
रिपोर्टर जितेंद्र सिह चंद्रावत जडवासा
शादी में डीजे नहीं बुलाया इसको लेकर हुआ विवाद दूल्हे को घोड़ी से नीचे धकेल और की मारपीट, दो गिरफ्तार, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
रतलाम के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के गांव मथुरी का मामला
ढोढर। रतलाम में दूल्हे को घोड़ी से घसीटकर पीटा गांव का DJ क्यों नहीं बुलाया’ कहकर बारात पर हमला; मां को मारी तलवार रतलाम के मथुरी गांव में एक बारात के दौरान जमकर बवाल हो गया। ‘गांव का डीजे बुक क्यों नहीं किया’ यह कहकर कुछ बदमाशों ने बारात पर हमला बोल दिया और दूल्हे को घोड़ी से नीचे खींचकर बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने आई दूल्हे की मां पर तलवार से हमला कर दिया गया, जिससे वे लहूलुहान हो गईं। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों पर केस दर्ज कर 2 को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि डीजे तो सिर्फ बहाना था, इस खूनी संघर्ष के पीछे असली वजह ‘प्रेम प्रसंग’ हो सकती है।
डीडी नगर थाना क्षेत्र के मथुरी गांव में बुधवार दोपहर बिलपांक के भेरुपाड़ा से कन्हैयालाल डामर की बारात आई थी। बारात की निकासी (प्रोसेशन) चल रही थी और दूल्हा कन्हैयालाल घोड़ी पर सवार था। तभी आज दोपहर मे आशीष मोरी, दीपक पारगी, जितेंद्र और ध्रुव वहां आ धमके।
दुल्हन की मां के मुताबिक, बदमाशों ने गालियां देते हुए कहा कि ‘तुमने हमारा डीजे क्यों नहीं किया?’ विरोध करने पर उन्होंने लाठियों से हमला कर दिया और दूल्हे का कॉलर पकड़कर उसे घोड़ी से नीचे पटक दिया।
7 पर FIR, 2 गिरफ्तार; CSP बोले-पूर्व संबंधों का है विवाद मारपीट की सूचना मिलते ही थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दुल्हन की मां की शिकायत पर पुलिस ने 7 आरोपियों (आशीष, दीपक, जितेंद्र, ध्रुव, राहुल, संजय और अंकित) के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंकित और राहुल को हिरासत में ले लिया है।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि मामला केवल डीजे का नहीं लग रहा है, बल्कि कुछ पूर्व संबंधों (दुल्हन के प्रेम प्रसंग) का विवाद भी सामने आ रहा है।
पुलिस सभी एंगल्स से इस मामले की जांच कर रही है। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दूल्हा वापस गांव पहुंचा और शादी की रस्में पूरी की गईं।



