मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 19 अप्रैल 2026 सोमवार

////////////////////////////////////////////////

बच्चों एवं महिलाओं के साथ लैंगिक हिंसा की रोकथाम हेतु दो दिवसीय स्टेकहोल्डर वर्कशॉप का सफल आयोजन

मंदसौर 19 अप्रैल 2026/ उप पुलिस अधीक्षक सुश्री कीर्ति बघेल द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले में बच्चों एवं महिलाओं के साथ लैंगिक हिंसा की रोकथाम, बाल संरक्षण तथा विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग, जन साहस संस्था एवं उड़ान संस्था के संयुक्त तत्वाधान में दो दिवसीय स्टेकहोल्डर वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला का आयोजन 18 अप्रैल 2026 सीतामऊ स्थित नटनगर शोध संस्थान परिसर तथा 19 अप्रैल 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, मंदसौर में किया गया। प्रथम दिवस में सीतामऊ, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़ एवं सुवासरा क्षेत्र से विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए, जबकि द्वितीय दिवस में मंदसौर शहरी क्षेत्र के साथ-साथ मल्हारगढ़, दलौदा एवं अन्य क्षेत्रों से संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश अनुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री हेमलता कुरील, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र भास्कर तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र प्रजापति एवं सुश्री कीर्ति वाघेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के थाना प्रभारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी एवं सुपरवाइजर, स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर स्वास्थ कार्यकर्ता , शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधि तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से डिफेंस लॉयर एवं पैरालीगल वॉलिंटियर्स की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन श्री कुलदीप घावरी द्वारा किया गया तथा सुश्री संगीता कुंभकार द्वारा संस्था की गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी साझा की गई।

कार्यशाला के दौरान लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) पर श्री प्रतीक सिंह एवं सुश्री चांदनी द्वारा विस्तृत सत्र लिए गए, जिनमें कानून की प्रमुख धाराएं, अनिवार्य रिपोर्टिंग, प्रकरण पंजीयन की प्रक्रिया, साक्ष्य संरक्षण तथा पीड़ित हितों की सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों पर जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों की वैधानिक भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

मानसिक स्वास्थ्य विषय पर सुश्री नेहा द्वारा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों एवं किशोरों में मानसिक स्वास्थ्य के संकेतों की पहचान, मनोसामाजिक सहयोग, काउंसलिंग की आवश्यकता तथा रेफरल मैकेनिज्म पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वयक सुश्री ममता खींची द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम हेतु सभी स्टेकहोल्डर्स को सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा प्रभावी कार्यवाही हेतु समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।

===========

गांधीसागर जलाशय (मंदसौर) में अवैध शिकार की घटना एवं मगरमच्छ की मृत्यु के वायरल विडियो पर कार्यवाही

मंदसौर 19 अप्रैल 26/ वनमण्डलाधिकारी श्री संजय रायखेरे द्वारा बताया गया कि गांधीसागर जलाशय के संजीत क्षेत्र के बैकवाटर में दिनांक 15 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ वीडियो संज्ञान में आए, जिनमें बड़ी संख्या में मृत मछलियाँ एवं एक मगरमच्छ के मृत होने की आशंका व्यक्त की गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा जल में विद्युत करंट प्रवाहित कर अवैध रूप से मछलियों का शिकार किया जाना सामने आया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही नाहरगढ़ पुलिस, वन विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से त्वरित कार्यवाही करते हुए पश्चिम बंगाल के 03 आरोपियों सुकांत सरकार, सुजान विश्वास, देवव्रत विश्वास को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के कब्जे से अवैध शिकार में प्रयुक्त UPS बैटरी, विद्युत तार एवं अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। प्रकरण में मत्स्य अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

