समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 30 अप्रैल 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////////
गुम हुए बालक को सीतामऊ पुलिस ने कुछ ही घंटों में परिजनों से मिलाया
सीतामऊ- थाना क्षेत्र के तीतरोद से आज एक बालक गायब हो गया था, जो कि रास्ता भटक कर गांव महुवा पहुंचा गया था, ग्रामीणों ने सूझबूझ से बालक से नाम पता पूछा लेकिन यह बालक बोलने में असमर्थ हैं इस कारण कुछ बता नहीं पाया। सूचना पर सीतामऊ थाने की 112 (चालक अशोक सूर्यवशी ओर पुलिस आरक्षक अर्जुन माली) मौके पर पहुंचे ओर बालक को सीतामऊ थाने ले गए। जिसमें पता चला कि यह बालक गांव बनी का रहने वाला है और तीतरोद का भानेज है ओर यही रह रहा था। पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया है।==———
पिपलिया मंडी में ऑनलाइन ठगी का मामला, Bank of India के नाम से मैसेज वायरल
पिपलिया मंडी। क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां हिमांशु सेन और कालू माली के व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके नंबर से लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं और पैसे की मांग की जा रही है। ठग बैंक के नाम से KYC अपडेट करने का झांसा देकर लिंक भेज रहे हैं और APK डाउनलोड कर KYC अपडेट करने को कह रहे हैं। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि ऐसे किसी भी मैसेज में दिए गए KYC अपडेट लिंक को ओपन न करें, कोई ऐप डाउनलोड न करें और पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे पुष्टि अवश्य करें। हेंकर द्वारा हिमांशु सेन से 05 हजार और कालू माली के 12 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कि गई, इसलिए सोशल मीडिया वाट्सएप पर शेयर APK file को या ऐसी अनजान लिंक को क्लिक नहीं करें अनजान फोन काल पर ओटीपी भी नहीं दें सावधान रहें ।
===============
लदुना में श्री खेड़ापति काराजी कालेश्वर धाम मंदिर पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
लदुना। गांव के दीपाखेड़ा-लदुना सड़क मार्ग स्थित श्री खेड़ापति काराजी एवं कालेश्वर धाम मंदिर पर प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन ग्राम वासियों के सहयोग से वैशाख शुक्ल चतुर्दशी गुरुवार 30 अप्रैल 2026 को गणेश स्थापना मंडप देव पूजन अग्नि देव प्रवेश हवन प्रारंभ किया जाएगा वैशाख शुक्ल पूर्णिमा दिनांक 01 में 2026 शुक्रवार को सुबह 11 से प्राण प्रतिष्ठा हवन पूर्णाहूती महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा। आयोजन समिति समाज जनों ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओ से अधिक से अधिक संख्या में पधार कर तन मन धन से सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
=============
शांति समिति के सदस्यों ने स्वयं आगे बढ़कर स्व-गणना फॉर्म भरा
मंदसौर 29 अप्रैल 26/ जनगणना प्रशिक्षण नोडल अधिकारी श्री सत्येंद्र राठौर द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले में जनगणना के प्रथम चरण में जागरूकता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। पुलिस कंट्रोल रूम पर शांति समिति के सदस्यों ने स्वयं ने स्वयं आगे बढ़कर स्व-गणना (Self Enumeration) करते हुए अपने मकान सूचीकरण की जानकारी मोबाइल के माध्यम से दर्ज की। यह पहल न केवल प्रशासनिक तत्परता को दर्शाती है, बल्कि आमजन के लिए एक मजबूत संदेश भी देती है कि डिजिटल माध्यम से स्व-गणना करना सरल, सुरक्षित और समय-संरक्षक है।
इस अवसर पर अधिकारीयों व शांति समिति के सदस्यों ने नागरिकों से अपील की कि वे भी इस सुविधा का अधिकतम लाभ लें और जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। जनगणना प्रशिक्षण नोडल अधिकारी सत्येंद्र राठौर द्वारा स्व-गणना का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे प्रक्रिया को सहज और स्पष्ट रूप से समझाया गया। इस दौरान एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बघेल एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।
========
सिंहस्थ महाकुम्भ 2028: 20-45 साल के युवाओं को बनाएँगे वालंटियर्स, पुलिस जैसी ट्रेनिंग देंगे
सिंहस्थ महाकुम्भ 2028 की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज हो गई।20 से 35 साल के युवाओं को पुलिस जैसी ट्रेनिंग देकर,सिंहस्थ में उनकी सेवा लेंगे।पुलिस अब हर थाना क्षेत्र पर इसका नेटवर्क तैयार करेगी।
वालंटियर्स के चिन्हाकन ओर पंजीयन का काम इसी वर्ष प्रारम्भ होगा।इस चयन प्रक्रिया में महिलाओं की 35% भागीदारी अनिवार्य है।संबंधित व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड ना हो ओर वो किसी राजनीतिक दल में सक्रिय ना हो!!
