Uncategorized

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 25 जनवरी 2026 रविवार

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 25 जनवरी 2026 रविवार

विशेष ग्राम सभाओं में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जानकारी दी जाएगी

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जानकारियों का वाचन उचित मूल्य दुकान के विक्रेता ( पृथक विक्रेताविहीन उचित मूल्य दुकान की ग्राम पंचायतों में समिति प्रबंधक ) द्वारा कराया जाएगा। जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत राशन प्राप्त करने वाले पात्र परिवार/हितग्राहियों के नाम, पात्र परिवारों को वितरित राशन सामग्री की मात्रा, ई केवाईसी से शेष प्रतीक्षारत के नाम, वर्तमान में सम्मिलित हितग्राहियों में से ई केवाईसी न कराने वाले हितग्राहियों के नाम, वर्तमान में समिल्लित हितग्राहियों में से मृत/स्थाई रूप से पलायन करने वाले हितग्राहियों का चिन्हांकन किया जाएगा।

==========

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

आज 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सम्मान कार्यक्रम का आयोजन गुलाब चक्कर पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ लीला जोशी उपस्थित रही एवं विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली बालिका तनिष्क कुंवर सोलंकी को विशिष्ट अतिथि बनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा सहायक संचालक श्रीमती भारती डांगी  द्वारा दी गई।

मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ लीला जोशी ने अपने उद्बोधन में बालिकाओं एवं उपस्थित महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य को अर्जुन की तरह साध कर उपलब्धि हासिल करें, जिस प्रकार अर्जुन ने सिर्फ अपना लक्ष्य देखकर उपलब्धि हासिल की इस तरह आप भी प्रत्येक काम को सफलतापूर्वक करके उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। डॉ जोशी ने अपनी माता की कहानी बताते हुए कहा कि उनकी माता ने किस प्रकार उनके जन्म के पूर्व ही यह निश्चित कर लिया था कि वे डॉक्टर बनेगी, क्योकि तत्समय महिलाएं स्वास्थ्यगत कारणों से काल के गाल में समा जाया करती थी। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि बनी तनिष कुंवर सोलंकी ने बालिकाओं को किसी भी अनहोनी से बचने के लिए एक सेफ्टी डिवाइस बनाया है जो कि कोई भी घटना घटित  होने पर माता-पिता तक 10 सेकंड में बालिका की जानकारी एवं संबंधित घटना का ऑडियो  रिकॉर्ड करके जानकारी पहुंचा सकता है। उक्त सेफ्टी डिवाइस के लिए बालिका को भारत मंडपम दिल्ली में भी आमंत्रित किया गया है। अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात रतलाम जिले की कक्षा दसवीं एवं कक्षा  बारहवीं की राज्य एवं जिले स्तर की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं का सम्मान किया गया एवं खेलकूद में राष्ट्रीय स्तर एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया। साथ ही एकल बालिका वाले माता-पिता जिनकी केवल एक ही बेटी है ऐसे परिवारों को भी सम्मान पत्र दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को भी विभागीय योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत माताओं एवं बालिकाओं ने अपने  विचार साझा किए, एक बालिका ने मैं शून्य पर सवार हूं एक कविता पाठ भी किया जिससे कि सभी बालिकाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक श्रीमती ज्योति सोनी के द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन जिला समन्वयक श्री सुनील सेन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से भी निशुल्क विधिक सेवा के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता एवं सेक्टर पर्यवेक्षक एवं परियोजना अधिकारी श्रीमती चेतना गहलोत एवं श्रीमती अर्चना माहोर उपस्थित थी।

===========

जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती के लिए क्लस्टर का पुनः निर्धारण करें समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में बायोसर्ट कंपनी एवं बायोफार्म कंपनी एवं कृषि संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की  गई। बैठक में जिले में जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना पर चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गये । बैठक में उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम सिंह चौहान, उप संचालक उद्यानिकी श्री मंगल सिंह डोडवे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया कि प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती के लिए पिपलौदा ,रतलाम  एवं जावरा ब्लाक की ग्राम पंचायतों को चयनित किया गया है।जिले में शासन के निर्देशानुसार 1 हजार हेक्टेयर मे जिले के किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रशिक्षित करने का लक्ष्य दिया गया है। कलेक्टर ने बैठक में  निर्देश दिए कि जैविक खेती के लिए ऐसे एरिया ही चयनित करे, जहां अधिकांश किसान जैविक एवं प्राकृतिक खेती कर रहे है। क्लस्टर का पुनः निर्धारण करें। ग्राम पंचायतों के चयन में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों का सहयोग ले। जिले में शासन के निर्देशानुसार  जिले के किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित किया जाकर पूरी तरह जैविक खेती एवं  प्राकृतिक खेती को जिले में बढ़ावा देना सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने जैविक उत्पादों के विक्रय के लिए  किसानों के लिए जैविक हाट की व्यवस्था करने ,जैविक उत्पाद प्रमाणीकरण करवाने के निर्देश भी दिए।