वन विभाग द्वारा दिनांक 16 से 18 अप्रैल 2026 तक सतत सर्चिंग अभियान चलाया गया। दिनांक 18 अप्रैल को संजीत डूब क्षेत्र के सान टापू के समीप एक मृत मगरमच्छ पाया गया, जो अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में था। अभ्यारण्य गांधीसागार में पदस्थ वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. आकाश वाल्मिकी द्वारा मौके पर वैज्ञानिक परीक्षण हेतु नमूने लिए गए एवं पोस्टमार्टम किया गया। तत्पश्चात वनमण्डलाधिकारी मंदसौर, राजस्व, वन स्टाफ एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में मृत मगर का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी पिछले दो महीनों से इस क्षेत्र में सक्रिय थे और करंट के माध्यम से मछलियों का अवैध शिकार कर रहे थे, जिससे जलीय पारिस्थितिकी को गंभीर क्षति पहुंची है। इसी दौरान मगरमच्छ की मृत्यु भी करंट की चपेट में आने से होना संभावित है।

वन विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्यवाही की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, पूरे नेटवर्क की जांच एवं क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

वन विभाग आमजन से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

======

अक्षय तृतीया पर बाल विवाहों की रोकथाम के लिए विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन मंदसौर ने जिला प्रशासन के साथ मनाया सतर्कता दिवस
मंदसौर। जिले में बाल अधिकारों की सुरक्षा व बाल विवाहों की रोकथाम के लिए काम कर रहे संगठन विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन  ने अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाहों की रोकथाम के लिए सतर्कता दिवस मनाया। इसमें बाल विवाह निषेध अधिकारी (सीएमपीओ) व आशा यूनिटों ने भी सहयोग दिया और जिले में बाल विवाह की रोकथाम का संकल्प दोहराया। विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन  जिला प्रशासन, पंचायतों, स्कूलों और धर्मगुरुओं के साथ मिलकर जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए स्कूलों, पंचायतों और गांवों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहा है और जिले में हजारों लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई है। संगठन खास तौर से बाल विवाह के लिहाज से संवेदनशील अक्षय तृतीया जैसे मौकों पर प्रशासन व सरकार के सहयोग से इसकी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाता रहा है विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन देश में बाल अधिकारों की सुरक्षा व संरक्षण के लिए 250 से भी अधिक नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।
जिले में अब तक बाल विवाह के खिलाफ अभियान की सफलता पर संतोष जाहिर करते हुए विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के निदेशक राम रघुवंशी ने कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ दिन की आड़ में बाल विवाह जैसे अपराध को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन व नागरिक समाज संगठनों की सतर्कता से अब अक्षय तृतीया के दिन होने वाले बाल विवाहों की संख्या में खासी कमी आई है लेकिन हमें इसे पूरी तरह रोकने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि चंद वर्षों पहले तक लोगों को यह भी नहीं पता था कि नाबालिग बच्चों की शादी बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम (पीसीएमए), 2006 के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें किसी भी रूप में शामिल होने या सेवाएं देने पर दो साल की सजा व जुर्माना या दोनों हो सकता है। इसमें बाराती और लड़की के पक्ष के लोगों के अलावा कैटरर, साज-सज्जा करने वाले डेकोरेटर, हलवाई, माली, बैंड बाजा वाले, मैरेज हाल के मालिक और यहां तक कि विवाह संपन्न कराने वाले पंडित और मौलवी को भी अपराध में संलिप्त माना जाएगा और उन्हें सजा व जुर्माना हो सकता है। लेकिन जमीन पर हमारे गहन जागरूकता अभियानों से जागरूकता बढ़ी है और हालात बदले हैं। अब लोग बाल विवाहों की सूचना दे रहे हैं और प्रशासन तुरंत इसकी रोकथाम के लिए कार्रवाई कर रहा है। यह एक उल्लेखनीय बदलाव है और हमें विश्वास है कि हम 2030 से पहले ही जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल कर लेंगे।
जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन 250 से भी ज्यादा सहयोगियों के साथ बाल विवाह की ऊंची दर वाले देश के 450 से भी ज्यादा जिलों में इस अपराध के खिलाफ अभियान चला रहा है। इस नेटवर्क ने अब तक पांच लाख से ज्यादा बाल विवाह रोके हैं।

=======

बिना एचएसआरपी वाहन मालिक नहीं कर पाएँगे आरसी, फिटनेस और परमिट नवीनीकरण : आरटीओ श्री यादव

वाहन मालिकों से अपील, जल्द लगवाएँ एचएसआरपी

मंदसौर 19 अप्रैल 26 / क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा बताया गया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले के सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) अनिवार्य कर दी गई है। जिन वाहनों पर एचएसआरपी नहीं होगी, उन्हें कई प्रकार की परिवहन सेवाओं से वंचित रहना पड़ेगा।

