हजारों हाथों ने मांगी अमन-चैन की दुआ, सीतामऊ में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद

हजारों हाथों ने मांगी अमन-चैन की दुआ, सीतामऊ में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद

सीतामऊ। पवित्र रमजान माह के 30 रोज़ों की समाप्ति के साथ मुस्लिम समाज ने 21 मार्च शनिवार को ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे उत्साह, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया। नगर के ईदगाह परिसर में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाजजन एकत्रित हुए, जहां शहर काजी इफ्तेखारुल्लाह शेख द्वारा ईद की मुख्य नमाज अदा करवाई गई।
नमाज के बाद हजारों हाथ एक साथ खुदा की बारगाह में उठे, जहां देश में अमन, चैन, खुशहाली, आपसी भाईचारे और एकता के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। रोजेदारों ने अपने 30 दिन के रोज़ों और इबादतों की कबूलियत की भी दुआ की। इसके पश्चात सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे क्षेत्र में प्रेम और सौहार्द का संदेश फैला।
नमाज के उपरांत शहर काजी इफ्तेखारुल्लाह शेख एवं अंजुमन सदर शमशेर मौलाना ने संयुक्त रूप से नगरवासियों एवं देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशासन द्वारा किए गए बेहतर इंतजामों के लिए राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया।
ईद के इस मौके पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी रही। कांग्रेस एवं भाजपा सहित अन्य दलों के नेताओं ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज को बधाई दी जिनमें प्रमुख रूप से जिला योजना समिति सदस्य एवं पार्षद भाजपा नेता अनिल पांडे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व ब्लाक अध्यक्ष दिनेश सेठिया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा आदि की उपस्थिति रही। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों— तहसीलदार मोहित सिनम, तहसीलदार पंकज गंगवाल, थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति, कस्बा पटवारी विकास राठौर, पटवारी नितेश घटिया सहित अन्य अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शुभकामनाएं दीं।
ईदगाह परिसर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला, जहां फुटकर व्यापारियों द्वारा आइसक्रीम, कचोरी, समोसे, पानी-पतासे, पापड़ आदि की दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़ों तक ने जमकर लुत्फ उठाया।
परंपरा अनुसार नमाज के बाद भव्य चल समारोह (जुलूस) निकाला गया, जो बैंड-बाजों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में शामिल समाजजन नगरवासियों से मिलकर ईद की मुबारकबाद देते रहे। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और सांप्रदायिक सौहार्द के सुंदर दृश्य देखने को मिले, जहां सभी ने गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया। ब्लॉक कांग्रेस के तत्वाधान में भगोर गेट पर कांग्रेस जनों द्वारा जुलूस पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया एवं समाज जनों को गले मिलकर ईद की बधाई दी गई इस दौरान पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सुरेश पाटीदार रावटी, महेश मालवीया, धर्मेंद्र शर्मा, संग्राम सिंह, प्रतीक गीरोठिया, दीपू सोलंकी, राहुल बंबोरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
जुलूस का समापन तालाब चौक स्थित क़ाज़ीवाड़ा मस्जिद पर हुआ। इसके बाद समाजजन एक-दूसरे के घर पहुंचकर पारंपरिक मीठी सेवइयों का आनंद लेते नजर आए।



