समाचार मध्यप्रदेश नीमच 25 अगस्त 2026 मंगलवार

सैकड़ों कांवड़ियों के साथ निकली गंगाजल कांवड़ यात्रा, भूतेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक
अमर ज्योतिर्लिंग मंदिर से शुरू हुई यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शहर
नीमच। श्री भूतेश्वर महादेव गंगा जलाभिषेक कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में सोमवार को शहर में भव्य गंगाजल कांवड़ यात्रा निकाली गई। अमर ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर, बस स्टैंड से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों की संख्या में कांवड़िए शामिल हुए। कांवड़िए हाथों में कांवड़ लेकर और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़े।
यात्रा के दौरान पूरा शहर शिवमय नजर आया। कांवड़िए भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कांवड़ यात्रा भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने कांवड़ में लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
समिति पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था-
कांवड़ यात्रा के आयोजन में संयोजक एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, अध्यक्ष श्रीराम मोडबोले और सचिव प्रकाश मंडवारिया की प्रमुख भूमिका रही। आयोजन श्री भूतेश्वर महादेव गंगा जलाभिषेक कांवड़ यात्रा समिति द्वारा किया गया, जबकि अन्नपूर्णा सेवा न्यास सहयोगी संस्था रही। सैकड़ों कांवड़ियों की भागीदारी से निकली यात्रा ने शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना दिया। यात्रा के समापन पर भूतेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक किया गया।
======
बामनिया से जवासा पहुंची कलश वंदन यात्रा, विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कि सहभागिता
नीमच। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कलश वंदन यात्रा बामनिया से प्रारंभ होकर जवासा पहुंची, जहां यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ।इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कलश वंदन यात्रा में सहभागिता कर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज को नमन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज का जीवन हमें सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश देता है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
जवासा में यात्रा का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, यात्रा प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह सिसोदिया, नीमच विधानसभा यात्रा प्रभारी किशन अहिरवार, मंडल अध्यक्ष किशोर दास बैरागी, श्रीमती पूजा अनिल शर्मा, महामंत्री महेश गुर्जर, राजेंद्रसिंह तंवर, जिला मंत्री सत्यनारायण गोयल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रतन मालावत, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि गोयल, जनपद सदस्य वासुदेव मेघवाल, मदन धनगर, सरपंच श्यामू बाई मेघवाल, जोरावर सिंह, श्रीमती रीना सेन सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे
=======
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम का सत्रारंभ समारोह आयोजित
‘एक पेड़ मां के नाम’, नशामुक्ति एवं स्वैच्छिकता-स्वावलंबन पर दिया जोर
नीमच, 24 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ समारोह रविवार को विकासखंड जावद में आयोजित किया गया। समारोह में नवप्रवेशित एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों का उन्मुखीकरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रोफेसर डॉ. राजेश मुजाल्दा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षित युवा सामुदायिक विकास, सामाजिक सेवा एवं वंचित वर्गों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। श्री अर्जुन माली ने विद्यार्थियों से समुदाय से जुड़कर सामाजिक समस्याओं के समाधान एवं शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जिला पर्यावरण संयोजक श्री यशवंत यादव एवं श्री कपिल गोयल ने पर्यावरण संरक्षण, इको ब्रिक्स, वृक्षारोपण एवं प्रकृति वंदन के महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों को एनएसपीसी-2026 से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा अध्ययन सामग्री वितरित की गई।
समापन अवसर पर जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर की सहभागिता में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सामूहिक पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री शिवशंकर शर्मा सहित परामर्शदाता एवं नवांकुर संस्था के प्रतिनिधियों ने सहयोग प्रदान किया। संचालन श्री संतोष कुमार मीणा ने किया तथा आभार श्री जीवन सिंह सोलंकी ने व्यक्त किया।
==
ग्राम सांडिया में नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर संपन्न
44 लाभार्थियों ने लिया स्वास्थ्य लाभ, विभिन्न रोगों की जांच कर नि:शुल्क औषधियां वितरित
नीमच, 24 अगस्त 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेद औषधालय, मनासा द्वारा ग्राम सांडिया के आंगनवाड़ी केंद्र में नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार किया गया तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई। साथ ही तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति, स्वच्छता तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।
शिविर में कुल 44 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदनलाल पाटीदार ने अपनी सेवाएं प्रदान की। शिविर के आयोजन में डॉ.सीमा पाटीदार, श्रीमती सुशीला खिंचावत एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संगीता जोशी ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर श्री कैलाश पुरोहित एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
=====
संबल योजना के तहत जिले के 106 हितग्राहियों को 2.25 करोड़ रुपये की राशि अंतरित
