समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 08 अप्रैल 2026 बुधवार

///////////////////////////////////////////
जनसुनवाई में अधिकारियों ने तत्परता से सुनी 69 आवेदकों की समस्याएं
मंदसौर 7 अप्रैल 26 / जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने 69 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो।
जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। कोटड़ा बूजुर्ग निवासी भेरूलाल ने स्वयं की भूमि का कब्जा दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार गरोठ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जवासिया निवासी श्यामसुंदर ने कृषि भूमि को सार्वजनिक रूप से निलाम करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार दलौदा को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। थडोद निवासी रामनारायण ने कृषि भूमि व कुंए पर जमा हो रहे गंदे पानी के निदान के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर एसडीएम मल्हारगढ़ को जांच कर आवश्यक जानकारी तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में पीएम आवास योजना का लाभ दिलवाने, मंदिर की भूमि का सिमांकन करवाने, पेंशन राशि का भुगतान करवाने, अतिक्रमण हटवाने, कृषि भूमि पर आने जाने का रास्ता खुलवाने एवं शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त करने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।
============
मंदसौर महिला थाने में पटवारी के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर fir
बताया जा रहा है कि कुलदीप मकवाना पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है.! पटवारी कुलदीप मकवाना की अग्रिम जमानत अर्जी भी ख़ारिज हुई, सहकर्मी के साथ निजी चैट महिला के पति को भेजी थी मकवाना ने, महिला का उसके पति से रिश्ता खराब करना चाहता था पुलिस ने आरोपी पटवारी को पकड़ने के लिए दबिश भी दी है लेकिन अभी हाथ नहीं आया है।
===========

मंदसौर जिले की गरोठ विधानसभा के भानपुरा नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही ने अपने आवास पर लिखा
भाई होता राम जैसा प्रधानमंत्री हो तो मोदी जैसा !
===========
नेहरू बस स्टैंड का जर्जर बगीचा और यात्री प्रतीक्षालय बना उपेक्षा की मिसाल, शायद नगरपालिका प्रशासन सो रहा कुंभकर्ण की नींद
मंदसौर। लेखक और सामाजिक चिंतक असअद अंसारी ने नगर पालिका परिषद मंदसौर से मांग की है कि मंदसौर नगर के बीचों बीच स्थित नेहरू बस स्टैंड के बगीचे का नागरिकों एवं यात्रियों की सुविधाओं हेतु पुनरुद्धार किया जाए।श्री अंसारी ने कहा कि नेहरू पार्क में नेहरू जी की मूर्ति के सिवा सब कुछ उजड़ चुका है और वह पशुओं का विश्रामगृह बन चुका है।नेहरू पार्क का तुरन्त पुनर उद्गार किया जाए।
उन्होंने यह आशंका व्यक्त की है कि इस बगीचे को उजाड़ने के पीछे नगरपालिका पदाधिकारियों की कोई दीर्घकालिक योजना तो नहीं के इस स्थान को 5सितारा होटल या और किसी प्रोजेक्ट में परिवर्तित कर दिया जाए।
श्री अंसारी ने यह भी कहा कि बस स्टैंड पर जहां रोडवेज की बसों की टिकट बुकिंग की जाती थी वह कमरा बरसों से खाली पड़ा है जिसके दरवाज़े भी सड़ चुके हैं अगर इसको दुकान बना कर भी किराए पर दे दिया जाता तो लाखों रुपए का राजस्व नगर पालिका को मिल जाता। वहीं बस स्टैंड स्थित यात्रियों के बैठने के लिए पिलर के आसपास जो कुर्सियों नुमा आकृति बनाई गई थी उसकी लकड़ियों को भी लोग निकाल कर ले जा चुके है नगरपालिका जिसका 500 करोड़ का बजट है क्या उन कुर्सियों की मरम्मत भी नहीं करवा सकती। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन और जिलाधीश से मांग की है की इस ओर ध्यान दे कर तत्काल कार्यवाही की जाए।
=========
टू व्हीलर मैकेनिक, मोबाईल रिपेरिंग, मोटर वाईन्डिंग के प्रशिक्षण हेतु 9 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन प्रारंभ
मंदसौर 7 अप्रैल 26 / ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंदसौर द्वारा युवाओं हेतु 9 अप्रैल से टु-व्हीलर मैकेनिक मोबाईल रिपेयरिंग, मोटर वाइन्डिंग का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके रजिस्ट्रेशन 9 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होंगे। 35 सीट पूरी होने पर आवेदन नहीं लिए जाएंगे। प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
इन प्रशिक्षणो का लाभ गामीण अंचल के युवक/पुरुष जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीव हो उन्ही को मिलेगा। इस प्रशिक्षण मे आवास, भोजन व नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक प्रशिक्षणार्थीयो के बैंकिग संबंधी सभी जानकारियों एवं समस्याओ का समाधान भी इस प्रशिक्षण के दौरान किया जायेगा।
