समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 15 अप्रैल 2026 बुधवार

बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का व्यक्तित्व एवं आदर्श सम्पूर्ण भारत के लिए अनुकरणीय- प्रभारी मंत्री डॉ. शाह
2047 तक बाबा साहब अंबेडकर के सपनों का भारत बनाएंगे-कैबिनेट मंत्री श्री काश्यप
रतलाम : मंगलवार, अप्रैल 14, 2026

डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136 वीं जन्म जयंती के अवसर पर कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय रतलाम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह को वर्चुअल संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग मंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ कुंवर विजय शाह ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर का व्यक्तित्व एवं आदर्श सम्पूर्ण भारत के लिए अनुकरणीय है। उनके जीवन संघर्ष, आदर्शो एवं विचारों का अनुसरण करते हुए देश निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है।
डॉ. अंबेडकर के जन्म जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक परिवर्तन की अद्वितीय मिसाल है। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपने जीवन की शुरुआत अत्यंत कठिन परिस्थितियों में की, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने हजारों वर्षों से चली आ रही सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई और समाज में समानता एवं समरसता स्थापित करने का संकल्प लिया। उनका संघर्ष केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के उत्थान के लिए था।
बाबा साहब ने भारतीय संविधान के निर्माण में जो योगदान दिया, वह आज भी हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का मार्ग दिखाता है। उनका मानना था कि जब तक समाज में जातिगत भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने शिक्षा, नारी उत्थान, नारी शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक समरसता के लिए जीवन भर संघर्ष किया, और समाज के सभी वर्गों के लिए संविधान में समान अवसर के प्रावधान किये। उन्होंने ऐसे भारत की नींव रखी जहां न्याय समानता एवं गरिमा प्रत्येक नागरिक का समान अधिकार है। डॉ. अंबेडकर दूरदर्शी एवं महान अर्थशास्त्री भी थे। देश के आर्थिक उत्थान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आरबीआई की स्थापना का श्री प्रावधान किया। उनके योगदान के लिए वर्ष 1990 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न ” से सम्मानित किया गया। सरकार द्वारा उनकी जन्मस्थली महू को एक पवित्र तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। हम उनके विचारों एवं उनके द्वारा संविधान में किए गए प्रावधान को लागू करते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2047 तक बाबा साहब के सपनों का भारत बनाऐगे।
समारोह में महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन कई संघर्षों से भरा था। उन्होंने शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण समझा। स्कूल में जातिगत भेदभाव सहते हुए अपनी पढ़ाई पूरी की। स्कूल में उन्हें अन्य बच्चों से अलग बैठना पड़ता था। पानी भी उन्हें स्वयं का ही लेना पड़ता था। लेकिन पढ़ाई के लिए डटे रहे और उन्होंने विदेश जाकर भी शिक्षा ग्रहण कर देश के सामाजिक, आर्थिक एवं न्यायिक विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया।
जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महान समाज सुधारक ही नहीं, बल्कि एक उत्कृष्ट अर्थशास्त्री भी थे। भारतीय रिज़र्व बैंक की स्थापना उनकी दूरदर्शी आर्थिक सोच का ही परिणाम हैं। उन्होंने देश की आर्थिक संरचना को मजबूत करने की नींव रखी। बाबासाहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा, संघर्ष और आत्मविश्वास से हम किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
==========
आधुनिक भारत के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136 वीं जयंती पर जिले भर में हुए कार्यक्रम आयोजित
रतलाम : मंगलवार, अप्रैल 14, 2026
आधुनिक भारत के शिल्पकार, समतावादी ,दूरदर्शी, महान अर्थशास्त्री डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136 वीं जन्म जयंती के अवसर पर आज जिला मुख्यालय सहित जिले भर में कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को याद किया गया।
अतिथियों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया तथा रैली निकालकर उनके विचारों को याद करते हुए सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
============
ई-टोकन प्रणाली से खाद न बेचने वाले 06 निजी उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
रतलाम : मंगलवार, अप्रैल 14, 2026,
उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास श्री आर के सिंह ने बताया कि रतलाम जिले में राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के पालन में 01 अप्रैल से ई-विकास (ई-टोकन) उर्वरक प्रणाली के तहत ही शतप्रतिशत उर्वरक वितरण करने के निर्देश सभी खाद विक्रेताओं को दिए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार ई-टोकन प्रणाली के तहत उर्वरक वितरित न करने वाले 06 निजी खाद विक्रेता प्रकाश चंद्र रतनलाल जैन जावरा, पाटीदार किसान बाजार रोजाना जावरा, चारभुजा ट्रेडिंग कंपनी बड़ावदा जावरा, विश्वकर्मा ट्रेडर्स डोसीगांव रतलाम, राज केमिकल एंड फर्टिलाइजर रतलाम, ग्राहक सेवा केंद्र गुडभेली आलोट के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। कारण बताओ नोटिस के जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों के अनुसार उक्त विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए।
