूल एवं कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएगी। तंबाकू निषेध शपथ, धूम्रपान निषेध अभियान तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर रोक संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।