नीमच, 24 अगस्त 2026। श्रम विभाग द्वारा संचालित संबल योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 अगस्त को हितलाभ वितरण कार्यक्रम के माध्यम से हितग्राहियों को सहायता राशि अंतरित की। नीमच जिले के 106 हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 2 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जरूरतमंद श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने और उनके हितों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। संबल योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला एनआईसी कक्ष, नीमच में किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, श्रम पदाधिकारी श्री बी.एल. राठौर सहित हितग्राही उपस्थित रहे।
====
समाज में योगदान के लिए पद केवल एक माध्यम है- हेमलता अग्रवाल
नीमच | यह विचार पुलिस और शिक्षा विभाग से जुडी अधिकारियो ने नगर की अग्रणी साहित्यिक,सांस्कृतिक ,सामाजिक संस्था कृति के महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित मेरा जीवन मेरे अनुभव कार्यक्रम में व्यक्त किये | कार्यक्रम का प्रारम्भ सरस्वतीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ| अतिथियों का स्वागत संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ,महिला प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती आशा साम्भर और श्रीमती मंजुला धीर ने किया | अपने स्वागत उद्बोधन में संस्था ध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम इस मायने में अनूठा है कि इसमें आज हम प्रशासन के अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के प्रशासन और परिवार के समन्वय के अनुभवों से रूबरू होंगे | अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि मैंने अपनी सारी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी अपने गृह नगर गुना में रहकर ही की | 2012 में मेरा चयन हुआ लेकिन पुलिस की सेवा मेरी प्राथमिकता में नही थी इसलिए मैं खुश नहीं थी | दुबारा प्रयत्न करने पर जब मुझे सफलता नही मिली तो फिर मेरा मन पुलिस सेवा में रम गया | मैंने अपनी पढाई का खर्च न्यूनतम रखा ताकि मेरे माता पिता पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े | 2014 में विवाह के बाद नौकरी और परिवार की दोहरी जिम्मेदारी आ गई | प्रारम्भ में कुछ समस्याएं थी लेकिन बाद में सब ठीक हो गया | गुना जैसे छोटे शहर से इंदौर महानगर में आकर ससुराल में रहना भी थोड़ा मुश्किल था | मेरी सासू माँ ने बहुत पहले अपने पति और बाद में अपने छोटे बेटे को खो दिया था | इस कारण भी हम दोनों महिलाओं को परिवार में समायोजन में कठिनाई आई | उज्जैन में नौकरी का समय सबसे कठिन था | छुट्टियाँ नही मिलती थी ऐसे में मैं अपने डेढ़ साल के बच्चे से सप्ताहांत में ही मिल पाती थी | इस अवधि में मेरी सास और पति ने मुझे भरपूर सहयोग दिया | मेरे विद्यार्थी जीवन और फिर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान मेरी माँ ने मुझे बहुत प्रोत्साहित किया | पुलिस और जनता के बीच सम्बन्धों पर उनका कहना था कि यदि आप धैर्य पूर्वक जन सामान्य की समस्या को सुने और उसका समाधान कर दें तो जनता से पुलिस के सम्बन्ध बहुत अच्छे रहेंगे | अपनी पुलिस सेवा में यही मेरा उद्देश्य भी है|
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदडा परवाल ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि मेरी पहली पसंद इंजीनियरिंग थी | मैं इंजीनियर बनी भी और लगभग 9 महीने नौकरी भी की | इस दौर में मेरी बॉस ने मुझे सीखने और पढने के लिए बहुत प्रोत्साहित किया और मुझे बड़े ग्रंथालय में बैठकर केवल पढने हेतु प्रेरित किया | मेरे माता पिता ने भी मुझे प्रोत्साहित किया | जब लड़कियों को सिविल इंजीनियर बनने हेतु हतोत्साहित किया जाता था तब मेरे पिताजी ने मेरा साथ दिया | इंजनियर की नौकरी के साथ मेरा मन धीरे-धीरे प्रशासनिक सेवा में जाने का हुआ तब मैंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की | मेरा चयन कोषालय अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी के लिए हो गया तब मैंने शिक्षा को चुना | मेरा मानना है कि जो ज्ञान पुस्तकों से मिलता है वह और कहीं नही मिल सकता | पुस्तकों का कोई विकल्प नही है | रामचरित मानस मेरी प्रिय पुस्तक रही है | उसमें राम रावण युद्ध के समय युद्ध में विजय के लिए रामजी और विभीषण के संवाद जिसे राम गीता कहा जाता है से मुझे बहुत प्रेरणा मिली | नौकरी और फिर विवाह ने मेरे जीवन में परिवर्तन किया | मैं अपनी ससुराल नीमच आ गई | यहाँ मेरी तीसरी पदस्थापना है | मैंने अपनी नौकरी के छोटे से कार्यकाल में खूब काम किया और बहुत कुछ सीखा | मेरे दोनों परिवार मुझे हर तरह का सहयोग देते हैं | परिवार के साथ नौकरी करना मेरे लिए एक सुखद अनुभव है | आज भी मेहमानों के कारण मैं कार्यक्रम नही आने का विचार कर रही थी तब मेरी सासू माँ ने कहा कि वे तुम्हारा इन्तजार कर रहे हैं तुम्हे जाना चाहिए और देर से ही सही मैं आपके बीच हूँ | कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ज्ञानोदय विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ माधुरी चौरसिया ने अपनी जीवन यात्रा के अनुभवों की चर्चा करते हुए दोनों ही अधिकारियों की कार्य शैली की सराहना की | कृति संस्था के इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्य महेंद्र त्रिवेदी, भरत जाजू, राजेश जायसवाल, कमलेश जायसवाल , किशोर जेवरिया ,डॉ अक्षय पुरोहित ,जीवन कौशिक , प्रकाश भट्ट , शरद पाटीदार , मुकेश कासलीवाल , ओ पी सिंहल, सत्येन्द्रसिंह राठोर , शैलेन्द्र पोरवाल ,प्रथ्वीसिंह वर्मा , गणेश खंडेलवाल , कीर्ति कुमार चौधरी ,कैलाश बाहेती , दिलीप दुबे , जम्बुकुमार जैन , विमल कुमार जैन , डॉ वी के जैन , अनील चौरसिया , राधेश्याम शर्मा , राजेंद्र परिहार , महेश शर्मा , रमेश मोरे , सहित बड़ी संख्या में सुधी श्रोता उपस्थित थे | कार्यक्रम का संचालन श्रीमती साधना सेवक ने किया और आभार सचिव रघुनंदन पाराशर ने व्यक्त किया |
अमर ज्योतिर्लिंग मंदिर से शुरू हुई यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शहर
समाज में योगदान के लिए पद केवल एक माध्यम है- हेमलता अग्रवाल


