शामगढ़ में अक्षय तृतीया से शुरू होने वाले मां महिषासुर मर्दिनी देवी मेले की तैयारियां तेज

शामगढ़ में अक्षय तृतीया से शुरू होने वाले मां महिषासुर मर्दिनी देवी मेले की तैयारियां तेज
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 19 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने वाले मां महिषासुर मर्दिनी देवी मेले को लेकर शामगढ़ नगर में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में आज प्रशासन एवं मेला समिति द्वारा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ युवा नेता अंकित यादव, मेला सभापति बंटी भाई अश्क, सभापति सिंटू धामोनिया, पार्षद प्रतिनिधि नवीन फरक्या, यू मो मंडल अध्यक्ष जीतू प्रजापति जिनेंद्र राठौर, दिनेश खाती पटेल, दीपू राठौर सहित नगर परिषद के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में मेले के दौरान आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, रोशनी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल मुस्तैद रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि मां महिषासुर मर्दिनी देवी का यह मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार मेले को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
नगर परिषद द्वारा भी सफाई, पानी और प्रकाश व्यवस्था को लेकर कार्य शुरू कर दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।