1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत सभी वाहनों पर एचएसआरपी लगवाना आवश्यक है। इसके बाद पंजीकृत वाहनों में यह प्लेट पहले से अनिवार्य कर दी गई है। यदि वाहन मालिक निर्धारित समयावधि में अपने वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लगवाते हैं तो संबंधित शो-रूम डीलर का ट्रेड लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।

एचएसआरपी न होने पर वाहन मालिकों को निम्नलिखित सेवाएँ उपलब्ध नहीं होंगी

डुप्लीकेट पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) के लिए आवेदन, पंजीकरण प्रमाण पत्र में पता परिवर्तन, शुल्क देकर आरसी विवरण देखना, मोटर वाहन के स्वामित्व में परिवर्तन, हाइपोथिकेशन जोड़ना/हटाना, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करना, परमिट का नवीनीकरण, वाहन का पंजीयन निरस्त करना, वाहन के ऋण/अर्थिक अनुज्ञप्ति जारी करना, फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करना।

परिवहन विभाग की अपील

सभी वाहन मालिक समय रहते अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाएँ। यह न केवल कानूनन अनिवार्य है, बल्कि आपकी और आपके वाहन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

===============

शासकीय / प्रायवेट कार्यालयों में आंतरिक परिवाद समिति का गठन नहीं किया तो 50 हजार रूपए का जुर्माना होगा

मंदसौर 19 अप्रैल 26 / जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी बी.एल. बिश्नोई द्वारा बताया गया कि महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम-2013 द्वारा महिलाओं को कार्यस्थल पर सुगम वातावरण, सुरक्षा प्रदान करते हुए मजबूत शिकायत तंत्र प्रावधानित किया है। अधिनियम की धारा-4 के अंतर्गत प्रत्येक नियोजक आंतरिक समिति का गठन करेगा। प्रत्येक कार्यालय (शासकीय / प्रायवेट) जहां 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, ऐसे कार्यालय में एक आंतरिक समिति का गठन होना अनिवार्य है।

समिति के पीठासीन अधिकारी एवं सदस्यों की नियुक्ति अधिकतम तीन वर्ष के लिए होती है। तीन वर्ष पश्चात समिति का पुनर्गठन किया जाना होता है। जिले के प्रत्येक 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत शासकीय/ अशासकीय कार्यालय में समिति का गठन पीठासीन अधिकारी कार्यस्थल पर कार्यरत वरिष्ठ महिला कर्मचारी, वरिष्ठ महिला उपलब्ध न होने पर अन्य कार्यालय से किसी अन्य महिला को आमंत्रित किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने समस्त अशासकीय संस्थाओं में आंतरिक समिति का गठन करें अथवा पूर्व में गठित समितियों का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के पश्चात नवीन समिति का गठन कर She BOX प्रोर्टल पर रजिस्‍ट्रेशन अनिवार्य रूप से करे, अन्यथा इस स्थिति में कार्यालयीन समिति का सही गठन या गठन न होने पर अधिनियम की धारा-26(1) के अनुसार 50 हजार रुपए की राशि से जुमनि से दंडित करने की कार्रवाई की जाएगी।

========

रोटरी के संस्थापक पॉल हैरिस का जन्मदिन सेवा प्रकल्प के साथ मनाया

कश्यप परिवार के सहयोग से रोटरी के स्थायी जल मंदिर का पुनर्निर्माण, नवीन वाटर कूलर लगाकर जनसेवा को समर्पित