============

पेयजल की शुद्धता की नियमित जांच तथा पानी की टंकी की सफाई नियमित रूप से करवाये- कलेक्टर पेयजल व्यवस्था के लिए पी एच ई एवं जल निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा पेयजल व्यवस्था के लिए पी एच ई एवं जल निगम के कार्यों की समीक्षा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, ई ई पी एच ई श्री भूरिया, जल निगम के अधिकारी उपस्थित थे ।

बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में स्वीकृत एकल ग्राम नल जल योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सभी ग्रामीण क्षेत्रों म में एसडीओ पीएच ई  जाकर जांच करे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे हैण्डपम्प जिनका पानी पीने योग्य नहीं उन्हें रेड आईल पेन्ट कर  चिन्हित करवायें एवं आमजन को इसकी जानकारी दी जाए ताकि कोई भी हैण्डपम्प का पानी पीने के लिए उपयोग नहीं करे।

जल निगम के कार्य पूर्ण होने के बाद रोड को पुनः वैसे ही मरम्मत करवाएं जैसे वह पूर्व स्थिति में थी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो योजनाएं पूर्ण हो गई है उनको ग्राम पंचायत को जल समिति के समक्ष में कार्य पूर्ण होने के बाद ही हैंडओवर किया जाए। गणतंत्र दिवस पर होने वाली विशेष ग्राम सभाओ मे जल समिति की बैठक अनिवार्य रूप से करवाये। कलेक्टर ने बैठक में पेयजल की शुद्धता की नियमित जांच तथा पानी की टंकी की सफाई नियमित रूप से करवाई जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ब्लाक स्तर पर बैठक आयोजित कर पानी की टंकी की सफाई के संबंध में सफाई करने वाले कर्मचारियों   को जानकारी प्रदाय की जाए ।

==========

गणतंत्र दिवस की संध्या पर होगा भारत पर्व का आयोजन

राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की संध्या पर लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस की संध्या पर सायं 07 बजे से गुलाब चक्कर में भारत पर्व कार्यक्रम में देश भक्ति गीत, लोकनृत्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। ‘’भारत पर्व’’ कार्यक्रम के दौरान गुलाब चक्कर में जनसम्पर्क विभाग द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। भारत पर्व आयोजन में अधिक से अधिक नागरिक शामिल होकर लोकतंत्र का उत्सव मनाये।

=========

गणतंत्र दिवस पर शासकीय भवनों एवं महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों पर रोशनी की जाएगी

राज्य शासन ने 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में समस्त शासकीय भवनों एवं महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों पर 25 एवं 26 जनवरी को रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था करने के दिशा-निर्देश दिये है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने समस्त विभागों के जिलाधिकारियों, निकायों, जनपदों के अधिकारियों को जिले के सभी शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थलों पर प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है।

============

मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना अंतर्गत चार लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव द्वारा आदेश जारी कर मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत मृतक नन्दलाल पिता राधेश्याम की कृषि कार्य करते समय करंट लगने के कारण मृत्यु होने से मृतक के निकटतम वैद्य वारिस सुशिला बाई पत्नी नन्दलाल निवासी ग्राम डेलवास तहसील ताल जिला रतलाम को राशि रूपये 4,00,000/-(चार लाख रूपये) की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।

===========

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शा.कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में होगा