इच्छुक प्रत्याशी रजिस्ट्रेशन के लिए अपने साथ 2 नये पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एवं राशन कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति के साथ आवेदन सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्गप्रमीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर में जमा करा सकते है।
रजिस्ट्रेशन के लिए सर्किट हाउस के पहले नई आबादी पुलिस थाने के पास ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी) मोबाईल नंबर 6269058449 7999852839, 9111858590, 8435806297 पर कार्यालीन समय प्रातः 10 से 06 बजे तक संपर्क करें।
==================
डिजिटल जनगणना 2027: अब व्यक्ति स्वयं कर सकेंगे स्व-गणना”
1 से 30 मई के बीच घर आकर प्रगणक करेंगे सत्यापन
मंदसौर 7 अप्रैल 26 / डिजिटल जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रदेश सहित मंदसौर जिले में 16 अप्रैल से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत नागरिक अब घर बैठे ही जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को निर्धारित पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। इस फॉर्म में कुल 33 प्रश्न शामिल हैं, जिनमें घर के निर्माण की सामग्री, परिवार की जीवनशैली, उपयोग किए जाने वाले शौचालय के प्रकार तथा उपभोग किए जाने वाले खाद्यान्न से संबंधित जानकारी शामिल है।
स्व-गणना की प्रक्रिया इस प्रकार है:
– पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन करें एवं राज्य का चयन करें।
– मुखिया का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करें।
– उपलब्ध 16 भाषाओं में से एक का चयन करें।
– ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें।
– जिला, शहर एवं सही लोकेशन दर्ज करें।
– 33 प्रश्नों का फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें।
– सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
– सबमिट के पश्चात संशोधन संभव नहीं होगा।
– सबमिट करने पर एस.एफ.आई.डी. (Self Enumeration ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
स्व-गणना पूर्ण होने के पश्चात 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक (एन्यूमरेटर) द्वारा घर-घर जाकर भरी गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए समय पर एवं सही जानकारी दर्ज करें, जिससे जनगणना का कार्य सुचारू एवं सटीक रूप से पूर्ण किया जा सके।
============
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष 10 अप्रैल को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे
मंदसौर 7 अप्रैल 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का मंदसौर जिले में 10 अप्रैल को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष 9 अप्रैल 2026 को शाम 04:30 बजे भोपाल से मंदसौर के लिए प्रस्थान करेंगे। रात्रि 11:50 बजे मंदसौर आगमन एवं रात्रि विश्राम करेंगे। 10 अप्रैल 2026 को प्रात: 09:30 बजे भगवान पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन करेंगे। प्रात: 11:00 बजे जिला कलेक्टर एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करेंगे। तत्पश्चात दोपहर 12:00 बजे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 03:00 बजे मंदसौर से गांधी सागर प्रस्थान करेंगे। शाम 04:30 बजे गांधी सागर आगमन करेंगे। शाम 05:00 बजे गांधी सागर डेम का अवलोकन करेंगे। रात्रि विश्राम रेस्ट हाउस गांधी सागर में करेंगे तथा 11 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे गांधी सागर से नीमच के लिए प्रस्थान करेंगे।
===========
राज्य स्तरीय वार्षिक जैव-विविधता पुरस्कार-2025 के लिये प्रविष्टियों के आमंत्रण की अंतिम तिथि 20 अप्रैल
मंदसौर 7 अप्रैल 26 / प्रदेश में जैव-विविधता संरक्षण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार-25 के लिये प्रविष्टियाँ 20 अप्रैल 2026 तक आमंत्रित की गई हैं। विभिन्न श्रेणियों में जैव-विविधता पुरस्कार के लिये जैव-विविधता स्वामित्व रखने वाले वन, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछली पालन, जल संसाधन विभाग और जैव-विविधता प्रबंधन समिति ग्राम पंचायत/जनपद पंचायत / नगर पंचायत / नगर पालिका/नगर निगम स्तर पर गठित जैव-विविधता प्रबंधन समितियाँ। संस्थागत (अशासकीय), व्यक्तिगत (अशासकीय), व्यक्तिगत (शासकीय) पहुंच एवं लाभ प्रभाजन के अधिकतम अनुबंध पहुंच एवं लाभ प्रभाजन की अधिकतम राशि श्रेष्ठ वनमंडल एवं श्रेष्ठ वनवृत्त के अंतर्गत विशिष्ट कार्य करने वाले अपनी प्रविष्टियाँ जमा कर सकते हैं।
प्रविष्टियों का निर्धारित प्रारूप एवं अन्य जानकारियॉ बोर्ड की वेबसाईट www.mpforest.gov.in/mpsbb से डाउन लोड करें। जिन संस्था द्वारा राज्य स्तरीय वार्षिक जैव-विविधता पुरस्कार-2024 के लिये प्रविष्टियाँ प्रेषित की गई हैं, वो प्रविष्टि प्रेषित ना करें।
==========
मंदसौर में युवक को चाकू से गोदा, मौत:4 लोगों ने दौड़ा कर मारा, अंतड़ियां तक बाहर आईं..
