मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 19 जुलाई 2026 रविवार

जिला परिवहन अधिकारी ने स्कूल बसों, यात्री बसों एवं डम्परों की जांच की

04 स्कूल बसों, 01 यात्री बस एवं 01 डम्फर की चेकिंग के दौरान कुल 60,500 रुपये समन शुल्क वसूला

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार 18 जुलाई को जिला परिवहन अधिकारी जगदीश बिल्लोरे एंव कार्यलयीन स्टाफ द्वारा जिले में स्थित स्कूल में संचालित होने वाली स्कूल वाहनों, यात्री बसों एवं मालयानों की चेकिंग की गयी, स्कूल बसों में परमिट, फिटनेस, बीमा, पी.यू.सी., आपातकालीन खिड़की एवं दरवाजे, व्ही.एल.टी.डी., एस.एस.आर.पी. प्लेट की जांच की गयी एवं वाहन को चलवाया जाकर स्पीड गवर्नर को बारिकी से चेक किया गया जो चालू हालत में पाये गये साथ ही वाहनों की गति भी स्पीड गवर्नर डिवाईस के अनुसार नियंत्रित होना पाई गयी।

चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को अग्निशमन यंत्र तथा इमरजेंसी खिड़की व दरवाजे का आपातकालीन स्थिति में उनका उपयोग किये जाने की समझाईश दी गयी। 1 स्कूल वाहन का वैध बीमा नहीं पाये जाने से समन शुल्क की राशि रूपये-5,000/- वसूल की गयी. 1 स्कूली वाहन का पी.यू.सी. वैध नहीं होने से समन शुल्क की राशि रूपये 5,000/- तथा 02 स्कूल वाहनों के वायपर इंडिकेटर चालू नहीं होने से समन शुल्क की राशि रूपये-10,000/- वसूल की गयी। इस प्रकार 04 स्कूली वाहनों से कुल समन शुल्क की राशि रूपये-20,000/- वसूल की गयी हैं। उक्त कार्यवाही के दौरान 1 स्कूली वाहन के कोई भी वैध प्रपत्र नहीं पाए जाने से जप्ती की कार्यवाही की जाकर वाहन सुरक्षार्थ कार्यालय परिसर में खड़ा किया गया।

यात्री बसों की चेकिंग के दौरान 01 वाहन का पी.यू.सी. वैध नहीं पाया गया हैं, इस कारण से समन शुल्क की राशि रूपये 5,500/- वसूल की गयी। 01 डम्फर बिना परमिट पाए जाने से समन शुल्क की राशि 35,000/- वसूल की गयी।

इस प्रकार 04 स्कूल बसों, 01 यात्री बस एवं 01 डम्फर की चेकिंग के दौरान पाई गयी प्रपत्रों की कमियों से कुल समन शुल्क की राशि रूपये-60,500/- वसूल की गयी हैं।

====

अपर कलेक्टर श्री रावत ने बाल देखभाल संस्थाओं का किया निरीक्षण

वर्षा ऋतु में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश

अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा जिले में संचालित अशासकीय संस्थाओं देवप्रकाश सेवा संस्थान बालगृह, निवेदिता बालिकागृह, मातृछाया सेवा भारती शिशुगृह तथा शासकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया गया।

देवप्रकाश सेवा संस्थान बालगृह में 11 बालक निवासरत पाए गए, जिनमें से 5 बालक नियमित रूप से विद्यालय में अध्ययनरत हैं। संस्था में सीसीटीवी कैमरे संचालित हैं तथा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

निवेदिता बालिकागृह में 26 बालिकाएं निवासरत हैं। इनमें 10 बालिकाएं विद्यालय, 2 बालिकाएं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई तथा 5 बालिकाएं राज्य ओपन/प्राइवेट माध्यम में अध्ययनरत हैं। बालिकाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

बारिश के मौसम को देखते हुए स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

मातृछाया सेवा भारती शिशुगृह में 8 शिशु (5 बालक एवं 3 बालिकाएं) निवासरत हैं। इनमें 2 बालक विद्यालय में अध्ययनरत हैं। मातृछाया सेवा भारती शिशुगृह में शिशुओं को पौष्टिक आहार, जैसे दलिया एवं उबला हुआ अनाज दिया जाता है। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। शिशुगृह में 5 बालकों को लीगल फ्री किए जाने हेतु पेपर विज्ञप्ति जारी करने की कार्यवाही की जा रही है।