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को मतदाताओं को जागरूक करने एवं प्रजातंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर एवं मतदान केन्द्र स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन ज्ञान भवन में किया जाएगा। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माय इण्डिया, माय वोट“ है तथा टेगलाइन “सिटीजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी“ है। जिला मुख्यालय पर 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शा.कला एवं विज्ञान महाविद्यालय ज्ञान भवन में प्रातः 11 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम मे प्रातः 11.00 बजे अतिथियों का आगमन होगा। 11.05 से 11.10 तक दीप प्रज्जवलन, 11.10 से 11.15 अतिथि स्वागत, 11.15 से 11.20 स्वागत उद्बोधन, 11.20 से 11.30 बजे तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का वाचन, 11.30 से 11.40 अतिथि उद्बोधन तथा शपथ ग्रहण, 11.40 से 11.55 बजे तक आभार व्यक्त किया जाएगा।

=================

गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल की गई

गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के भव्य आयोजन के लिए की गई तैयारियों एवं परेड की अंतिम रिहर्सल आज 24 जनवरी को स्थानीय पोलो ग्राउंड पर की गई। रिहर्सल  में मुख्य अतिथि एएसआई मदनलाल सांखला ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर एवं कमिश्नर नगर निगम श्री अनिल भाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इस दौरान पुलिस बल, स्काउट, एस ए एफ, एनसीसी, शौर्य दल द्वारा अंतिम रूप से मुख्य समारोह के लिए परेड की रिहर्सल की गई। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पूर्व अभ्यास किया गया।

===========

आईटीआई रतलाम में 27 जनवरी को प्लेसमेंट केम्पस का आयोजन

प्राचार्य आद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि 27 जनवरी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सज्जन मिल के सामने, सैलाना रोड, रतलाम में वैकमेट इंडिया लिमिटेड-यूनिट 5 प्लॉट नंबर 1, नया औद्योगिक क्षेत्र उज्जैनी (एमपीएकेवीएन) लेबड मानपुर रोड ग्राम उज्जैनी, पोस्ट-दिग्ठान-454773 जिला धार, मध्य प्रदेश के लिये एक दिवसीय प्लेसमेंट केम्पस का आयोजन  किया जा रहा है।

जिसमे विभिन्न आईटीआई ट्रेड्स के केवल पुरूष आवेदकों के लिये रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। जिसमें योग्यता आईटीआई फिटर/मशीनिस्ट/इलेक्ट्रीशियन/टर्नर/इलेक्ट्रॉनिक एवं बारहवीं उत्तीर्ण के लिए 60 पोस्ट, बी कॉम के लिए 15 पोस्ट, बी एस सी के लिए 10 पोस्ट, एम एस सी के लिए 10 पोस्ट  पर रिक्त पदो पर भर्ती की जाएगी।

केम्पस मे सम्मिलित होने के लिये ऑनलाईन पंजीयन लिंक https://forms.gle/VzygmJ8Qt8mi4Rex9  पर इच्छुक आवेदक पंजीयन कर सकते है तथा 27 जनवरी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सज्जन मिल के सामने, सैलाना रोड, रतलाम में उपस्थित होकर केम्पस मे भाग ले सकते है। प्लेसमेंट केम्पस के दिन आवेदक अपने समस्त मूल प्रमाण-पत्रों एवं बायोडाटा सहित अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों को लेकर आई. टी. आई. परिसर में प्रातः 10 बजे उपस्थित हो। भर्ती, कंपनी द्वारा अपनी शर्तों पर की जाएगी।

=============

पारंपरिक खेलों से लौटेंगे बचपन के दिन 25 जनवरी को हनुमान ताल पर होगा आनंद उत्सव

मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान आनंद विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी आनंद उत्सव -2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान के जिला संपर्क व्यक्ति सीमा अग्निहोत्री ने बताया कि आनंद उत्सव में प्रमुख रूप से स्थानीय पारंपरिक खेलकूद जैसे कबड्डी, खो-खो, बोरा दौड़,  चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, पिट्ठू-दौड़, नीबू दौड़ एवं रस्सा खींच आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक संगीत, लोकनृत्य, भजन, कीर्तन, नाटक, सहित स्थानीय स्तर पर तय अन्य कार्यक्रम भी किए जा सकेंगे।

