संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के जन्मोत्सव पर चौमहला में निकली भव्य कलश यात्रा

श्री रविदास मंडल के तत्वाधान में आयोजन, समाज में समानता व समरसता का दिया संदेश
चौमहला / झालावाड़रिपोर्टर रमेश मोदी
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को नगर में श्री रविदास मंडल के तत्वाधान में भव्य चल समारोह एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने संत रविदास महाराज के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके उपदेश समाज में समानता और समरसता की नींव हैं। संत रविदास महाराज ने अपना सम्पूर्ण जीवन मानवता की सेवा तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने छुआछूत, ऊँच-नीच एवं भेदभाव के विरुद्ध सशक्त आवाज उठाकर समाज को एक सूत्र में बाँधने का महान कार्य किया।
दोपहर में निकाली गई कलश यात्रा श्री राम गंगा रविदास मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुँची। चल समारोह के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं राजनीतिक दलों द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।शोभायात्रा में संत रविदास महाराज की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही ।
कार्यक्रम के पश्चात मंदिर परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वहीं रात्रि में संत रविदास महाराज की कथा का आयोजन रखा गया, कथा उपरांत आरती कर 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।



