सेन समाज के खिलाड़ियों ने दुबई में लहराया तिरंगा, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया नीमच का गौरव

सेन समाज के खिलाड़ियों ने दुबई में लहराया तिरंगा, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया नीमच का गौरव
नीमच। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय बायथले, ट्रायथले एवं लेजर रन प्रतियोगिता में नीमच जिले के सेन समाज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी विशेष पहचान बनाई। दौड़, शूटिंग एवं समुद्र में तैराकी जैसी चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश, समाज एवं नीमच जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में श्री हरिप्रसाद गेहलोत के पौत्र एवं श्री महेंद्र कुमार चौहान के नाती, श्री धीरेंद्र गेहलोत के सुपुत्र मास्टर शौर्यवर्धन गेहलोत ने मात्र 8 वर्ष की उम्र में लेजर रन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
इसी क्रम में कनावटी निवासी श्री रामगोपाल जी सेन की पौत्री एवं श्री संजय गेहलोत की पुत्री कनिष्का गेहलोत ने लेजर रन, बायथले एवं ट्रायथले तीनों प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किए। वहीं श्री धीरेंद्र हरिप्रसाद गेहलोत ने भी बायथले प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
नीमच पहुंचने पर 13 खिलाड़ियों का ऐतिहासिक स्वागत
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर 18 नवंबर को नीमच लौटे सभी 13 खिलाड़ियों एवं उनके कोच का शहर में भव्य स्वागत जुलूस निकाला गया। खिलाड़ियों के सम्मान में पूरा शहर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया। शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं खेल संगठनों ने जगह-जगह स्वागत बैनर लगाकर खिलाड़ियों एवं उनके परिजनों का अभिनंदन किया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई, मिठाइयां वितरित की गईं तथा आतिशबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरे शहर में दीपावली का उत्सव मनाया जा रहा हो।
स्वर्ण पदक देकर खिलाड़ियों का किया सम्मान
स्वागत जुलूस के पश्चात नगर पालिका नीमच के स्विमिंग पूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद क्षेत्र के वर्तमान विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री महेंद्र भटनागर ने स्विम फ्लाई क्लब नीमच के मोटिवेटर श्री राकेश कोठारी के सौजन्य से सभी खिलाड़ियों को सोने के सिक्के प्रदान कर सम्मानित किया।
यह उपलब्धि न केवल सेन समाज, बल्कि संपूर्ण नीमच जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है। इन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा से यह साबित किया है कि छोटे शहरों और सामान्य परिवारों से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का तिरंगा बुलंद किया जा सकता है। खिलाड़ियों की इस सफलता से समाज के अन्य बच्चों एवं युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