मंदसौर। रोटरी क्लब मंदसौर द्वारा रोटरी के संस्थापक पॉल हैरिस के जन्मदिवस को सेवा प्रकल्प के रूप में मनाते हुए नगर के बस स्टैंड स्थित रोटरी द्वारा संचालित स्थायी जल मंदिर का पुनर्निर्माण कर उसे जनउपयोग हेतु समर्पित किया गया। इस अवसर पर हर्ष नारायण कश्यप परिवार के सहयोग से जल मंदिर में नवीन वाटर कूलर स्थापित किया गया, जिससे आमजन को शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र अग्रवाल एवं प्रकाश सिसोदिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं रोटरी संस्थापक पॉल हैरिस के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा सभी को अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं देकर की गई।
स्वागत उद्बोधन में रोटरी क्लब मंदसौर के अध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल सेवा सबसे बड़ा जनसेवा कार्य है और रोटरी सदैव ऐसे प्रकल्पों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है।
रोटरी जिला 3040 के असिस्टेंट गवर्नर संजय गोठी ने नगर पालिका अध्यक्ष से निवेदन किया कि नगर में यदि अन्य स्थानों पर भी प्याऊ या जल मंदिरों के पुनर्निर्माण की आवश्यकता हो, तो रोटरी क्लब इस दिशा में हरसंभव सहयोग हेतु तत्पर रहेगा।
वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र अग्रवाल ने रोटरी क्लब द्वारा नगर में संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की सराहना की,  वहीं पत्रकार प्रकाश सिसोदिया ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा जरूरत के समय समाज के साथ खड़ा रहता है और सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता है।
नगरपालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने अपने उद्बोधन में कहा कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस जल मंदिर के पुनः प्रारंभ होने से यात्रियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा, विशेषकर गर्मी के मौसम में यह पहल अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब द्वारा वर्षों पूर्व इस स्थायी जल मंदिर का निर्माण श्री गेंदालालजी, साग़रमल जी ओमप्रकाश जी,  इंदरमल जी जैन एवं बाबूलालजी, हरीश जी कश्यप परिवार द्वारा किया गया था, जिसका संचालन लंबे समय से पूर्व पार्षद संजय जैन (करनाखेड़ी वालो) द्वारा समर्पण भाव से किया जा रहा है। समय के साथ इसमें पुनर्निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ एस.एम जैन द्वारा के अनुरोध पर स्व. श्रीमती अमृता बाई कश्यप की स्मृति में हर्ष नारायण कश्यप परिवार ने इसका नव-निर्माण कर आधुनिक वाटर कूलर के साथ पुनः रोटरी क्लब के माध्यम से जनसेवा को समर्पित किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद काबरा, प्रमोद कीमती, कनक पंचोली, राजेश सिंघवी, दिनेश रांका, डॉ कमलेश कुमावत, सहित अनिल चौधरी, मोहन माहेश्वरी, अजय नागौरी, ऋषि मेहता, प्रेमेंद्र चौरडिया, दानदाता परिवार से हरिनारायण कश्यप, कीर्तिनारायण कश्यप, श्रीमती सुधा कश्यप, प्रियंका कश्यप, दीपिका कश्यप, राघवरी कश्यप के.सी शर्मा, हितेश शर्मा, संजय जैन (के.संस) सहित अनेक गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब मंदसौर के सचिव कपिल भंडारी ने किया, जबकि आभार सहसचिव अभय सोमानी ने माना।
फोटो कैप्शन-
बस स्टैंड स्थित रोटरी जल मंदिर का लोकार्पण करते हुए अतिथि एवं रोटरी क्लब मंदसौर के पदाधिकारी।

=========

जनगणना एक राष्ट्रीय कार्य, इसमें सबका सक्रिय सहयोग बेहद जरूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों से किया राष्ट्रीय जनगणना कार्य को सफल बनाने का आह्वान