शासन के निर्देशानुसार आनंद उत्सव-2026 का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रमों में महिला-पुरुष, सभी आयु वर्ग के नागरिक एवं दिव्यांगजन शामिल होंगे। इसके साथ ही 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला-पुरुषों की सहभागिता भी विशेष रूप से सुनिश्चित की जाएगी। सभी प्रतियोगिताओं के आयोजन के पश्चात उसी स्थान पर पुरस्कार वितरण किया जाएगा। आनंद विभाग रतलाम के मास्टर ट्रेनर मधु परिहार एवं गिरीश सारस्वत द्वारा सभी नागरिकों से हनुमान ताल पर आकर खेलों से आनंद प्राप्त करने की अपील की गई है।

==============

गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह पोलो ग्राउंड पर आयोजित होगा कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर रतलाम में मुख्य समारोह पोलो ग्राउंड पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चैतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8.58 बजे होगा । प्रातः 9.00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की  सलामी ली जाएगी , राष्ट्रगान होगा, 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा, 9.10 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री  डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। मुख्य समारोह में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शासकीय विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्री काश्यप द्वारा जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों ,  सांस्कृतिक  प्रस्तुतियों, झांकी एवं परेड दल को मंच से पुरस्कृत/सम्मानित किया जाएगा।

===============

प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना किसानों को मिल रही सोलर पंप की सौगात

भारत सरकार की  महत्वाकांक्षी पी.एम. कुसुम योजना का घटक-ब प्रदेश में ‘’प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना’’ के नाम से संचालित है, जिसके अंतर्गत रतलाम जिले के किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा और भी आसान हो रही है। जिले में ऑफग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम होगी तथा खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी।

किसान-अनुकूल वित्तीय व्यवस्था

इस योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के लिए अत्यंत सरल एवं लाभकारी वित्तीय ढांचा तय किया गया है जिसमें किसान अंशदानः केवल 10 प्रतिशत, केंद्र सरकार का अनुदानः 30 प्रतिशत, बैंक ऋणः शेष 60 प्रतिशत (ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है।) ऋण प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है।

योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया

योजना का लाभ प्राप्त करने एवं वेंडर द्वारा कार्य प्रारंभ करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए-कुसुम-B राज्य पोर्टल से AIF (Agriculture Infrastructure Fund) में ऑनलाइन आवेदन नोडल बैंक में किसान का खाता एवं CIF की उपलब्धता डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक द्वारा ऋण की अंतिम स्वीकृति की जाएगी।

जिले में अब तक की प्रगति

31 दिसंबर 2025 तक रतलाम जिले में 1119 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं।इस योजना से किसानों को दिन के समय निर्बाध सिंचाई, कम लागत में खेती तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता का लाभ मिल रहा है।

============

“अक्षरा“ शिक्षा से बदलाव की शुरुआत हर महिला साक्षर-हर, परिवार सशक्त-हर गांव प्रगति की ओर कार्यक्रम आयोजित

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत  मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण प्रोढ शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान मे कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के मार्गदर्शन में 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर विशेष आयोजन में “अक्षरा“ शिक्षा से बदलाव की शुरुआत हर महिला साक्षर-हर, परिवार सशक्त-हर गांव प्रगति की ओर कार्यक्रम अंतर्गत सामूहिक शपथ एवं जागरूकता संवाद का आयोजन रतलाम जिले के समस्त विकासखंडों में किया गया। जिसमें साक्षर दीदियों का अनुभव तथा उनका अक्षर साथी के रूप में पंजीयन व असाक्षर दीदियों को साक्षर करने हेतु प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर आजीविका मिशन अंतर्गत बनाए समूह की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही।

“अक्षरा-शिक्षा से बदलाव की शुरुआत“’ पहल अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम रतलाम के ग्राम रघुनाथ गढ़ में आयोजित किया गया। इसमें जिला समन्वयक साक्षरता श्री ज्ञानेश्वर परिहार एवं जिला प्रबंधक आजीविका मिशन श्री अभिलाष कुमार सोनी , विकासखंड प्रबंधक श्री महेश जमारा, संकुल प्रबंधक श्रीमती ऊषा किर के साथ क्षेत्र की दीदीयों ने सहभागिता की। समस्त विकासखंडों में विकास खंड स्तरीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना, जागरूकता फैलाना तथा समुदाय को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना रहा।  संपूर्ण जिले में आजीविका मिशन एवं साक्षरता मिशन  से जुड़े विकासखंड के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई, साथ ही समस्त विकासखंडों में विकासखंड साक्षरता प्रभारी एवं आजीविका मिशन के प्रभारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}