राजनगर में तेज हवाओं व बारिश से रबी फसलों को भारी नुकसान

किसानों ने शासन से सर्वे कर मुआवजा व राहत देने की मांग की
सीतामऊ। शीत ऋतु के फरवरी माह की शुरुआत से ही जिले के कई क्षेत्रों में कहीं ओलावृष्टि तो कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश ने रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। फसलों की बिगड़ती हालत देखकर किसान चिंतित हैं। जहां ओलावृष्टि से हुए नुकसान के सर्वे के लिए प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है, वहीं तेज हवाओं (आंधी) के साथ बारिश से हुए नुकसान को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दी है।
सीतामऊ तहसील के ग्राम राजनगर एवं आसपास के क्षेत्र में 2-3 फरवरी की रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने किसानों की फसलों को प्रभावित किया।
ग्राम के किसान हाजी सलीम खान, भेरूलाल धनगर, प्रभुलाल प्रजापत, हीरालाल कुमावत, बद्रीलाल गुर्जर, देवीलाल कुमावत सहित अन्य कृषकों ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण गेहूं व अलसी की फसल खेतों में आड़ी हो गई, वहीं अफीम के फूल झड़ गए, जिससे उत्पादन पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।
राजनगर के किसानों ने उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन किया जाए तथा किसानों को मुआवजा एवं राहत राशि प्रदान की जाए।
============