बाल सम्प्रेक्षण गृह में 17 बालक निवासरत पाए गए, जिनमें से 4 बालक प्राइवेट अध्ययनरत हैं। बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

सभी संस्थाओं को बारिश के मौसम को देखते हुए स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

========

आजमपुर डोडिया गांव पहुंचे विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं अपर कलेक्टर श्री ब्रजेश रावत

दूषित पेयजल की सूचना पर प्रशासन सक्रिय

पिपलोदा तहसील के ग्राम आजमपुर डोडिया में दूषित पेयजल के सेवन की आशंका के चलते कई ग्रामीणों के उल्टी, दस्त एवं बुखार से प्रभावित होने की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत ने गांव का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने उस कुएं का भी अवलोकन किया, जिसके पानी के सेवन से ग्रामीणों के बीमार होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुएं के पानी की तत्काल जांच कराने तथा पिपलोदा से ट्यूबवेल के माध्यम से गांव में स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर कलेक्टर श्री रावत ने पेयजल स्रोतों, पानी की टंकियों एवं पाइपलाइन की जांच तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में तत्काल चिकित्सा शिविर आयोजित कर चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक दवाइयों का वितरण किया तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। स्वास्थ्य अमले ने घर-घर जाकर सर्वे कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की भी जांच की।

विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने ग्रामीणों से अपील की कि वे घबराएं नहीं तथा एहतियात के तौर पर पानी को उबालकर ही उपयोग में लें। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन द्वारा पानी के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। वर्तमान में गांव की स्थिति नियंत्रण में है तथा स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

=====

सैलाना में विशेष वन अधिकार शिविर का आयोजन

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार जनपद पंचायत सैलाना में विशेष वन अधिकार शिविर का आयोजन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सैलाना की अध्यक्षता में किया गया। उक्त बैठक में सीईओ जनपद पंचायत सैलाना, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, क्षेत्र संयोजक जनजातीय कार्य विभाग, उपवन मंडल अधिकारी, रेंज ऑफिसर सैलाना, रेंज ऑफिसर शिवगढ़ तथा संबंधित पंचायत सचिव एवं बीट गार्ड उपस्थित रहे। बैठक में 18 ग्राम पंचायतों के ग्राम स्तर पर लंबित 3914 फाइल्स पर कार्यवाही की गई।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती डॉ. प्रियंका राय द्वारा सैलाना क्षेत्र के विभिन्न छात्रावासों एवं विद्यालयों का औपचारिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक रविवार को विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित करने तथा सभी छात्रावासों में लाइब्रेरी कॉर्नर विकसित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

========

समृद्ध मध्यप्रदेश 2047 के तहत जावरा में विजन डॉक्यूमेंट संबंधी बैठक आयोजित

समृद्ध मध्यप्रदेश 2047 के अंतर्गत जिला विजन डॉक्यूमेंट तैयार किए जाने के संबंध में विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय विधानसभा क्षेत्र जावरा एवं एसडीएम जावरा द्वारा नगर पालिका परिषद हॉल में उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य उक्त संबंध में विधानसभा क्षेत्र जावरा 222 को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने की दृष्टि से विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के जीवन-यापन, मूलभूत सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगारपरक, गतिविधियों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समग्र आकलन किया जाकर विभिन्न परियोजनाओं प्रस्ताव व सुझाव आमंत्रित किए गए है। बैठक में विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिरत और स्वीकृत महत्वपूर्ण विकास कार्यों के संबंध में विस्तृत से चर्चा की गई है।

नगर पालिका सीएमओ द्वारा ऑडिटोरियम, हाई टेक ई-लायब्रेररी, मल्टी स्टोरी मार्केट पार्किंग, सोलर डिपेंडेट यूएलबी एण्ड स्ट्रीट लाईट, गीता भवन, इन्डोर आउटडोर स्टेडियम, विभिन्न प्रकार की सड़क चोड़ीकरण कार्य, न्यू हाईटेक बस स्टेण्ड, सीटी बायपास आदि परियोजनाओं के प्रस्ताव विजन 2047 हेतु बैठक में प्रस्तुत किए।

विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी जावरा को पेयजल, पार्किंग, सीवरेज, कचरा निष्पादन, फ्लायओवर (पिपलौदा चौराहा, भीमाखेड़ी फाटक, लुहारी रेल्वे फाटक क्रासिंग) आदि विभिन्न आगामी विजन 2047 हेतु आगामी एवं प्रगतिरत परियोजनाओं को अतिशीघ्र क्रियान्वयन करने हेतु निर्देश दिए गए है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चन्द्रवंशी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रूकमणी हेमराज हाडा, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती अलका हरिओम पाटीदार, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष श्री युसूफ कड़पा आदि अन्य जनप्रतिनिधि के साथ समस्त विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