प्रदेश में जनगणना-2027 के पहले चरण का काम आगामी 1 मई से होगा आरंभ

16 से 30 अप्रैल तक नागरिक ऑनलाईन कर सकेंगे स्व-गणना

मंदसौर 19 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश की जनसंख्या के आंकड़े ही केंद्र सरकार द्वारा नीति निर्माण एवं मानव संसाधन के नियोजन का पहला आधार होते हैं। देश की आबादी की गणना के लिए राष्ट्रीय जनगणना-2027 का कार्य आगामी एक मई से आरंभ होने जा रहा है। यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें सभी का सक्रिय सहयोग बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनता के नाम एक अपील संदेश भी जारी कर आहवान किया है कि प्रदेश के सभी नागरिक अपनी सहभागिता से इस पुनीत राष्ट्रीय कार्य को सम्पन्न कराने में सहयोग दें। संदेश में उन्होंने कहा है कि प्रदेश में एक मई 2026 से प्रारंभ हो रहे जनगणना-2027 के पहले चरण, ‘मकान सूचीकरण एवं गणना’ कार्य एक राष्ट्रीय दायित्व है। राज्य का प्रत्येक नागरिक पूर्ण निष्ठा और सक्रिय सहयोग के साथ इस कार्य को सफल बनाये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जनसामान्य की सुविधा के लिए “स्व-गणना” का विकल्प भी ऑनलाईन उपलब्ध कराया गया है। इसमें कोई भी नागरिक 16 से 30 अप्रैल 2026 के बीच http://se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी प्रदेशवासियों की सहभागिता प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने राज्य के प्रत्येक नागरिक से स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करने की अपेक्षा भी की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा ‍कि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के इस अभियान में सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक अपने-अपने स्तर पर पूरी निष्ठा, समर्पण, उत्तरदायित्व एवं सहयोग की भावना से इस देशव्यापी राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करें।

आधुनिक डिजिटल तकनीकों का अधिकतम उपयोग हो रहा जनगणना में

भारत की जनगणना विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है। वर्तमान शताब्दी की तीसरी जनगणना वर्ष 2027 में संपादित की जानी है, जो राष्ट्र एवं राज्य के भावी विकास के लिए आधारभूत और विश्वसनीय जन सांख्यिकीय आंकड़े उपलब्ध कराएगी। जनगणना 2027 की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इस बार की जनगणना में आधुनिक डिजिटल तकनीक का व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। पहली बार बड़े पैमाने पर मोबाइल ऐप आधारित डेटा संकलन किया जाएगा।

========

10वीं-12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को द्वितीय अवसर परीक्षा का मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

अनुपस्थित, अनुत्तीर्ण और अंक सुधारने के इच्छुक विद्यार्थी ले सकेंगे लाभ

22 अप्रैल तक किया जा सकेगा आवेदन

7 से 25 मई तक आयोजित होगी परीक्षा

मंदसौर 19 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व और स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचारों के परिणामस्वरूप प्रदेश के बच्चों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। शासकीय स्तर पर की गई पहल के साथ-साथ यह उपलब्धि विद्यार्थियों और शिक्षकों की कड़ी मेहनत का प्रमाण भी है। इस वर्ष किसी भी छात्र का परीक्षाफल पूरक घोषित नहीं किया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अब विद्यार्थियों के लिए द्वितीय परीक्षा आयोजित की जा रही है। जो विद्यार्थी अनुपस्थित रहे, अनुत्तीर्ण हुए या अंक सुधारना चाहते हैं, वे निराश न हों, सरकार उनके साथ खड़ी है। “द्वितीय अवसर परीक्षा” 7 से 25 मई तक आयोजित होगी। राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को पिछली बार से अधिक परिश्रम और बेहतर करने के लिए एक मौका और दिया गया है। अनुत्तीर्ण हुए बच्चों के माता-पिता को ऐसे मौके पर अपने बच्चे के साथ खड़े होने और उन्हें हौसला देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि आज की असफलता से निराश होने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। जीवन की राह में छोटी-मोटी असफलताएं हमें और अधिक मजबूत बनाने के लिए आती है। गिरकर संभलने वाला ही असली विजेता कहलाता है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जा रही द्वितीय अवसर परीक्षा में ऐसे छात्र जो मंडल की प्रथम परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुपस्थित/अनुत्तीर्ण रहे हों, सम्मिलित हो सकेंगे। ऐसे परीक्षार्थी जो किसी विषय में उत्तीर्ण हो गए हों, वे भी अंक सुधारने के लिए द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। परीक्षार्थियों का प्रथम एवं द्वितीय अवसर में से जो भी श्रेष्ठ परिणाम होगा, वह अंतिम रूप से मान्य रहेगा। प्रायोगिक विषयों में किसी छात्र को प्रायोगिक और आंतरिक परीक्षा के केवल अनुत्तीर्ण भाग में शामिल होने की पात्रता होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में परीक्षार्थी को विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 अप्रैल रात 12 बजे तक एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भरे जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाले देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में प्राइमरी स्तर पर ‘ड्रॉप आउट रेट’ शून्य (Zero) हो गया है। प्रदेश में 369 सर्वसुविधायुक्त सांदीपनी विद्यालय और 730 पीएम श्री स्कूल, शालेय शिक्षा की गुणवत्ता में क्रांतिकारी बदलाव ला रहे हैं। शिक्षा के लिए बजट में 36 हज़ार 730 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जो पिछले वर्ष से 11% अधिक है। यह निवेश अगली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए है। निजी स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर 8 लाख 50 हज़ार से अधिक बच्चों की फीस राज्य सरकार भर रही है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रहे।

