नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 02 अप्रैल 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////////

आज के बेटा- बेटी कल का भविष्‍य है- श्री चौहान

विद्यार्थियों को नि:शुल्‍क पाठ्य-पुस्‍तके एवं साईकिलें वितरित

जीरन के शा.कन्‍या उ.मा.वि.में प्रवेशोत्‍सव कार्यक्रम सम्‍पन्‍न

नीमच 01 अप्रेल 2026, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जीरन में बुधवार को ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत ‘जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सज्जनसिंह चौहान, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने दीप प्रज्जवलित कर, मॉ सरस्‍वती का पूजन कर किया । प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नव प्रवेशित बच्‍चों को तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर उनका स्‍वागत किया गया एवं नि:शुल्‍क पाठ्यपुस्‍तक एवं 52 विद्यार्थियों को नि:शुल्‍क साईकिलें वितरित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम.मांगरिया ने कार्यक्रम की विस्‍तृत जानकारी दी।

जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सज्‍जनसिह चौहान ने उदबोधन में कहा, कि आज के बेटे- बेटियां कल का भविष्‍य है। शासन की मंशा है, कि संसाधनों की कमी से बेटियों की पढाई में बाधा न आये, बेटे-बेटियां मन लगाकर पढें एवं अपने माता-पिता, ग्राम एवं जिले का नाम रोशन करें।

कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने अपने उदबोधन में कहा, कि बच्‍चें अपना भविष्‍य पढाई के माध्‍यम से ही बदल सकते है उन्होंने शिक्षकों को भी पूर्ण निष्‍ठा एवं लगन से अध्यापन करवाने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू ,जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम. मांगरिया, जिला परियोजना समन्‍वयक श्री दिलीप कुमार व्‍यास,सहायक परियोजना समन्‍यवय श्री नरेश जोशी, बीआरसी योगेश कंडारा, संकुल प्राचार्य श्री मनोज कुंती, श्री मदन गुर्जर, श्री राजू मुकाती,श्री मुकेश तावड़े, श्री किशन अहिरवार आदि बड़ी संख्या में अभिभावक छात्र-छात्राएं विद्यालय स्टॉप उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन श्री प्रथुपालसिह पंवार ने किया तथा आभार प्राचार्य श्री भोपाल सिह चौहान ने माना।

===============

फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में नीमच की एक और छलांगः

365 करोड़ के निवेश से 222 लोगों को मिलेगा रोजगार

नीमच प्रोटीन्स को मिली जमीन, बनाएगा खाद्य तेल और प्रोटीन,

सुधरेगी स्थानीय किसानों की आर्थिक दशा,स्थानीय लोगों को भी मिलेगा घर के पास काम

नीमच 1 अप्रैल 2026, नीमच जिले में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में एक और बड़ा निवेश आया है। जिले के नेवड़ क्षेत्र में नीमच प्रोटीन्स (मल्टीवर्स बायोफ्यूल समूह) को करीब 1.65 हेक्टेयर जमीन दी गई है, जहां कंपनी खाद्य तेल और सोया प्रोटीन से जुड़ा नया प्रोजेक्ट शुरू करेगी। इस परियोजना में लगभग 365 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, और इस करीब 222 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। जिससे जिले में रोजगार और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योग किसानों और स्थानीय व्यापार के लिए सीधे फायदे का काम करते हैं, क्योंकि इससे खेती से जुड़े उत्पादों की खपत बढ़ती है और बाजार मजबूत होता है। नीमच प्रोटीन्स की इस फैक्टरी में सोयाबीन जैसे कृषि उत्पादों से खाद्य तेल और प्रोटीन तैयार किए जाएंगे, जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए पास में ही बेहतर बाजार मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलने की स्थिति बनेगी और उनकी आय में सुधार हो सकेगा। कुल मिलाकर किसानों और आम लोगों से जुड़ा यह निवेश नीमच को फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के मैप पर एक मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महती कदम है।