=====

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों की हुई जांच

दो मेडिकल स्टोरों को अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश, प्रस्तुत नहीं करने पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत राजस्व विभाग एवं औषधि विभाग द्वारा संयुक्त रूप से रतलाम शहर के मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर नारकोटिक्स औषधियों एवं कोडीन युक्त कफ सिरप के स्टॉक तथा क्रय-विक्रय अभिलेखों की जांच की गई।

औषधि निरीक्षक श्री अजय कुमार मीणा ने बताया कि नाहरपुरा स्थित शहनाज मेडिकल, शास्त्री नगर स्थित न्यू नेशनल मेडिकल तथा रतलाम हॉस्पिटल परिसर स्थित रतलाम केमिस्ट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टॉसेक्स सिरप, एलप्रेक्स टैबलेट एवं ट्रामाडोल इंजेक्शन सहित नारकोटिक्स श्रेणी की औषधियों की उपलब्धता तथा उनके क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान शहनाज मेडिकल एवं न्यू नेशनल मेडिकल द्वारा मौके पर क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दोनों प्रतिष्ठानों को दो दिवस के भीतर समस्त नारकोटिक्स औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित मेडिकल स्टोरों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए उनके लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं रतलाम केमिस्ट द्वारा निरीक्षण के दौरान सभी आवश्यक अभिलेख मौके पर ही प्रस्तुत कर दिए गए।

संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार श्री पाण्डेय, औषधि निरीक्षक श्री अजय कुमार मीणा तथा औषधि निरीक्षक श्री बलराम चौधरी शामिल रहे। औषधि निरीक्षक श्री अजय कुमार मीणा ने बताया कि नशीली एवं प्रतिबंधित औषधियों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में इस प्रकार की निरीक्षण एवं जांच कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

======

सीएमएचओ ने दस्तक अभियान की मॉनिटरिंग की

रतलाम जिले में दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम द्वारा 0 से 5 वर्ष आयु समूह के बच्चों को बाल्यकालीन बीमारियों की पहचान एवं प्रबंधन, 9 माह से 5 वर्ष की आयु के बच्चों को विटामिन ए का अनुपूरण, बच्चों में हीमोग्लोबिन की जांच कर आयरन फोलिक एसिड की प्रदायगी, कुपोषित बच्चों की पहचान कर पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती करने तथा दस्त रोग से बचाव हेतु ओआरएस और जिंक की गोलियों के वितरण संबंधी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने कार्यक्रम के संबंध में आयुष्मान आरोग्य मंदिर आड़ापंथ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुंवरपाड़ा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी का निरीक्षण किया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर आड़ापंथ में नवनिर्मित भवन में बिजली, पानी की व्यवस्था करने एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का सहयोग लेने हेतु डॉ. पीयूष मांगरिया को निर्देशित किया। ग्राम कुंवरपाड़ा में सीएचओ प्रियंका पाटीदार अनुपस्थित पाई गईं। इस संबंध में अभियान के दौरान किसी को भी अवकाश स्वीकृत नहीं करने संबंधी निर्देश दिए गए। एएनएम द्वारा दस्तक अभियान के दौरान सेवाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी में 3 चिकित्सक पदस्थ पाए गए। निरीक्षण के दौरान दो नर्सिंग ऑफिसर का स्थानांतरण होने के कारण केंद्र पर शीघ्र नर्सिंग ऑफिसर की व्यवस्था करने हेतु कहा गया। सीएमएचओ ने प्रसव संबंधी सेवाओं के लिए प्रोटोकॉल आधारित गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीपीएम, जिला क्वालिटी मैनेजर एवं नर्सिंग मेंटर के दल द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी का निरीक्षण कर आवश्यकता अनुसार संसाधन एवं अन्य सेवाएं प्रदान की जाएं।

स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान एनवीबीडीसीपी सलाहकार डॉ. प्रमोद प्रजापति तथा डीसीएम श्री कमलेश मुवेल उपस्थित रहे।

