केसरियो रंग तने लाग्यो… देवी आराधना के साथ जमने लगा गरबा रास का रंग

केसरियो रंग तने लाग्यो… देवी आराधना के साथ जमने लगा गरबा रास का रंग
शामगढ़ । नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को भक्ति और उत्साह का संगम देखने को मिला। नगर के प्रसिद्ध मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर प्रांगण में शाम को महाआरती के बाद युवाओं द्वारा गरबा रास की शुरुआत की गई।
नगर में जगह-जगह गरबा पंडाल सज चुके हैं –
मेन रोड स्थित जय मां दुर्गा पूजा गरबा मंडल, कन्या शाला रोड स्थित नव कन्या गरबा मंडल, अलौकिक गार्डन स्थित जय माता गरबा मंडल, ढाबला गुर्जर रोड स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में कान्हा गरबा मंडल, कैथोड़ चौराहा स्थित जय मां चामुंडा गरबा मंडल, वार्ड नं. 3 पाटीदार मोहल्ला में पाटीदार युवा संगठन गरबा मंडल, वार्ड नं. 1 छोड चौक में क्षत्रिय खाती समाज गरबा मंडल, वार्ड नं. 15 में संतोषी माता गरबा मंडल और वार्ड नं. 12 में शीतला माता गरबा मंडल में रात होते ही मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के बाद महाआरती की जा रही है।
गरबा पंडालों में कहीं युवाओं के ग्रुप तो कहीं एकल प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। _”केसरियो रंग तने लाग्यो रे गरबा…”_ और _”घड़िया रे घड़ी ने जाजो रे…”_ जैसे पारंपरिक गुजराती व राजस्थानी गीतों पर युवक-युवतियां देर रात तक थिरकते नजर आए।
पारंपरिक परिधान चनिया-चोली और राजस्थानी ड्रेस में सजी युवतियों व कुर्ता-पायजामा और धोती में सजे युवाओं की तालियों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। माता रानी की आराधना का यह रंग अब परवान पर है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इस संबंध में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र ने बताया कि नवरात्रि पर्व को देखते हुए दुर्गा मंदिरों सहित सभी गरबा पंडालों का विशेष निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही रात्रि के समय पुलिस टीम द्वारा लगातार गश्त भी की जा रही है ताकि शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में पर्व मनाया जा सके ।



