समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 19 अप्रैल 2026 सोमवार

मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना अंतर्गत गांव कुंडाल में परिणय सूत्र में बंधें 167 जोड़े
विधायक मथुरलाल डामर ने वर वधुओं को विशेष उपहार में पौधा किया भेंट
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,

रतलाम जिले के गांव कुंडाल स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह का आयोजन किया गया। रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर के मार्गदर्शन मे समारोह में तीन जनपदों के 167 जोड़े परिणय सूत्र में बंधें।
समारोह में रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामर ने प्रत्येक जोड़े को बर्तनों का विशेष उपहार सेट देकर एक-एक पौधा भी भेंट स्वरूप दिया। समारोह में अतिथियों के हाथों वर वधुओं को प्रोत्साहन राशि के चैक प्रतिकात्मक रुप से दिए गए। शासन की तरफ से प्रत्येक नवदंपती के खाते में 49 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सभी वधुओं के बैंक खाते में सीधे राशि जमा होगी। विधायक श्री डामर की तरफ से समारोह में आए मेहमानों व पूरे गांव का भोजन रखा गया।
समारोह में पर्यावरण बचाने और हरियाली को बढ़ाने का भी संदेश देते हुए विधायक श्री मथुरालाल डामर की तरफ से वर वधूओं को एक-एक पौधा भेंट किया गया। विधायक श्री डामर ने इन पौधों को अपने घर आंगन में लगाने की समझाइश दी। साथ ही विशेष उपहार में 7 बर्तनों का सेट भी दिया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, महामंत्री श्री विप्लव जैन, श्री ईश्वरलाल पाटीदार, सांसद प्रतिनिधि श्री कैलाश पटेल, रतलाम जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, सैलाना जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल, जिला पंचायत सदस्य श्री नाथूलाल गामड़, रतलाम जनपद उपाध्यक्ष श्री हितेंद्र सिंह, विधायक प्रतिनिधि श्री धन्नालाल डामर, श्री बालकृष्ण जोशी, रतलाम ग्रामीण एसडीएम श्री विवेक सोनकर, रतलाम जनपद सीईओ श्री छेतुसिंह वासकेला, पंचायत इंस्पेक्टर कमलेश पापरीवाल सहित जनपद स्टाफ उपस्थित था।
==========
कैबिनेट मंत्री श्री काश्यप ने भरा स्व गणना पत्र
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,

जनगणना निदेशालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण ” मकान सुचिकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत जिले में स्व गणना 30 अप्रैल तक की जा रही है। प्रत्येक नागरिक घर बैठे आसानी से https://se.census.gov.in/ लिंक से फार्म भरकर ” स्व गणना ” सुविधा का लाभ उठा रहे है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चेतन्य काश्यप द्वारा अपनी *स्व गणना* करते हुए सभी से, पूरी निश्चिंतता के साथ स्व गणना करने तथा सही सही जानकारी प्रदान करने की अपील की गई।
मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि इस जानकारी का उपयोग राष्ट्र के विकास की योजना निर्माण के महत्वपूर्ण कार्य में किया जायेगा। यह जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रहेगी, इसका उपयोग किसी भी तरह से कही भी साक्ष्य के रूप में नहीं किया जा सकता है। पूरी तरह से निश्चिंत हो कर अपनी सही सही जन गणना कराए।
===========
सामूहिक विवाह समाज में समानता, सादगी और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का अनुकरणीय माध्यम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने हामूखेड़ी में सामूहिक विवाह सम्मेलन में 23 जोड़ों को दिया आशीर्वाद
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समानता, सादगी और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का एक अनुकरणीय माध्यम है। “आज अक्षय तृतीया का पावन अवसर है। इस मौके पर किए गए किसी भी शुभ कार्य का फल अक्षय होता है। आज का यह दिन सभी नव-विवाहित जोड़ों के लिए अत्यंत शुभ और मंगलकारी सिद्ध हो।”
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विवाह संस्कार हमारी संस्कृति में सबसे महत्वपूर्ण संस्कारों में से एक है। सामूहिक विवाह से न केवल धन की बचत होती है, बल्कि सभी को एक साथ अपनी खुशियों को साझा करने का अवसर भी मिलता है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश देते हैं।उन्होंने आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारी का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्जैन शहर में कई विकास कार्य चल रहे हैं, जिनसे शहर की नई छवि उभरेगी और यह समृद्धि का प्रतीक बनेगा। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि यहां के हर घर में सुख, शांति और वैभव बना रहे।
रविवार को अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हामूखेड़ी देवास रोड में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान 23 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच पर पहुंचकर सभी नव-दंपतियों को व्यक्तिगत रूप से आशीर्वाद दिया, उनके सिर पर पुष्प वर्षा की तथा उन्हें सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नव-विवाहित कन्याओं को दोपहिया वाहन (टू-व्हीलर) भी भेंट किए गए।
राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री सतीश मालवीय, महंत श्री रामेश्वर दास, महंत श्री रामदास जी महाराज, महंत श्री बालकनाथ जी महाराज, श्री बालकृष्ण दास जी महाराज, श्री रवि सोलंकी, श्री नरेश शर्मा, ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के गादीपति श्री महावीर नाथ जी महाराज, श्री नारायण यादव, श्री कल्याण यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नव-दंपतियों को माला और स्मृति चिन्ह भेंट किए। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयोजनकर्ता श्री प्रकाश यादव ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेंद्र व्यास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री परेश कुलकर्णी द्वारा किया गया। प्रमुख आचार्य पंडित सोहन भट्ट के सानिध्य में सामूहिक विवाह संपन्न कराये गये।
===========
विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरालाल डामर ने भरा स्व गणना पत्र
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,

