समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 जुलाई 2026 रविवार

///////////////////////////////////////
जावी स्कूल में 38 विद्यार्थियों को मिली साइकिलें, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित
जावी। मध्यप्रदेश शासन की साइकिल वितरण योजना के तहत शासकीय विद्यालय, जावी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने 38 छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।विधायक श्री परिहार ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी पहुँच को सरल एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी ही इस जनकल्याणकारी योजना की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा ही विकसित मध्यप्रदेश और सशक्त भारत की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष की श्रीमती शारदा बाई धनगर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती मनीषा धाकड़, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजू नागदा, महामंत्री सतीश यादव, ममता नागदा, जिला मंत्री रोशन वर्मा, दीपक नागदा, राजेश पाटीदार, शोभाराम खाती, नवलकृष्ण सुरावत, मोहन नागदा, अशोक शर्मा, सरंच गुलाब सिंह चंद्रावत, भोपाल अहीर, किशन शर्मा, देवकरण शर्मा, गोटू अजमेरा, प्रताप सिंह , मदन धनगर सहित विद्यालय परिवार, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन : जावी के शासकीय विद्यालय में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए।
==========
दुग्ध समृद्धि अभियान 2.0 अंतर्गत ग्राम अल्हेड़ में पशुपालकों से संवाद, योजनाओं की दी जानकारी
नीमच, 18 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार,मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान 2.0 के अंतर्गत ग्राम अल्हेड़ में पशुपालकों से संवाद किया गया। संवाद के दौरान अनुविभागीय अधिकारी किरण अंजाना एवं मैदानी अमले ने पशुपालकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन को लाभकारी बनाने के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान पशुपालकों को पशुओं के संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन एवं वैज्ञानिक डेयरी पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़कर नियमित दूध विक्रय करने तथा विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन में वृद्धि कर पशुपालकों की आय बढ़ाना तथा उन्हें आधुनिक पशुपालन तकनीकों एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में उपस्थित पशुपालकों ने भी अपनी समस्याओं एवं सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया, जिनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया।
==========
जावद तहसील में वर्षाकालीन कंट्रोल रूम के लिए संशोधित ड्यूटी आदेश जारी
नीमच, 18 जुलाई 2026। वर्षा ऋतु में संभावित अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जावद ने तहसील कार्यालय जावद में संचालित कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी में संशोधन करते हुए संशोधित आदेश जारी किए हैं। कंट्रोल रूम 15 अक्टूबर 2026 तक 24 घंटे संचालित रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार प्रथम पाली (सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक) में श्री घनश्याम मेघवाल मो. 9098452015, द्वितीय पाली (दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक) में श्री दिनेश धाकड मो. 9340532918 एवं श्री राजेन्द्र करवाडिया मो. 9993131747, जबकि तृतीय पाली (रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक) में श्री नानालाल मोगिया मो. 9407229306 तथा श्री शांतिलाल धाकड मो. 9425107624 रिजर्व दल के रूप में तैनात रहेंगे।
कंट्रोल रूम प्रभारी ऑफिस कानूनगो नेपालसिंह राजपूत को बनाया गया है। किसी भी आपात स्थिति अथवा वर्षा संबंधी सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष 07420-232241 अथवा प्रभारी के मोबाइल 9229437585 पर दी जा सकती है।
===========
उप संचालक कृषि ने किया खरीफ फसलों का निरीक्षण, किसानों को दिए फसल प्रबंधन के सुझाव
नीमच, 18 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास नगीन सिंह रावत एवं उनकी टीम ने नीमच और जावद विकासखंड के ग्राम मालखेड़ा, नेवड़, सरवानिया महाराज एवं बरखेड़ा सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर खरीफ फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
दल ने क्षेत्र में सोयाबीन, मक्का, मूंगफली एवं अरहर सहित विभिन्न खरीफ फसलों का निरीक्षण कर खेतों में नमी की स्थिति, कीट एवं रोगों के प्रकोप का आकलन किया। किसानों को मौसम की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए फसलों के बेहतर प्रबंधन एवं समय पर आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश किसानों ने नमी संरक्षण के लिए कुल्पा चलाकर खेतों में नमी सुरक्षित रखने का कार्य किया है। वहीं अधिक खरपतवार वाले खेतों में श्रमिकों के माध्यम से खरपतवार नियंत्रण भी किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि ने किसानों को सलाह दी कि जिन खेतों में अभी तक कुल्पा या डोरा नहीं चलाया गया है, वहां शीघ्र नमी संरक्षण का कार्य करें। सोयाबीन फसल में स्टेम फ्लाई एवं गर्डल बीटल की नियमित निगरानी रखें तथा आवश्यकता होने पर समय पर कीटनाशक का छिड़काव करें। मक्का की फसल में फॉल आर्मी वर्म की आशंका को देखते हुए खेतों का सतत निरीक्षण करें और लक्षण दिखाई देने पर अनुशंसित उपचार अपनाएं। साथ ही सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होने पर स्प्रिंकलर से जीवन रक्षक सिंचाई करने की भी सलाह दी गई।
निरीक्षण दल में परियोजना संचालक आत्मा डॉ.यतीन मेहता, कृषि विज्ञान केंद्र नीमच के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. सी.पी. पचौरी तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.पी.एस.नरूका भी शामिल रहे।
=========