=====================

प्रदेश में पहली बार विद्यार्थियों को मिल रहा द्वितीय परीक्षा का अवसर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

विद्यार्थियों को रूकना नहीं है, अब और भी बेहतर करना है

मंदसौर 19 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 10वीं और 12वीं के अनुपस्थित, अनुत्तीर्ण और अंक सुधार के इच्छुक परीक्षार्थीयों के लिए पूरक परीक्षा के स्थान पर पहली बार द्वितीय परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक्स पर विद्यार्थियों से कहा कि आपको इस द्वितीय अवसर का भरपूर लाभ उठाना है। विद्यार्थियों को रुकना नहीं, अब और भी बेहतर करना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिये पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा के इच्छुक परीक्षार्थी 22 अप्रैल तक mponline पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परीक्षा को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित किया जा रहा है।

========

जीव दया और सेवा के संकल्प के साथ मनाया गया आचार्य श्री का जन्म उत्सव
​मन्दसौर । स्थानीय प्रतापगढ़ रोड स्थित श्री गोपाल कृष्ण गौशाला में जैन सोशल ग्रुप मेन मन्दसौर द्वारा एक अनुकरणीय सेवा कार्य का आयोजन कर पूज्य गुरुदेव आचार्य श्री अशोक सागर सूरिश्वर जी महाराज साहब के 82 वर्ष पूर्ण कर 83वें वर्ष में प्रवेश के पावन अवसर पर जीव दया सेवा प्रकल्प के अंतर्गत गोवंश को हरे चारे का आहार कराया गया। श्री आर्यरक्षितसूरि जैन तीर्थ धाम के प्रेरक गुरुदेव के जन्म दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रुप के सदस्य और धर्मप्रेमी एकत्रित हुए।
​कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए जैन सोशल ग्रुप मेन के अध्यक्ष राजेन्द्र नाहर ने कहा कि पूज्य गुरुदेव का जीवन हम सभी के लिए करुणा और संयम का जीवंत संदेश है। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि गुरुदेव सदैव जीव मात्र के प्रति दया भाव रखने की प्रेरणा देते हैं और आज उनके जन्म उत्सव को किसी आडंबर के बजाय मूक प्राणियों की सेवा कर मनाया  है। नाहर ने आगे कहा कि गोवंश की सेवा भारतीय संस्कृति का मूल आधार है और जैन सोशल ग्रुप भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
 इस पुनीत कार्य में सम्मिलित होकर ग्रुप संयोजक संजय लोढा, पूर्व अध्यक्ष सतीश लोढ़ा, उज्ज्वल मेहता, संजय जैन श्वेता, कमल कच्छारा, मुकेश खमेसरा, हिम्मत लोढ़ा, अभिषेक खिमेसरा, अनिल संघवी, गोरव सुराणा, कुशल नाहर, संदीप ओस्तवाल, अशोक कर्नावट, हैप्पी पाटनी, पंकज कच्छारा, जम्बू चोधरी, ऋषि मेहता सहित अनेक सदस्यों ने पुण्य लाभ अर्जित किया और गुरुदेव के दीर्घायु होने की मंगल कामना की। अंत मे आभार सचिव गौरव सुराणा ने माना।
=========
नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने किक्रेट टूर्नामेंट की तैयारियों का जायजा लिया

मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नपाध्यक्ष श्रीमति रमादेवी बंशीलाल गुर्जर के द्वारा दिनांक 21 अप्रेल 2026 से दिनांक 25 अप्रेल 2026 तक कालाखेत खेल मैदान में नपाध्यक्ष ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मेहुल सुनिल जैन महाबली मित्र मंडल के द्वारा 5 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिदिन डे एवं नाइट मैच खेले जायेगें। इस टुनार्मेन्ट की तैयारीयों को लेकर कल नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने कालाखेत खेल मैदान का निरीक्षण किया तथा खेल मैदान की व्यवस्थाओं को देखा और क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन में लगे मेहुल जैन, जॉन फतरोड., विवेक भावसार, धीरेन्द्र नोगिया, देवराज फतरोड आदि से चर्चा की। नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने खेल मैदान की सफाई एवं बैरिकेट्स के संबंध में आवश्यक निर्देश भी नपा कर्मचारीयों को दिये। इस अवसर पर भाजपा महिला मार्चा जिलाध्यक्ष निर्मला गुप्ता, भाजपा जिलामंत्री रानु भावसार, पार्षद सुनीता गुजरिया, आरती दवे, महिला नेत्री वंदना भावसार, नपा स्वास्थ्य अधिकारी हेमचन्द्र शर्मा नपा कर्मचारी बाबू भाई भी उपस्ािित थे।

जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को दी जा रही है ट्रेनिंग
द्वितीय चरण का प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ

90 कर्मचारी तीन दिवस तक प्रशिक्षण वर्ग में करेगें सहभागिता

मंदसौर। भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना का कार्य अप्रैल 2026 व फरवरी 2027 में किया जाना है। जनगणना कार्य के लिये म.प्र. शासन ने कर्मचारियों को जो दायित्व दिया है उन सभी कर्मचारियों को जो मंदसौर नगर के सभी 40 वार्डाे में जनगणना का कार्य करेगें उन कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला के (द्वितीय चरण) का आयोजन महारानी लक्ष्मीबाई स्कुल परिसर में किया जा रहा है कलेक्टर श्रीमति अदिति गर्ग के निर्देशानुसार कल रविवार को महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल परिसर में जनगणना कार्य में लगाये गये 90 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। दिनांक 19, 21 व 22 अप्रैल को तीन दिवस तक ये कर्मचारी प्रतिदिन यहाँ टैनिंग प्राप्त करेंगे। डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अनिता चकोटिया एंव अनुविभागीय अधिकारी शिवलाल शाक्य के मार्गदर्शन में कर्मचारीगण यहां ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं। मास्टर ट्रेनर 45-45 कर्मचारियों को यहा अलग अलग कक्ष में ट्रेनिग दे रहे है। नमर पालिका परिषद मंदसौर के द्वारा प्रशिक्षण कार्यशाला की पुरी व्यवस्था मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रेम कुमार सुमन व स्वास्थ्य अधिकारी हेमचन्द्र शर्मा की देखरेख मे की गयी है। मंदसौर नगर के लिये जनगणना कार्य में लगाये गये नपा कर्मचारी व अजय मारोठिया, राजेन्द्र नीमा, मंगेश राव नवले, मोहम्मद शाहिद, अक्षय जैन सहित नपा के कई कर्मचारीगण प्रशिक्षण कार्यशाला के द्वितीय चरण की पूरी व्यथा में जुटे हैं।

========

कंप्‍यूटर अकाउंटिंग टैली का निः शुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ

प्रशिक्षण हेतु आवेदन की तिथि प्रारंभ 18 अप्रैल

मंदसौर 17 अप्रैल 26 /  सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर द्वारा दिनांक 19/04/2026 प्रशिक्षण प्रारंभ हो जाएगा । जिसके रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो चुके है, 10 सीट और बाकी है सीट पूरी होने पर आवेदन नहीं लिए जाएंगे।

प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। इन प्रशिक्षणो का लाभ गामीण अंचल के युवक/पुरुष जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीव हो उन्ही को मिलेगा। इस प्रशिक्षण मे आवास, भोजन व नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक प्रशिक्षणार्थीयो के बैंकिग संबंधी सभी जानकारियों एवं समस्याओ का समाधान भी इस प्रशिक्षण के दौरान किया जायेगा। प्रशिक्षणार्थी 2 नये पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एवं राशन कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति के साथ आवेदन सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्गप्रमीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर में जमा करा सकते है। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमो का अधिक से अधिक लाभ उठावे।

संस्थान मे संपर्क सुबह 10:00 से शाम 5:30 बजे तक व्यक्तिशःय एवं अन्य जानकारी मोबाईल न. 6269058449, 7999852839 8435806297, 9111858590 पर भी प्राप्त कर सकते है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}