मंदसौर के गांधी चौराहे क्षेत्र से देर रात करीब 11 बजे चाकूबाजी की घटना सामने आई है। नरसिंहपुरा निवासी 19 वर्षीय अरुण पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसके बाद इलाज के दौरान सोमवार सुबह युवक की मौत हो गई।
इलाज के दौरान युवक की मौत
घटना के बाद अरुण पिता नानावटी बरगुण्डा को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन उसके पेट के कई अंग बाहर आ गए थे, जिससे हालत चिंताजनक बनी हुई है, इसलिए स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन आज इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर, थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर सहित पुलिस बल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचा और तहकीकात शुरू की। साथ ही मौके पर दुकानों में लगे सीसीटीवी की जांच शरू की।*
चार लोगों की मौजूदगी, दो ने किया हमला
जानकारी के अनुसार घटना के समय कुल चार लोग मौजूद थे, जिनमें से रोहित भाटी और युवराज माली नामक युवकों ने अरुण पर चाकू से हमला किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।घटना के बाद जिला चिकित्सालय में भी काफी भीड़ एकत्रित हो गई थी ऐसे में पुलिस ने मोर्चा संभाला और हालात नियंत्रण में किए।
एक महीने पुराने विवाद से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रविवार रात जब दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना हो गई। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के अनुसार अस्पताल पुलिस चौकी से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि युवराज माली और रोहित भाटी ने अरुण पर चाकू से हमला किया।
============
सार्थक संस्था की अनूठी पहल- जल संकट से निपटने के लिए बनाएंगे मानव श्रृंखला, चित्रकला से उकेरेंगे समाधान
मंदसौर। जिले में गहराते जल संकट और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए सार्थक सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा जल गंगा संवर्धन जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से आगामी 9 अप्रैल को प्रातः 9 बजे दशपुर कुंज मंदसौर से एक रैली और मानव श्रृंखला के द्वारा इस अभियान का आगाज किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नगर के जन जन को जल संरक्षण के प्रति सजग करना और उन्हें अमृत संचयश् की मुहिम से जोड़ना है।
नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। नगर के मध्य स्थित दशपुर कुंज में चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी कूची और रंगों से जल संरक्षण की कल्पना को कागज पर उकेरेंगे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता जगाना और उनके नवाचारी विचारों को समाज के सामने लाना है।
गांधी चौराहा पर बनेगी 200 प्रतिभागियों की मानव श्रृंखला
जन-जागरूकता के इस महाभियान में एनएसएस के स्वयंसेवक अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। शहर के हृदय स्थल गांधी चौराहा पर छात्र एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील नागरिक एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर नागरिकों को पेड़ लगाने,पर्यावरण और जल बचाने का संदेश देंगे।
सार्थक संस्था की संस्थापक डॉ. उर्मिला तोमर ने बताया कि जल शक्ति विभाग की वर्ष 2025 की रिपोर्ट के अनुसार मंदसौर जिला ‘अति दोहित’ श्रेणी में आ चुका है। जिले में भूजल का दोहन 102 प्रतिशत तक पहुँच गया है, जो कि आने वाले समय के लिए खतरे की घंटी है। यदि आज हम जागरूक नहीं हुए, तो जल्दी ही जल संकट एक विकराल रूप ले लेगा।
सार्थक संस्था शहर के सभी संगठनों , क्लबों, समाज प्रमुखों प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से अपील करती है कि वे 9 अप्रैल को होने वाले इस अभियान का हिस्सा बनें। आपकी उपस्थिति और सक्रियता ही इस मुहिम को एक जन-आंदोलन का रूप दे सकती है।