प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा ट्रांसपोर्ट, पैकिंग, छोटे व्यापार और अन्य सेवाओं में भी काम बढ़ेगा। यानी यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक फैक्ट्री तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे इलाके में कमाई के नए अवसर तैयार करेगा। स्थानीय स्तर पर काम करने वाले लोगों और सेवा देने वालों की जरूरत बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। इसके साथ ही इलाके में जरूरी सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी। परिवहन और माल ढुलाई से जुड़े काम बढ़ने से कई लोगों को अतिरिक्त आय के मौके मिलेंगे। कुल मिलाकर, इस निवेश से जिले की स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आसपास के क्षेत्रों में भी विकास का असर दिखाई देगा।

छोटे जिलों में बढ़ रहा फूड प्रोसेसिंग सेक्टर

प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर जिले में ऐसे उद्योग विकसित करना है जो स्थानीय संसाधनों से जुड़े हों। फूड प्रोसेसिंग सेक्टर इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है, क्योंकि यह सीधे किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को जोड़ता है।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के विजन भी यही है कि खेती और उद्योग के बीच सीधा जुड़ाव बढ़ाया जाए। सरकार की मौजूदा औद्योगिक और फूड प्रोसेसिंग नीतियों में इसी पर जोर दिया जा रहा है। इसी का असर है कि अब नीमच जैसे जिलों में भी इस तरह के उद्योग स्थापित हो रहे हैं। पहले इस तरह की इकाइयां बड़े शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब छोटे जिलों में भी निवेश बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और बाहर जाने की जरूरत कम हो रही है।

एमपीआईडीसी उज्जैन के कार्यकारी संचालक श्री राजेश राठौड़ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नीमच में हो रहा यह निवेश किसानों को बेहतर बाजार देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में ऐसे प्रोजेक्ट से नीमच जैसे जिलों में विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।

==========

प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा में प्रवेश उत्सव आयोजित

नीमच 1 अप्रैल 2026, शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा प्रथम में 6 नवीन विद्यार्थियों का प्रवेश कराया गया। नवप्रवेशित सभी बच्चों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों के हस्तकमल (हैंडप्रिंट) बनवाए गए तथा उन्हें स्लेट एवं पुस्तकें भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर सरपंच श्री भोपाल सिंह अहीर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री परशराम अहीर, श्री दीपक प्रजापत, श्री शंभूलाल शर्मा, श्री राहुल अहीर, श्री शालिग्राम भील सहित बड़ी संख्या में अभिभावको ने उपस्थित होकर अपने बच्चों का प्रवेश शासकीय विद्यालय में कराया।

विद्यालय का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है तथा 2 विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है, जिससे प्रेरित होकर भविष्य में और अधिक प्रवेश होने की संभावना है। कार्यक्रम का संचालन श्री अनिल परमार (शिक्षक) दने किया एवं आभार विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री सिद्धूलाल पुरोहित ने व्यक्त किया।

============

जिला पंचायत सीईओ द्वारा लसूडिया ईस्तमुरार के पंचायत सचिव निलंबित

नीमच 1 अप्रैल 2026, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव द्वारा म.प्र.पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम-1999 के तहत ग्राम पंचायत लसुडिया ईस्तमुरार के सचिव श्री गुरुदत्त बैरागी को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत मनासा जिला-नीमच नियत किया गया है और उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

इस संबंध में जारी आदेश अनुसार ग्राम पंचायत लसुडिया इसतमुरार के सचिव श्री गुरुदत्त बैरागी ने पंचायत मुख्यालय पर छः बार उपस्थित हुए हैं, लेकिन पंचायत का कोई कार्य नहीं किया और एच.पी.वी. टीकाकरण कार्यक्रम में भी अनुपस्थित रहे।

शासकीय कार्यों में लापरवाही: वे पंचायत के शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतते हैं, जिससे योजनाओं की समीक्षा नहीं हो पा रही है और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण नहीं किया जा रहा। श्री बैरागी सचिवों की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहे। वे सचिव/सहायक सचिवों की समीक्षा बैठक में बिना सक्षम स्वीकृति के अनुपस्थित रहते हैं।

