समाचार मध्यप्रदेश नीमच 09 अप्रैल 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////////
अधिकारियों ने किया उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण
उपार्जन तैयारियों और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नीमच 08 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में 9 अप्रेल से गेहूं उपार्जन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू ने बुधवार को समर्थन मूल्य उपार्जन केंद्र प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था चल्दू, प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था हरवार, प्राथमिक कृषि साख सहकारी केंद्र जीरन एवं प्राथमिक कृषि सेवा साख सहकारी संस्था कराडिया महाराज के खरीदी केंद्रों और वेयर हाउसों का निरीक्षण कर उपार्जन तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नायब तहसीलदार मनासा श्री भगवानसिह ठाकुर ने ग्राम कंजार्डा का भ्रमण कर उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर प्रबंधो व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
===================
जिले के सभी विकासखण्डों में बीमार पशु को खड़ा करने हेतु मशीनें उपलब्ध
नीमच 8 अप्रेल 2026, जिले के तीनों विकासखण्ड मुख्यालयों पर बडे पशु जो किसी बिमारी के कारण स्वयं खड़े नहीं हो पा रहे हैं उनको मशीन की सहायता से खड़ा करने हेतु काऊ लिफ्टिंग मशीन उपलब्ध करवाई गयी है।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ.राजेश पाटीदार ने बताया, कि जिला पशु कल्याण समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा की पहल पर प्रत्येक विकासखण्ड में एक-एक काऊ लिफ्टिंग मशीन उपलब्ध करवाई गई है। पशुपालक विकासखण्ड मुख्यालय के पशु चिकित्सक से सम्पर्क कर इसे सुविधा का लाभ ले सकते है। मशीन उपलब्ध करवाते समय पशुपालक को राशि तीन हजार रूपये सुरक्षा निधि के रूप में जमा करवानी होगी तथा प्रतिदिन का किराया 100 रूपये के मान से भुगतान करना होगा। मशीन जमा करवाने पर किराया काटकर शेष सुरक्षा निधि एवं रसीद पशुपालक को लौटा दी जायेगी मशीन जिस स्थिति में दी जाएगी वैसी स्थिति में लौटानी होगी। उपरोक्त सुविधा से एक तरफ जहाँ गम्भीर बीमार पशुओं के उपचार से सहायता मिलेगी, वही जिला पशु कल्याण समिति की आय में वृद्धि होगी।
==============
जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास पर फोकस:
9 से 23 अप्रैल तक मनाया जाएगा आठवां पोषण पखवाड़ा
नीमच 8 अप्रेल 2026, पोषण अभियान के तहत जिले में आठवां पोषण पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा हैं। यह पखवाडा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया, कि इस वर्ष पोषण पखवाड़े की मुख्य थीम जीवन के पहले छह वर्षों में ”मस्तिष्क का अधिकतम विकास” हैं। वैज्ञानिक तथ्यों के अनुसार, मानव मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास जन्म से 6 वर्ष की आयु तक हो जाता हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पोषण पखवाड़े का उद्देश्य परिवारों और समुदाय को उन व्यवहारों के प्रति जागरूक करना है, जो बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हों।
पोषण पखवाड़े के दौरान पांच प्रमुख गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें गर्भवती महिलाओं की देखभाल, प्रसव पूर्व जांच और संतुलित आहार सुनिश्चित करने, 0 से 3 वर्ष के बच्चों के लिए संवाद और खेल के माध्यम से मस्तिष्क विकास को बढ़ावा देने, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा, बच्चों के स्क्रीन टाइम में कमी लाने के लिए जागरूकता तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने में समुदाय की भागीदारी शामिल हैं। अभियान में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जावेगी। इसके लिए रैलियां, पोषण पर चर्चा, दादी-नानी के अनुभव साझा कार्यक्रम और खिलौना निर्माण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की जानकारी संबंधित विभागों को पोषण अभियान के जनआंदोलन डेशबोर्ड पर निर्धारित समय-सीमा में दर्ज करनी होगी। साथ ही, जिले के सभी विभागों के समन्वय से अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सर्भी विभागों एवं आमजनों से इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की हैं।
==============
उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए सहज-सुगम व्यवस्था की जाए सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था पर रखी जाएगी नजर
गेहूँ उपार्जन व्यवस्था में सामाजिक और सेवा भारती संस्थाएं भी करें सहयोग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान और स्वयंसेवी संस्थाओं से किया वर्चुअल संवाद