========

बागवानी योजनाओं का सुनहरा अवसर

एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में आवेदन आमंत्रित
कृषक www.mpfsts.mp.gov.in पर तुरंत करें ऑनलाइन आवेदन
फल, सब्जी, पुष्प, मसाला एवं संरक्षित खेती सहित अनेक गतिविधियों पर अनुदान, आवेदन शुरू

उप संचालक उद्यान श्री मंगल सिंह डोडवे ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं राज्य योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को विभिन्न उद्यानिकी हितग्राहीमूलक योजनाओं के मदवार एवं घटकवार लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। योजनाओं में पात्र हितग्राहियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए इच्छुक कृषकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नवीन बगीचा स्थापना योजना में आम, अमरूद, लीची, अनार एवं नींबू वर्गीय फसलों की सामान्य दूरी एवं उच्च घनत्व पद्धति को शामिल किया गया है। फल क्षेत्र विस्तार योजना में ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, पपीता, अमरूद, संतरा, सीताफल, एवोकाडो, अंजीर एवं आम की खेती के लिए ड्रिप सहित एवं ड्रिप रहित दोनों प्रकार से अनुदान का प्रावधान है।

इसी प्रकार सब्जी क्षेत्र विस्तार संकर, प्याज, पुष्प एवं मसाला क्षेत्र विस्तार योजनाओं के अंतर्गत गुलाब, जरबेरा, ट्यूबरोज, गेंदा, धनिया, अजवाइन, मेथी, जीरा, सौंफ, हल्दी, अदरक तथा लहसुन जैसी फसलों पर भी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

संरक्षित खेती के अंतर्गत शेडनेट हाउस, पॉलीहाउस, प्लास्टिक टनल, प्लास्टिक मल्चिंग, उच्च गुणवत्ता की सब्जियों का उत्पादन, ऑर्किड, जरबेरा, एन्थूरियम, तार फेंसिंग, फ्रूट कवर एवं वीडमैट जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है। साथ ही जैविक वर्मी कम्पोस्ट इकाई एवं वर्मी बेड पर भी अनुदान प्रदान किया जाएगा।

बागवानी यंत्रीकरण के तहत 20 पीटीओ तक के ट्रैक्टर, 8 बीएचपी से अधिक क्षमता के पावर टिलर, पावर नैपसेक स्प्रेयर, 35 एचपी से अधिक क्षमता के ट्रैक्टर ऑपरेटेड स्प्रेयर सहित फार्मगेट पैक हाउस, कोल्ड स्टोरेज, राइपनिंग चैंबर एवं लो-कॉस्ट प्याज भंडार गृह पर भी अनुदान का प्रावधान है। राज्य योजना के अंतर्गत मसाला क्षेत्र विस्तार के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उप संचालक उद्यान ने बताया कि इच्छुक कृषक विभाग की वेबसाइट www.mpfsts.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय, शासकीय रोपणियों अथवा जिला स्तर पर उप संचालक उद्यान कार्यालय, नवीन कलेक्ट्रेट भवन, कक्ष क्रमांक 201 एवं 202, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।

========

मीराबाई की आंखों को नई रोशनी मिली
जिला चिकित्सालय रतलाम में आंखों का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न

सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने बताया कि जिला चिकित्सालय रतलाम में नेत्र रोग इकाई द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रीमती मीराबाई पति गौतम, उम्र 85 वर्ष, निवासी खजूरी रावत पाड़ा, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) पिछले छह माह से नेत्र रोग से पीड़ित थीं। उपचार के लिए कई अस्पतालों में प्रयास किए गए, लेकिन मोतियाबिंद पका होने तथा ग्लूकोमा के दर्द के कारण उनका ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था।

 

मीराबाई के परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रतलाम के नेत्र रोग विभाग में लाया गया, जहां परीक्षण के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. गुप्ता एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया रावत ने उनके जटिल ऑपरेशन का जिम्मा लिया। जिला चिकित्सालय रतलाम की नेत्र रोग इकाई के चिकित्सकों एवं नर्सिंग ऑफिसरों की टीम ने 11 जुलाई को उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। उपचार के बाद 12 जुलाई को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

 

ऑपरेशन के बाद मीराबाई पूरी तरह से देख सकती है।श्रीमती मीराबाई एवं उनके परिजनों ने सफल उपचार के लिए अस्पताल के चिकित्सकों एवं नर्सिंग ऑफिसरों को धन्यवाद दिया । सीएमएचओ डॉ. किरण वाडिवा ने जिला चिकित्सालय रतलाम की नेत्र रोग इकाई की टीम को इस सफल कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}