नीमच ग्रामीण में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: बढ़ती महंगाई के खिलाफ जेतपुरा चौराहे पर गूंजा जनआक्रोश

नीमच ग्रामीण में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: बढ़ती महंगाई के खिलाफ जेतपुरा चौराहे पर गूंजा जनआक्रोश
नीमच | प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं ज़िला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नीमच ग्रामीण 2 के नेतृत्व और ब्लॉक अध्यक्ष विनोद सिंह चौहान की अगुवाई में 27 अगस्त गुरुवार को जेतपुरा चौराहे पर दोपहर 12:00 बजे एक विशाल जन आंदोलन का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के दौरान “खा गए शक्कर पी गए तेल, भाजपा तेरा ये कैसा खेल…!” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यह विरोध प्रदर्शन आम आदमी की कमर तोड़ रही बेतहाशा महंगाई—विशेषकर शक्कर, खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल, बिजली, गैस और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों के विरोध में किया गया।
आंदोलन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि आज देश और प्रदेश का आम नागरिक भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और बेलगाम महंगाई के तले पिस रहा है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य तेलों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का घर चलाना दूभर हो गया है। सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ चुकी है, लेकिन कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। जब तक जनता को इस महंगाई से राहत नहीं मिलती, हमारा यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
महिला कांग्रेस नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य मधु बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। शक्कर, तेल और गैस की बढ़ती कीमतों ने हर घर की ग्रहणियों की नींद उड़ा दी है। भाजपा सरकार ने चुनावों से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज हालात यह हैं कि महिलाओं के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है। महिलाएं अब इस अत्याचार को और सहन नहीं करेंगी और भाजपा सरकार को इसका जवाब आने वाले समय में जरूर देंगी।
इस आंदोलन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, संगठन मंत्री बृजेश मित्तल, महिला कांग्रेस नेत्री व जिला पंचायत सदस्य मधु बंसल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद सिंह चोहान भंवरासा, मंडलम अध्यक्ष राकेश उपाध्याय, लक्ष्मीनारायण नागदा, प्रभुलाल बोराणा और राजेंद्र माली सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नीमच के अंतर्गत आने वाली समस्त मंडलम कांग्रेस कमेटियों के साथ-साथ युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनयूएसयूआई (NSUI), किसान कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।


