खबर का असर : वार्ड 13 में शुरू हुआ बिजली सुधार कार्य, रहवासियों को मिली राहत की उम्मीद

खबर का असर : वार्ड 13 में शुरू हुआ बिजली सुधार कार्य, रहवासियों को मिली राहत की उम्मीद
संवाददाता– सतीश शर्मा
गरोठ।नगर परिषद गरोठ के वार्ड क्रमांक 13 में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज की समस्या पर आखिरकार प्रशासन और बिजली विभाग की सक्रियता दिखाई देने लगी है। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग द्वारा क्षेत्र में नई केबल डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया, जिससे स्थानीय रहवासियों में राहत और संतोष का माहौल है।
घोसी मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से कम वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या बनी हुई थी। इसके कारण घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे थे तथा भीषण गर्मी में आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रहवासियों द्वारा कई बार बिजली विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायतें करने के बावजूद समाधान अधूरा ही बना हुआ था।
वार्ड वासियों का कहना था, कि बिजली विभाग ने नए पोल तो स्थापित कर दिए थे, लेकिन केबल नहीं डाले जाने से समस्या जस की तस बनी हुई थी। लगातार जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब विभाग ने मौके पर कार्य शुरू कर दिया है।
बिजली विभाग के सेक्टर चेकिंग सुपरवाइजर महेंद्र सोनी के निर्देश पर ठेकेदार द्वारा वार्ड में नई केबल लगाने का कार्य शुरू किया गया। इससे रहवासियों को उम्मीद है, कि जल्द ही लो वोल्टेज की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
वार्ड के युवा फय्यूम मेव, फारुख शाह, उमेश चंदेल , लक्की चंदेल, निज़ाम जिन्द्रान, जुनेद गौरी, गोलु सय्यद , मुन्ना अगवान, बदरुद्दीन जिन्द्रान , अनीस शाह सहित स्थानीय नागरिकों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए मीडिया और प्रशासन का आभार जताया। वहीं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ललित चंदेल की सकारात्मक भूमिका भी इस समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा आमजन की प्राथमिक आवश्यकता है, और विभाग द्वारा समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाना आवश्यक है।