========
मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण
किसी भी समय, कहीं भी उतर सकता है मुख्यमंत्रीजी का हेलीकॉप्टर
मंदसौर 29 अप्रैल 26/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में उपार्जन केंद्र पर चल रही गेहूँ उपार्जन की प्रक्रिया का आने वाले दिनों में आकस्मिक निरीक्षण करेंगे और किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह भी देखेंगे कि निर्देशानुसार शासन-प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाएं किसानो को प्राप्त हो रही है या नहीं।
किसानों भाइयों के लिये उपार्जन केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाएँ
•उपार्जन केन्द्र पर किसानों की सुविधा के लिए पीने का पानी, बैठने के लिए छायादार स्थान, जन सुविधाएं आदि की व्यवस्थाएं की गई हैं।
•किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो एवं उपज विक्रय के लिए इंतजार न करना पड़े इसके लिये किसानों को जिले के किसी भी उपार्जन केन्द्र पर उपज विक्रय करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
• किसानों को गेहूँ की तौल के लिये इंतजार नहीं करना पड़े इस हेतु उपार्जन केन्द्रों में तौल कांटों की संख्या बढ़ाकर 6 कर दी गई है और अधिक तौल कांटे बढ़ाने की सुविधा अब जिलो को दी गई है ।
• गेहूँ के लिये एफएक्यू मापदंड में शिथिलता प्रदान की गई है। चमक विहीन गेहूँ की सीमा 50 प्रतिशत तक की गई है। सूकड़े दाने की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक की गई है। क्षतिग्रत दानों की सीमा बढ़ाकर 6 प्रतिशत तक की गई है।
• किसानों के उपज की तौल समय पर हो सके इसके लिये बारदाने, तौल कांटे, हम्माल तुलावटी, सिलाई मशीन, कम्यूंटर, नेट कनेक्शन, कूपन ,गुणवत्ता परीक्षण उपकरण, उपज की साफ-सफाई के लिए पंखा, छन्ना आदि व्यवस्थाएं उपार्जन केन्द्र पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
• उपार्जन केन्द्र की क्षमता अनुसार उपज की तौल की जा सके एवं अधिक से अधिक किसानों से उपार्जन किया जा सके, इसके लिये उपार्जन केन्द्रों पर प्रतिदिन, प्रति उपार्जन केन्द्र पर गेहूं विक्रय के लिये स्लॉट बुकिंग की क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 2250 क्विंटल किया गया है , इसे जिले और अधिक बढ़ा कर प्रति केन्द्र 3000 क्विंटल कर सकते हैं।
• किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का उपार्जन किया जा रहा है।
• किसानों की सुविधा के लिए खरीदी के लिये प्रत्येक शनिवार को भी स्लॉट बुकिंग एवं उपार्जन का कार्य जारी रहेगा।
• किसानों के हित में सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी किसानों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किये गये पोस्टर एवं बैनर उपार्जन केन्द्रों में लगाये गये हैं।
====================
कलेक्टर ने “क्षीरधारा” ग्राम बर्डिया पूना का अवलोकन कर, पशुपालकों से किया संवाद
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत निर्मित तालाब एवं ग्राम पंचायत भवन देवरी का किया निरीक्षण
राहगीर अभियान मैं हटाए गए अतिक्रमण को मौके पर जाकर देखा
मंदसौर 29 अप्रैल 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने विकासखंड गरोठ के क्षीरधारा ग्राम बर्डिया पूना का निरीक्षण कर वहां के पशुपालकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एचएफ जर्सी गायों एवं दुधारू भैंसों का अवलोकन कर पशुपालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। दुग्ध समृद्धि अभियान के तहत कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने किसानों से अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही उन्होंने गांव के पशुपालकों को सांची सहकारी संघ से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, जिससे दुग्ध उत्पादन को बेहतर बाजार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम बर्डिया पूना में ही पंचायत द्वारा निर्मित मवेशियों एवं पशु-पक्षियों के लिए बनाए गए पेयजल होद का अवलोकन किया और इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निर्मित तालाब का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब की गहराई बढ़ाने एवं उसके चारों ओर पौधारोपण करने के निर्देश दिए। लगभग 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस तालाब को विशेष रूप से सिपरी द्वारा सुझाई गई लोकेशन के आधार पर तैयार किया गया है।
इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पंचायत देवरी में नव निर्मित मॉडल पंचायत भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों जैसे हाल, किचन एवं वेटिंग रूम का अवलोकन किया। साथ ही भवन में स्थापित रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं रिचार्ज पीट की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने उपस्थित नागरिकों से स्व-गणना में भाग लेने की अपील की।
गरोठ विकासखंड में संचालित राहगीर अभियान का भी कलेक्टर ने फील्ड में जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान के तहत हटाए गए अतिक्रमण की सराहना करते हुए किसानों से संवाद किया। किसानों ने भी इस पहल पर संतोष व्यक्त किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन लोगों ने अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया है, उनके नाम की शिलापट्टिका लगाई जाए, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
=============
कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने गेहूं खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान किसानों से चर्चा की, आधारभूत सुविधाओं के बारे में पूछा
मंदसौर 29 अप्रैल 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने गरोठ रोड स्थित सिद्धि विनायक वेयरहाउस एवं विनायक वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेहूं खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, एसडीएम श्री राहुल चौहान अन्य अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया एवं वेयरहाउस की भंडारण क्षमता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। किसानों ने वेयरहाउस में सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने तोल कांटे की कार्यप्रणाली, गेहूं की गुणवत्ता तथा सर्वेयर द्वारा गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। साथ ही सर्वेयर की प्रशिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने वेयरहाउस के अंदर जाकर भंडारित गेहूं का भी निरीक्षण किया।
विनायक वेयरहाउस में राधा स्व सहायता समूह द्वारा संचालित खरीदी कार्य का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने भुगतान प्रक्रिया, मजदूर व्यवस्था एवं वेयरहाउस की क्षमता के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा समूह के कार्यों की सराहना की।
===================
नगर परीषद नगरी की फोटोयुक्त मतदाता सुची के वार्षिक पुनरीक्षण हेतु अपील अधिकारी, रजिस्ट्रीरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीरण अधिकारी नियुक्त
मंदसौर 29 अप्रैल 26 / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा नगर परीषद नगरी की फोटोयुक्त मतदाता सुची के वार्षिक पुनरीक्षण हेतु एसडीएम को अपील अधिकारी, प्रभारी तहसीलदार को रजिस्ट्रीरण अधिकारी, नायब तहसीलदार को सहायक रजिस्ट्रीरण अधिकारी नियुक्त किया गया।
================
मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार (नवाचार) 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित
15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे आवेदन
मंदसौर 29 अप्रैल 26 / शासकीय सेवाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा “मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार (नवाचार)” वर्ष 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन सामान्य प्रशासन विभाग की वेबसाइट www.awards.mp.gov.in के माध्यम से किए जा सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
यह पुरस्कार 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के मध्य किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर प्रदान किया जाएगा। प्रदेश के समस्त शासकीय सेवक, जिनमें राज्य शासन के विभाग, विभागाध्यक्ष एवं उनके अधीनस्थ निगम, मंडल, बोर्ड तथा संस्थाओं में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं, इसके लिए पात्र होंगे।
पुरस्कार के अंतर्गत नागरिक सेवा प्रदाय, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुशासन, शिक्षा एवं मानव संसाधन विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण, अधोसंरचना, सामाजिक समावेश एवं सशक्तिकरण तथा रोजगार एवं आर्थिक विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों में किए गए नवाचारों को शामिल किया जाएगा।इस वर्ष कुल 15 पुरस्कार दिये जाएंगे। प्रत्येक चयनित को एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। एक ही कार्यक्षेत्र में एक से अधिक पात्र पाए जाने पर पुरस्कार राशि उनमें समान रूप से वितरित की जाएगी।
पुरस्कार संबंधी विस्तृत जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग की वेबसाइट www.awards.mp.gov.in पर उपलब्ध है।
=============



