बादपुर की मिट्टी से निकली प्रेरणा की मिसाल — संघर्ष, शिक्षा और देशसेवा की गौरवगाथा

बादपुर की मिट्टी से निकली प्रेरणा की मिसाल — संघर्ष, शिक्षा और देशसेवा की गौरवगाथा
पारस राठौर
बादपुर ।मंदसौर जिले के गांव बादपुर का नाम आज गर्व से लिया जा रहा है, क्योंकि इसी गांव के एक साधारण लेकिन असाधारण सोच रखने वाले मेहनतकश व्यक्तित्व रमेश चंद्र राठौर ने यह साबित कर दिया कि यदि इंसान के इरादे मजबूत हों तो गरीबी कभी भी सफलता की राह नहीं रोक सकती।
गरीब परिवार से आने वाले रमेश चंद्र राठौर ने अपने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए लगातार मेहनत और संघर्ष के दम पर भारतीय सेना में स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी सेवाओं के पूर्ण वर्षों तक देशसेवा करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया उसके बाद रिटायरर्मेंट हुवे । लेकिन उनकी सोच केवल नौकरी तक सीमित नहीं रही, उन्होंने सेवा और शिक्षा दोनों को अपना उद्देश्य बनाया।
देशसेवा के बाद भी उन्होंने अपने प्रयासों को नहीं छोड़ा और शिक्षक बनकर समाज व नई पीढ़ी को शिक्षित करने का कार्य शुरू किया। यही नहीं, उन्होंने अपने पुत्र और पुत्री को भी कठिन परिस्थितियों के बावजूद उच्च शिक्षा दिलाई और संस्कारों के साथ आगे बढ़ाया। परिणामस्वरूप उनकी पुत्री आज शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रही हैं और उनके पुत्र निखिल राठौर भी भारतीय सेना में चयनित होकर देशसेवा के मार्ग पर अग्रसर हो चुके हैं।
यह केवल एक परिवार कीसफलता नहीं, बल्कि पूरे गांव बादपुर व मंदसौर जिले और समाज के लिए गर्व की बात है। पिता, पुत्र और पुत्री — तीनों का अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, शिक्षा और संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाते।
आज के युवाओं को इस परिवार से सीख लेने की आवश्यकता है कि संसाधनों की कमी सफलता में बाधा नहीं बनती, यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज़्बा हो। लगातार पढ़ाई, अनुशासन और संघर्ष ही वह रास्ता है जो इंसान को सम्मान और सफलता तक पहुंचाता है।
गांव बादपुर की यह प्रेरणादायक कहानी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक संदेश है कि शिक्षा ही सबसे बड़ी ताकत है, और मेहनत करने वाला व्यक्ति एक दिन स्वयं के साथ-साथ अपने गांव, जिले और देश का नाम भी रोशन करता है।