जनगणना निदेशालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण ” मकान सूचीकारण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत जिले में स्व गणना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चल रही है।
प्रत्येक नागरिक अपने घर बैठे आसानी से https://se.census.gov.in/ लिंक से फॉर्म भरकर “स्व-गणना” सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
जिले में विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरालाल डामर ने स्व गणना पोर्टल पर स्वयं का प्रारंभिक पंजीकरण किया।
============
सांझा चूल्हा अन्तर्गत जावरा में स्वयं सहायता समूहों की बैठक आयोजित
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जिले के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरिक्षण किया जा रहा है। जिसमें केन्द्रों पर अनियमितता एवं पूरक पोषण आहार नाश्ता/भोजन की सेवाए बाधित होना पाई गई जिसके सम्बध में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रतलाम के निर्देश के परिपालन में परियोजना अधिकारी जावरा श्रीमती अंकिता पाटीदार द्वारा महिला एवं बाल विकास परियोजना जावरा ग्रामीण में अनुबंधित समस्त स्वयं सहायता समूहों की बैठक जनपद सभागृह जावरा में आयोजित की गई। केन्द्र पर शासन द्वारा निर्धारित मेनु अनुसार नाश्ता/भोजन आंगनवाड़ी केन्द्रों पर नियमित समय से प्रदाय करने हेतु दिशा निर्देश दिये गये, किचनशेड में साफ-सफाई ,स्वच्छ पानी, साफ बर्तन एवं खाद्य सामाग्री के उचित भण्डारण करने हेतु निर्देश दिये गये साथ ही चेतावनी दी गई भविष्य में केन्द्रों पर गुणवत्ता पूर्ण निर्धारित मेनु अनुसार नाश्ता/भोजन प्रदाय नही करने पर अनुबन्ध निरस्त की कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में पर्यवेक्षक श्रीमती जमीला बानो, श्रीमती जया जाटव, सम्बन्धित शाखा प्रभारी श्री जगदीषचन्द्र मोर्य, अरविन्द पण्डया, एवं ब्लॉक समन्वयक सुनिल वर्मा सहित स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष/सचिव उपस्थित थे।
=========
जैविक हाट बाजार में 84400 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 7 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।
धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल एवं मूंगफली का 60101 रुपये का विक्रय किया गया। श्री दिलीप धाकड़ द्वारा शहद 4400 रुपये का, श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध 1700 रुपये का, श्री सुनील शर्मा (सादा खेड़ी) द्वारा गेहूं 15000 रुपये का, श्री तेजराम सांखला द्वारा हरी सब्जियां 850 रुपये का, भेरूलाल पाटीदार रोला द्वारा गेहूं, अजवाइन, चना एवं श्री टीकमचंद जोगचंद (नामली) द्वारा जैविक खाद 2400 रुपये के उत्पाद विक्रय किए गए।
जैविक हाट बाजार में कुल 84400 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।
==============
किसानों से नरवाई न जलाने की अपील नरवाई प्रबंधन के उपाय भी बताये
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने जिले के किसानों से खेतों में नरवाई (पराली) न जलाने की अपील की है। अपील में किसानों को बताया गया है कि नरवाई जलाने से जमीन में पोषक तत्व बचाने वाले सूक्ष्म जीवाणु अथवा लाभकारी कीट मर जाते हैं। इस वजह से भूमि की उर्वरा शक्ति कम हो जाती है और उत्पादन प्रभावित होता है। नरवाई जलाने से पशु पक्षियों को भी नुकसान पहुंचता है और मेढ़ों पर लगे हरे भरे पेड़ आग से झुलस जाते हैं। नरवाई जलाने से हानिकारक गैस का उत्सर्जन होता है, इस वजह से वातावरण प्रदूषित होता है तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के अनुसार जिले में अधिकांशतः कटाई कम्बाइंड हार्वेस्टर से होने के कारण खेत