समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 25 मई 2026 सोमवार

प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह का भ्रमण गंगा दशमी पर्व पर कार्यक्रमों में होंगे सम्मिलित
रतलाम : रविवार, मई 24, 2026,
जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग मध्यप्रदेश शासन एवं रतलाम जिला प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह 25 मई को रतलाम जिले के भ्रमण पर रहेगे। जारी कार्यक्रम अनुसार मंत्री डॉ. शाह 25 मई सायं 6 बजे रतलाम आयेंगे। सायं 7:30 बजे झाली तालाब रतलाम पर जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद रतलाम से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
=============
गंगा दशहरा पर 25 मई को होंगे जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विशेष कार्यक्रम
रतलाम : रविवार, मई 24, 2026,
गंगा दशहरा के अवसर पर जिलेभर में 25 मई को “जल गंगा संवर्धन अभियान” अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जल संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर जनभागीदारी आधारित गतिविधियां संचालित होंगी।
अभियान के प्रथम चरण में श्रमदान के माध्यम से कुओं, बावड़ियों, तालाबों, नहरों एवं अन्य जल संरचनाओं की साफ-सफाई और पुनर्जीवन कार्य किए जाएंगे। साथ ही घाटों की स्वच्छता, रिचार्ज पिट निर्माण तथा जल स्रोतों के संरक्षण से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
द्वितीय चरण में सायं काल गंगा दशहरा विषय पर आधारित सांस्कृतिक संध्या एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा आमजन की सहभागिता रहेगी।
=========
26 मई से जिले के सभी निकायों में लगेंगे संध्याकालीन वार्डवार शिविर : कलेक्टर मिशा सिंह
रतलाम : रविवार, मई 24, 2026,
नगरीय निकायों की समीक्षा में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने जिले के सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 26 मई से प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे तक वार्डवार शिविर आयोजित किए जाएं। शिविर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित होंगे, जिनमें जल समस्या, स्वच्छता एवं अन्य समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं के निराकरण की समीक्षा दूसरे दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक नगरीय निकाय में जल समस्याओं के निवारण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं, जहां पेयजल संबंधी शिकायतों एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल समस्या से प्रभावित क्षेत्रों में निकायों के टैंकरों से जल प्रदाय किया जाए तथा उसका दिनांकवार, वार्डवार एवं क्षेत्रवार रिकॉर्ड संधारित किया जाए। प्रतिदिन आयोजित शिविरों में प्राप्त एवं निराकृत आवेदनों की संकलित जानकारी परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण रतलाम को भेजने के निर्देश दिए गए।
========
जैविक हाट बाजार में 52690 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय
रतलाम : रविवार, मई 24, 2026,

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 8 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।
धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल एवं मूंगफली का 23300 रुपये का विक्रय किया गया। श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध 1500 रुपये का, श्री तेजराम सांखला द्वारा हरी सब्जियां 1600 रुपये का, श्री नरसिंह कालजी सैलाना द्वारा हरी सब्जी 1000 रुपये का, श्री दिलीप पाटीदार (करिया) द्वारा देसी घी 6390 रुपये का, श्री नंदकिशोर पटेल लुनेरा द्वारा गेहूं 2400 रुपये का, श्री भेरु लाल पाटीदार द्वारा गेहूं 1500 रुपये का, श्री दिलीप धाकड़ सादा खेड़ी द्वारा शहद 2820 रुपये का जैविक उत्पाद विक्रय किए गए।
जैविक हाट बाजार में कुल 52690 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।