नीमच 8 अप्रेल 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है, कि प्रदेश में 9 अप्रैल से गेहूँ खरीदी आरंभ हो रही है। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सहज-सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सभी कलेक्टर्स और एसडीएम को दिए गए हैं। उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्था की जा रही है। गेहूँ उपार्जन जैसी महत्वपूर्ण और व्यापक गतिविधि में सामाजिक और सेवाभावी संस्थाएं भी सहयोग करें। प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर फैसले लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह विचार किसान और स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल संवाद के दौरान व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा, कि प्रदेश में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है। गेहूँ की प्रति क्विंटल कीमत को वर्तमान स्तर तक लाना बड़ी चुनौती थी, हम इसे 2700 रूपये प्रति क्विंटल तक ले जाएंगे। किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलवाना हमारी प्रतिबद्धता है। हम जनता की सेवा करना चाहते हैं, इसी उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों पर गेहूँ खरीदी की बेहतर व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा, कि उपार्जन केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित किये जा रहे हैं, जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर पंपलेट और होर्डिंग के द्वारा भी किसानों को व्यवस्था के संबंध में जानकारियां देने के निर्देश दिए गए हैं। वर्ष 2026 से किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को उनके कल्याण तथा हित से जुड़ी शासन की योजनाओं से भी अवगत कराया जाए।
एसडीएम नीमच ने किया उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण
एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू एवं तहसीलदार श्री संजय मालवीय ने उपखण्ड क्षेत्र नीमच में स्थापित विभिन्न उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर, गेहूं उपार्जन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम श्री साहू ने उपार्जन केंद्रों पर बारदाना की उपलब्धता, तौल काटे की व्यवस्था, वेईंग मशीन एवं उपार्जित उपज की भण्डारण व्यवस्था, छाया एवं पानी की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। उन्होने उपार्जन केंद्र प्रभारियों को किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
=======================
टैक्सी वाहन किराये पर लगाने के लिए दरें प्रस्तुत करें
नीमच 8 अप्रैल 2026, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिये जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच में मासिक किराये पर बोलेरो, स्कारपियों, इनोवा, टैक्सी वाहन, लेने के लिये निविदा दरें आमंत्रित की गई है। निविदा के प्रपत्र और शर्ते कार्यालयीन दिवसों में 10 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे पूर्व 500 रूपये नगद जमा कर जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच से प्राप्त किए जा सकते है। भरी हुई निविदाएं इसी दिन 10 अप्रैल 2026 को अपरान्ह 2 बजे तक जमा की जा सकती है। निर्धारित समय के पश्चात प्राप्त होने वाली निविदाओं पर कोई विचार नहीं किया जायेगा। प्राप्त निविदाएं 10 अप्रैल 2026 अपरान्ह 3 बजे जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच में समिति व्दारा निविदाकारों के समक्ष खोली जाएगी। प्राप्त दरों पर अंतिम निर्णय समिति द्वारा लिया जाएगा, जो सभी को मान्य होगा। विस्तृत जानकारी जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच से प्राप्त की जा सकती है।
=================
भव्य परिसंवाद कार्यक्रम का होगा आयोजन
===================
किसानों को उर्वरक वितरण नवीन ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से होगा
नीमच 8 अप्रैल 2026, किसानों को सुगमता, सुलभता, सरलता एवं पारदर्शिता से बिना कतार में लगे उर्वरक उपलब्ध कराने के लिये शासन द्वारा एक अप्रेल 2026 से नवीन ई-विकास प्रणाली ई-टोकन से खाद वितरण की व्यवस्था की गई है। इस प्रणाली में किसान द्वारा धारित भूमि एवं उसमें बोई जाने वाली फसल में अनुशंसित उर्वरकों की मात्रा के आधार पर उर्वरक मिलेगा। ई-टोकन प्रणाली से किसानों को उर्वरक प्राप्त करने हेतु किसान फार्मर आईडी, फार्मर आईडी से सभी खसरे लिंक हो तथा आधार नंबर से लिंक मोबाईल नंबर चालु स्थिति में होने पर खाद प्राप्त करने में कठिनाई नहीं होगी। एक अप्रैल, 2026 से ई-टोकन के बिना उर्वरक वितरण नहीं होगा।
उप संचालक कृषि श्री पी.सी.पटेल ने किसानों को फार्मर आईडी बनाने में या फार्मर आईडी से खसरे लिंक करने संबंधित समस्या के निराकरण के लिये राजस्व विभाग (तहसीलदार, पटवारी) से तथा ई-टोकन प्रणाली पोर्टल संबंधित समस्या के लिये कृषि विभाग (वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी) से संपर्क कर सकते है। किसान भाईयों से अपील की गई है, कि फार्मर आईडी बनाते हुए, सभी खसरों को फार्मर आईडी से लिंक कराए।
===================
जिले की 25 मदिरा दुकानों का ई-टेण्डर के माध्यम से निष्पादन 9 अप्रेल को
नीमच 8 अप्रेल 2026, जिला आबकारी अधिकारी नीमच ने बताया, कि नीमच जिले में वर्ष 2026-27 के लिये अर्थात एक अप्रेल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिये ई-टेण्डर/ ई-टेण्डर कम ऑक्शन से शेष रही 25 दुकानों का निष्पादन 9 अप्रेल को दोपहर 3.05 बजे से किया जावेगा।
ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) हेतु ऑनलाईन टेण्डर प्रपत्र डाउनलोड एवं आफर सबमिट करने की तिथि 8 अप्रेल 2026 को प्रात:9 बजे से 9 अप्रेल 2026 को दोपहर 3 बजे तक रहेगा। ई-टेण्डर कम ऑक्शन प्रपत्र खोलने की तिथि एवं समय 9 अप्रेल 2026 को दोपहर 3.05 बजे से रहेगा। विस्तृत जानकारी जिला आबकारी कार्यालय नीमच से प्राप्त की जा सकती हैं।
================


