बिना फिटनेस दौड़ रही करनी इंटरनेशनल की स्कूल बस पकड़ी, परिवहन विभाग ने बनाया चालान

बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर कार्रवाई, दूसरी बस से बच्चों को भेजा गया घर
मंदसौर। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए जग्गा खेड़ी स्थित करनी इंटरनेशनल स्कूल की स्कूल बस की जांच की। परिवहन अधिकारी दीपक मांझी के निर्देश पर उप परिवहन निरीक्षक शुभम मंडलोई एवं पूजा मुकाती ने स्कूल बस की चेकिंग की, जिसमें एक बस बिना फिटनेस के संचालित होती हुई पाई गई।परिवहन विभाग की टीम ने तत्काल संबंधित वाहन का चालान बनाया और बस में सवार बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें दूसरी बस से रवाना किया।स्कूली बच्चों को लेकर सड़क पर दौड़ने वाले वाहनों की फिटनेस केवल कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि बच्चों की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे में बिना फिटनेस स्कूल बस का संचालन सामने आना स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह भी है कि जिस बस में रोजाना मासूम बच्चे सफर कर रहे थे, उसकी फिटनेस की समय पर जांच क्यों नहीं कराई गई? परिवहन विभाग की कार्रवाई ने फिलहाल बच्चों को संभावित खतरे से बचाने का काम किया है, लेकिन यह मामला स्कूल बसों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी गंभीर संदेश देता है। बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।



