सीतामऊ में नव्वाणु यात्रा पूर्ण होने पर भव्य अनुमोदना आयोजन

सीतामऊ में नव्वाणु यात्रा पूर्ण होने पर भव्य अनुमोदना आयोजन
सीतामऊ । जैन पोरवाल परिवार की लाडली बहु श्रीमती सोनम नवदीप जैन एवं श्री धैर्य नवदीप जैन द्वारा पावन शत्रुंजय गिरिराज की भीषण गर्मी में कठिन तप एवं श्रद्धा के साथ नव्वाणु यात्रा सकुशल पूर्ण करने पर सीतामऊ में भव्य अनुमोदना आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन में समाजजनों का उत्साह, श्रद्धा एवं धर्ममय वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत नीमा मोहल्ला स्थित श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर से भव्य वरघोड़े के साथ हुई। वरघोड़े में लाभार्थी परिवार सहित समाज के अनेक श्रावक-श्राविकाएं भक्तिमय वातावरण में नृत्य करते हुए चल रहे थे। नगर में विभिन्न स्थानों पर वरघोड़े का स्वागत कर अभिनंदन किया गया।
इसके पश्चात विजय पैलेस में नव्वाणु आराधकों की अनुमोदनार्थ संगीतमय वधामना कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में संगीतकार श्रेयांश दक एवं संभव भंडारी ने मधुर स्तवनों एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आयोजन के दौरान विभिन्न संस्थाओं द्वारा लाभार्थी परिवार का बहुमान किया गया। जिसमें सकल जैन श्रीसंघ, श्री वर्धमान स्थानकवासी श्रावक संघ, श्री केसरिया आदिनाथ ट्रस्ट मंडल एवं आनंद बहु मंडल सहित कई संस्थाओं ने सम्मान स्वरूप बहुमान किया।
कार्यक्रम में लाभार्थी परिवार की बहन-बेटियों द्वारा आकर्षक एवं भक्तिमय नृत्य प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थितजनों ने खूब सराहा। सकल जैन श्री संघ पूर्व अध्यक्ष हेमंत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अंत में लाभार्थी परिवार द्वारा स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।



