समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 19 अप्रैल 2026 रविवार

////////////////////////////
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने चारा एवं भूसे के निर्यात पर 31 मई तक प्रतिबंध लगाया
उल्लंघन पर म.प्र. पशु चारा निर्यात नियंत्रण प्रावधानों के तहत होगी दण्डात्मक कार्यवाही
मंदसौर 18 अप्रैल 26 / कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने जिले में चारा एवं भूसे के निर्यात को रोकने के लिए पर 31 मई तक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। मंदसौर जिला अंतर्गत चारा/भुसा के निर्यात होने व अन्य कारणों से पशुओं के भुसा एवं चारा आदि की कमी होने की आशंका है।
जिले मे उत्पादित भुसा एवं चारे को पशुओं हेतु पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति एवं संग्रहण करना आवश्यक है। म०प्र० पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के अधीन प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग करते हुए पशुओं के आहार में आने वाले सभी प्रकार के चारा, भुसा, घास, ज्वार आदि पशु चारे का उपयोग ईंट भट्टे में जलाने, फैक्ट्रियों में जलाने एवं जिले की सीमा से बाहर निर्यात को तत्काल प्रभाव से 31 मई 2026 तक के लिए प्रतिबन्ध लगाया गया है।
समस्त प्रकार के भुसा, चारा, घास, कड़वी आदि को कोई भी कृषक, व्यापारी, व्यक्ति या निर्यातक संस्था किसी भी प्रकार के वाहन, नाव, मोटर-ट्रक, बैलगाड़ी एवं रेल्वे अथवा अन्य साधन द्वारा जिले के बाहर बिना कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की लिखित अनुमति के निर्यात नहीं करेगें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उक्त आदेश का उल्लंघन होने पर म.प्र. पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
=======
अभिव्यक्ति स्थल पर हर रविवार सजेगा जैविक हाट बाजार
मंदसौर 18 अप्रैल 26 / जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी उपज के लिए उचित विपणन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अभिव्यक्ति स्थल, महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास, मंदसौर में जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग श्री रविंद्र मोदी ने बताया कि यह जैविक हाट बाजार प्रत्येक रविवार, प्रातः 11.00 बजे से नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस हाट बाजार में मंदसौर जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषक समूह तथा स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री हेतु यह एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं रसायन मुक्त उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध होंगे।
जिले के समस्त जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों, उत्पादक समूहों तथा क्रेता-विक्रेताओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जैविक हाट बाजार में सहभागिता करें। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें: – 9630202379, 6269698309
=============
दलौदा पब्लिक स्कूल का 10वीं व 12वीं एमपी बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम
70% विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की, टॉपर्स ने मेरिट में बनाई खास पहचान
दलौदा । मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में दलौदा पब्लिक स्कूल, दलौदा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 100% परिणाम दर्ज किया है । इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे क्षेत्र व अभिभावकों में हर्ष और उत्साह का माहौल है । विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे, जो संस्थान की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और अनुशासन को दर्शाता है । विशेष रूप से 70 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया । कई छात्रों ने उच्च अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई हे ।इस उपलब्धि पर विद्यालय की संचालिका श्रीमती सोनाली जैन एवं प्राचार्य श्री प्रदीप शेरावत ने सभी विद्यार्थियों,अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है । विद्यालय के टॉप रहे कक्षा 12वीं गणित संकाय टॉपर्स विवेक कुमार (90%), वंदना कुमावत (82.20%), राजवीर सिंह राठौर (81.20%),कक्षा 12वीं बायोलॉजी संकाय टॉपर्स चंचल पाटीदार (91.60%), अविका जैन (87%), यशवर्धन रायकवार (87%), राधिका पाटीदार (85.80%), तनुजा जोशी (85.80%), माधुरी पाटीदार (83.20%)कक्षा 12वीं कॉमर्स संकाय टॉपर्स- अदिति जैन (88.40%), अंजली पाटीदार (86.60%), पूजा कुमावत (82.40%), मुबश्शरा खान (80.40%) कक्षा 10वीं टॉपर्स- लेखराज सिंह देवड़ा (89.60%), अभिषेक पाटीदार (88.80%), इशिता (87.80%), प्राची शर्मा (85.80%), आदर्श पाटीदार (85.80%), सुनिधि जैन (85.40%), शिवराज सिंह सिसोदिया (83.60%), तृप्ति पाटीदार (83.20%), कृतिका पाटीदार (82.20%), निकिता पाटीदार (80.20%) आदि छात्र छात्राओं ने उच्च अंक लाकर दलौदा पब्लिक स्कूल का नाम रोशन किया है । वही विद्यालय ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि समर्पण,अनुशासन और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है ।