पूर्व में निलंबित: पूर्व में भी ग्राम पंचायत पड़दा पर बिना सूचना के मुख्यालय पर अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित किए जा चुके हैं, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया।

अतः जिला पंचायत के सीईओ ने ,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनासा की अनुशंसा पर श्री गुरुदत्त बैरागी को म.प्र.पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम-1999 के तहत निलंबित करने का आदेश जारी किया है ।

==========

कलेक्टोरेट में सामुहिक राष्‍ट्रगॉन एवं वन्‍दे मातरम का गायन

नीमच 01 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर कार्यालय नीमच में बुधवार को सामुहिक राष्‍ट्रगॉन एवं वंदेमातरम का गायन किया गया। राष्ट्रगॉन, म.प्र.गान एवं वन्‍देमातरम का गायन डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री चंद्रसिह धार्वे एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री एम.एस.मांगरिया तथा जिला अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में हुआ।

इस मौके पर कलेक्‍टोरेट परिसर स्थित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामुहिक रूप से राष्‍ट्रगॉन, वंदे मातरम एवं म.प्र.गॉन का गायन किया। तदपश्‍चात अप्रेल माह में शासकीय कार्यो की शुरूआत की गई।

इस अवसर पर कलेक्‍टोरेट, राजस्‍व, भू-अभिलेख, श्रम, सहकारिता विभाग, शिक्षा, कोषालय, जनसंपर्क कार्यालय, शहरी विकास अभिकरण सहित विभिन्‍न विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

===========

कर्नाटक के महामहिम,राज्यपाल श्री गेहलोत आज हर्खियाखाल बालाजी आएंगे

नीमच 01 अप्रेल 2026, कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल श्री थावरचंद गेहलोत आज प्रातः 10 बजे मंदसौर से प्रस्थान कर, प्रातः 10.40 बजे हर्खियाखाल बालाजी मंदिर पहुंचेंगे एवं हनुमान जयंति के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

==========

शा.उ.मा.वि.सी.आर.पी.एफ.नीमच में प्रवेशोत्‍सव कार्यक्रम सम्‍पन्‍न

नीमच 01 अप्रेल 2026, स्कूल चले हम अभियान ‘अंतर्गत शा.उ.मा.वि.सी.आर.पी.एफ.नीमच में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026-27 एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद श्री वीरेन्द्र पाटीदार ने इस अवसर पर कहा कि आज‘‘ शिक्षा की नई उम्मीदें’’ का तात्पर्य है कि आज की शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रही बल्कि बच्चों एवं युवाओं को बेहतर भविष्य, रोजगार, तकनीक और संस्कार देने की ओर बढ़ रही है। विद्यालय का वातावरण हमें प्रेम और सम्मान की भावना सिखाता है।

इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व स्टॉफ सदस्य श्री पारसमल जौहरी ने अपने उद्बोधन में कहा, कि प्रवेशोत्सव विद्यालय में केवल नए बच्चों का स्वागत करने का माध्यम ही नही बल्कि यह शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को हर छात्र तक पहुंचाने एवं समुदाय को शिक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने की एक प्रभावी पहल है ।

प्राचार्य श्री ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने कहा, कि हमारा विद्यालय हमारा परिवार है क्योंकि स्कूल हमें पढ़ाई ही नहीं सिखाता बल्कि अच्छे संस्कार, दोस्ती और जीवन जीने का तरीका सिखाता हैं। अतिथियों द्वारा सर्वाधिक उपस्थिति एवं सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया एवं समस्त विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन वर्षा गोयल एवं आभार प्रदर्शन श्री एम.एल.वर्मा द्वारा किया गया। यह जानकारी प्राचार्य श्री ज्ञानवर्धन श्रीवास्‍तव ने दी है।

==============

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}