सरकारी सड़क बंद करने का विवाद पुलिस ने तत्परता से रास्ता खुलवाया, आरोपियों को दी चेतावनी

सरकारी सड़क बंद करने का विवाद पुलिस ने तत्परता से रास्ता खुलवाया, आरोपियों को दी चेतावनी
गोरखपुर कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नेवास में सरकारी सड़क को अवरुद्ध करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी शिवराम ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी दिनेश और भजुराम, पुत्रगण धनुषधारी ने जबरन सड़क को खोदकर बांस और बल्ली से रास्ता रोक दिया। इससे गांववासियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।शिवराम के अनुसार, आरोपियों ने बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया और रास्ते को बंद कर दिया। जब उन्होंने विरोध जताया तो आरोपी धमकी देने लगे और फौजदारी पर उतारू हो गए। पीड़ित ने बताया कि इस घटना से न केवल उन्हें, बल्कि पूरे गांव के लोगों, खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजमर्रा के कार्यों में बाधा पहुंच रही थी। उन्होंने सरकारी सड़क को सार्वजनिक उपयोग की संपत्ति बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए इसे नुकसान पहुंचा रहे हैं, जो गंभीर अपराध है और गांव के माहौल को बिगाड़ सकता है। शिवराम ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।मामले की जानकारी मिलते ही कैंपियरगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद टीम मौके पर पहुंची और ग्राम प्रधान तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में अवरुद्ध रास्ते को खुलवा दिया। आरोपियों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि भविष्य में सरकारी रास्ते को फिर से रोकने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की। इससे क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।