में शेष बची नरवाई या पराली किसानों द्वारा जला दी जाती है, जबकि प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा अन्य प्रदेशों में इसका प्रयोग पशुओं के वैकल्पिक आहार के रूप में किया जाता है। नरवाई जलाने से पशुओं को पर्याप्त मात्रा में आहार न मिलने से वे भूखे रह जाते हैं और पॉलीथिन खाते हैं। इस वजह से पशुओं का जीवन संकट में पड़ जाता है और यहां तक की उनकी मृत्यु हो सकती है, जबकि कटाई के कुछ माह बाद यही नरवाई दोगुनी कीमत में बेचकर अतिरिक्त लाभ अर्जित किया जा सकता है। इसका इस्तेमाल पैकिंग कार्य में अथवा घरेलू ईंधन के रूप में भी किया जा सकता है।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास के अनुसार खेतों में नरवाई या पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा क्षमता कम होती है और इससे उत्पादन प्रभावित होता है। नरवाई में लगाई गई आग के अनियंत्रित होने की आशंका भी हमेशा बनी रहती है। इसके कारण कई गंभीर अग्नि दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं, जिससे सम्पत्ति का भी बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। ग्रीष्म ऋतु में जल संकट उत्पन्न होने का भी यह एक महत्वपूर्ण कारण है।
विभाग के अनुसार रोटावेटर आदि यंत्रों का उपयोग कर नरवाई को मिट्टी में मिला देना चाहिए। मिट्टी में मिलाने से फसल अवशेष सड़कर कार्बनिक पदार्थ में बदल जाते हैं और इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है। फसल कटाई में कम्बाइंड हार्वेस्टर के साथ स्ट्रा रीपर यंत्र (भूसा बनाने की मशीन) का उपयोग किया जाए। कम्बाइंड हार्वेस्टर के साथ स्ट्रा रीपर यंत्र के इस्तेमाल से बने भूसे का उपयोग मवेशियों के आहार के रूप में काम आयेगा। अधिक भूसा बनने पर उसे निराश्रित गौवंश के लिये गौशालाओं को दान भी किया जा सकता है। भू-नाडेप, वर्मी कम्पोस्ट जैसी जैविक खाद बनाने में भी नरवाई का उपयोग किया जा सकता है।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने नरवाई प्रबंधन के लिये कृषकों से जीरो टिलेज सीड ड्रिल अथवा सुपर सीडर या हैप्पी सीडर से बोनी करने की अपील की है। जीरो टिलेज सीड ड्रिल अथवा सुपर सीडर या हैप्पी सीडर के उपयोग से जहां एक ओर कृषक की लागत कम होती वहीं खेतों में उपलब्ध नमी का भी उपयोग होता है ।
=========
जावरा में किया नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा का आयोजन
रतलाम : रविवार, अप्रैल 19, 2026,

महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना जावरा ग्रामीण/शहर में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों के अध्यक्ष/ सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व महिलाओं की उपस्थिति में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन जनपद सभागृह जावरा में आयोजित किया गया।
नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा अन्तर्गत महिला संगोष्टी एवं सेमीनार का आयोजन मुख्य अतिथि पार्षद एवं चेयरमेन यातायात परिवहन नगर पालिका जावरा श्रीमती कविता अनीस कल्याणे के आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के उत्थान, जनभागीदारी,हर क्षेत्र में महिलाओं का योगदान एवं सहभागीता, महिला सशक्तिकरण के सम्बन्ध में चर्चा की गई।
कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री रामनिवास बुधौलिया के निर्देशन में परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना जावरा ग्रामीणश्रीमती अंकिता पाटीदार, पर्यवेक्षक श्रीमती जमीला बानो, श्रीमती जया जाटव, सम्बन्धित शाखा प्रभारी श्री जगदीशचन्द्र मोर्य, अरविन्द पण्डया, एवं ब्लॉक समन्वयक सुनिल वर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे।