=============
राष्ट्रहित सर्वोपरि, सामाजिक समरसता के लिए एकजुट होकर करेंगे काम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- केन्द्र सरकार ने बाबा साहेब के सम्मान में उनकी स्मृति में कराया पंचतीर्थों का निर्माण
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. अम्बेडकर की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
रतलाम : मंगलवार, अप्रैल 14, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को बोर्ड ऑफिस स्थित बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर चौराहे पर भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 136वीं जयंती पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में डॉ. अम्बेडकर का योगदान अविस्मरणीय है, अतुलनीय है। उन्होंने देश में समतामूलक समाज के निर्माण के लिए भारतीय संविधान की रचना कर इसमें सबके अधिकारों की सुरक्षा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा साहेब के सम्मान में पुष्पांजलि कार्यक्रम में मौजूद सबके समक्ष भारतीय संविधान की मूल उद्देश्यिका का वाचन कर ’डॉ. भीमराव अम्बेडकर अमर रहे’ के नारे लगाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर आजीवन वंचितों, पीड़ितों, शोषितों और उपेक्षितों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनैतिक सशक्तिकरण की प्रखर आवाज थे। हमारी सरकार संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर की समरसता और समानता की भावना को केन्द्र में रखकर लगातार काम कर रही है। बाबा साहेब ने हमें समानता का अधिकार दिलाया और अब हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास“ के पथ पर आगे बढ़ते हुए बाबा साहेब के स्वप्न को साकार कर रहे हैं। देश सबसे पहले है, हम सब सामाजिक समरसता के लिए मिल-जुलकर, एकजुट प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकारों ने हमेशा ही बाबा साहेब का सम्मान किया। भोपाल में उड़ान पुल बना, तो उसे हमने बाबा साहेब का नाम दिया। बाबा साहेब की जन्मभूमि महू में भव्य स्मारक बनवाया। बाबा साहेब के नाम पर कामधेनु योजना शुरू की। सागर के अभयारण्य को बाबा साहेब का नाम दिया। बाबा साहेब के नाम पर आर्थिक कल्याण योजना शुरू की। हम ग्वालियर में भी डॉ. अम्बेडकर धाम बनाने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार ने बाबा साहेब की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाये रखने के लिए उनकी जन्म भूमि (महू- डॉ. अम्बेडकर नगर, म.प्र.), शिक्षा भूमि (लंदन), दीक्षा भूमि (नागपुर, महाराष्ट्र), महापरिनिर्वाण भूमि (दिल्ली) एवं चैत्य भूमि (मुम्बई) को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर स्थाई निर्माण कार्य कराये हैं, जो बाबा साहेब के संघर्ष एवं आदर्शों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने स्त्री शिक्षा, इनके नैसर्गिक अधिकारों के संरक्षण और इनके सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए विशेष प्रयास किये। उन्हीं के बताये मार्ग पर चलकर हमारा देश आज महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम उठाने की ओर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार देश की संसद में ’नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के पूर्ण क्रियान्वयन को लेकर ऐतिहासिक चर्चा कराने जा रही है। इस अधिनियम की मंशा देश की सभी महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देना है। यह 21वीं शताब्दी में देश की आधी आबादी को पूरा हक देने की दिशा में उठाया गया सबसे बड़ा और कारगर कदम होगा, जो भारतीय गणतांत्रिक राष्ट्र की विधायिका व्यवस्था में महिलाओं का राजनीतिक नेतृत्व बढ़ाएगा।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री शिवप्रकाश, श्री राहुल कोठारी, श्री रविन्द्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम में शासन की योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी अतिथियों द्वारा मंच से किया गया। कार्यक्रम में 10वी एवं 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, 6वीं के विद्यार्थियों को साईकल वितरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राही, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। कार्यक्रम में लेखक डॉ. प्रदीप सिंह राव द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन संघर्षों, संविधान निर्माण, नारी उत्थान, नारी शिक्षा एवं देश के सामाजिक आर्थिक विकास मे उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सहायक आयुक्त श्रीमती रंजना सिंह, विभागीय अधिकारी/कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया। आभार प्रदर्शन ए.ओ. जनजातीय कार्य विभाग श्री भास्कर ने किया। अतिथियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।



