समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 अप्रैल 2026 रविवार

जल गंगा संवर्धन अभियान:
मोरवन में जनसहयोग से कुएं की मरम्मत एवं सफाई की स्वच्छ हुआ पेयजल
नीमच 18 अप्रैल 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में नीमच जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के कार्य एवं पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत जावद की ग्राम पंचायत मोरवन में पेयजल कुएं की जल गंगा संवर्धन अभियान तहत साफ सफाई एवं मरम्मत का कार्य किया गया। सचिव श्री रामप्रसाद तथा पंचायत पदाधिकारियों, ग्रामीणों, सर्वश्री जगदीश, भारत, राहुल, मदनलाल, कन्हैयालाल, राकेश सहित अन्य ग्रामीणों के सहयोग से पुराने कुएं की पाल की मरम्मत की गई एवं कुएं के अंदर से साफ-सफाई की गई।
अभियान के पूर्व इस कुएं की पाल जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थी तथा साफ-सफाई का अभाव था। ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से कुएं की पाल की मरम्मत एवं सफाई कार्य कराया गया है। अब इस कुएं में जल स्वच्छ दिखाई दे रहा है।
============
हर घर नल से जल योजना के सफल संचालन के लिए
सरपंच, सचिवों, पम्प आपरेटरों व वाल्वमेनो को प्रशिक्षित करें- श्री चंद्रा
कलेक्टर ने की विभिन्न निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा
नीमच 18 अप्रेल 2026, गांधी सागर से जिले की हर घर नल से जल प्रदाय योजना के सफल संचालन के लिए कलस्टर लेवल पर सभी सरपंचों, सचिवों, पम्प ऑपरेटरों और वाल्वमेनो का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर प्रशिक्षण प्रदान करें। साथ ही पेयजल टंकीयों में जल भराव, प्रदाय की रीयल टाईम मानिटरिंग की व्यवस्था की जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों की बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल निगम एवं लोक स्वा.या.वि.के कार्यपालन यंत्री को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव व विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने जल निगम महाप्रबंधक व एमपीआरडीसी के सहायक यंत्री को निर्देश दिए कि वे संयुक्त रूप से भ्रमण कर देखे, कि सड़कों के शोल्डर्स पर जहां भी जल निगम की पाईप लाईन डाली गई है,उनका मौका मुआयना कर रिर्पोट प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी सहायक यंत्री को निर्देश दिए, कि वे नीमच, झालावाड़ सड़क निर्माण के लिए कन्सलटेंट द्वारा तैयार की जा रही डीपीआर निर्माण कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग, मौका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करें व रिर्पोट प्रस्तुत करें। उन्होने नीमच, सिंगोली सड़क निर्माण कार्य का मौके पर जाकर निरीक्षण कर पुल, पुलियाओ के निर्माण कार्य की उपयोगिता एवं उपयुक्तता का मौका मुआयना कर, रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश भी सहायक यंत्री एम.पी.आर.डी.सी.के सहायक यंत्री को दिए। कलेक्टर ने सड़क विकास निगम, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे सभी सड़कों का निर्माण, गुणवत्तापूर्ण समय सीमा में करवाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति की समीक्षा में निर्देश दिए, कि जनपद पंचायतों/ पंचायतों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए, कि 20 घरों की कोई भी बसाहट या 100 जनसंख्या वाली कोई भी बसाहट, हर घर नल से जल प्रदाय सुविधा के लाभ से छूटे नहीं यदि कोई गांव बसाहट छूट गया है, तो वहां भी हर घर नल से जल योजना के तहत नल कनेक्शन उपलब्ध करवाना जल निगम से सुनिश्चित करवाए। बैठक में जल कर संग्रहण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी कलेक्टर ने संबंधित विभागों को दिए हैं।
===============
विद्यार्थियों के लिए कक्षा 11वीं, 12वीं केरियर निर्माण का महत्वपूर्ण पड़ाव है-श्री चंद्रा
कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा में प्रवीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों से किया संवाद
प्रवीण्य सूची के विद्यार्थियों का कलेक्टर ने किया सम्मान
नीमच 18 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को कलेक्टोरेट में आयोजित एक सादे समारोह में 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले नीमच जिले के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से संवाद कर, उनका केरियर मार्गदर्शन किया। कलेक्टर ने प्रवीण्य सूची में शामिल जिले के उत्कृष्ट विद्यालय नीमच के छात्र प्रमोद, सांदीपनी विद्यालय नीमच की छात्रा सुश्री प्रियांशी, सिंगोली की छात्रा प्रांजल सोनी एवं विसडम स्कूल की छात्रा मंतशा गोरी, को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेटकर सम्मानित भी किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा व जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने प्रवीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को केरियर निर्माण के लिए ऑनलाईन कोचिंग करने, पढ़ाई निरंतर रखने, अच्छे प्रतिष्ठित कालेज में विशेष संस्था में प्रवेश लेने के लिए भी प्रेरित किया।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के केरियर मार्गदर्शन के लिए जिला मुख्यालय पर विशेष शिविर आयोजित करे और विषय विशेषज्ञों पर प्रतिष्ठित कोचिंग संचालकों को आमंत्रित कर, केरियर मार्गदर्शन करवाएं। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम.मांगरिया, डी.पी.सी.श्री दिलीप व्यास व अन्य अधिकारी, छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक उपस्थित थे।
=============
निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
नीमच 18 अप्रैल 2026 शासकीय आयुर्वेद औषधालय बमोरा द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र बमोरा पर “पोषण पखवाड़ा” के तहत निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ एवं शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, चर्म रोग, श्वास, कास, प्रतिश्याय, उदर रोग, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त आदि रोगों की जांच कर रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को संतुलित आहार, सुपोषण, स्तनपान के महत्व एवं बच्चों के मानसिक विकास हेतु समुचित पोषण के विषय में जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ.तारेन्द्र सिंह सोनगरा एवं श्री कानसिंह राणावत ने अपनी सेवाएं प्रदान की। शिविर में कुल 36 रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
=================
मेहमानों से पहले पहुंची प्रशासन की टीम – ग्राम पोखरदा में बाल विवाह रूकवाया
नीमच 18 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के निर्देशानुसार संपूर्ण जिले में बाल विवाह रोकथाम हेतु विशेष निगरानी रखी जाकर सतत कार्यवाही की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, नीमच सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया कि एस.डी.एम. मनासा श्रीमती किरण आंजना के मार्गदर्शन में शनिवार को ग्राम पोखरदा में महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने स्थल पर पहुंचकर जांच की जिसमें बालक की आयु 19 वर्ष पाई गई। दल द्वारा तत्काल परिजनों को समझाइश देकर विवाह को रुकवाया। परिवार को समझाइश दी गई, पंचनामा तैयार किया गया तथा परिवार ने बालक के 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर ही विवाह करने का लिखित आश्वासन दिया। टीम द्वारा चेतावनी दी गई है, कि यदि 21 वर्ष की आयु से पूर्व बालक का विवाह किया गया, तो वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जांच दल में सहायक संचालक, महिला एवं बाल विकास श्री वैभव बैरागी, पुलिस उपनिरीक्षक श्री तेजराम सिसोदिया, पर्यवेक्षक श्रीमती किरण कामदार व अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
===============



