गरबा उत्सव में बिजली कटौती से हो रहा है व्यवधान, गरबा मण्डल अध्यक्ष डांगी ने जताई कड़ी आपत्ति

गरबा उत्सव में बिजली कटौती से हो रहा है व्यवधान, गरबा मण्डल अध्यक्ष डांगी ने जताई कड़ी आपत्ति
मंदसौर।जिले में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर माता की आराधना और गरबा आयोजनों के समय हो रही विद्युत कटौती को लेकर जिला गरबा मण्डल ने गहरा असंतोष व्यक्त किया है। मण्डल के अध्यक्ष हिम्मत डांगी ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से मांग की है कि शाम के समय जब गरबों का आयोजन होता है, तब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति अबाधित रखी जाए।इस गंभीर समस्या के त्वरित समाधान के लिए हिम्मत डांगी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, सांसद सुधीर गुप्ता तथा कलेक्टर दिव्यांकसिंह से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे बिजली विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करें ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के माता की भक्ति कर सकें।डांगी का कहना है कि शाम का समय महिलाओं और बच्चों के गरबा पाण्डालों तक पहुंचने और वापस घर लौटने का होता है। ऐसे में अचानक बिजली बंद हो जाने से अंधेरा छा जाता है, जो किसी भी अनहोनी या दुर्घटना को सीधा निमंत्रण देता है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कटौती के कारण कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जवाबदारी प्रशासन एवं बिजली विभाग की होगी।इसके साथ ही डांगी ने जिला गरबा मण्डल के समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपील की है कि यदि बिजली गुल होती है, तो समिति के सदस्य माताओं और बहनों के सुरक्षित आवागमन की स्वयं व्यवस्था करें और सुरक्षा के सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं।



