राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर जिला कारागार गोरखपुर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 16 यूनिट रक्त हुआ संग्रह

गोरखपुर, राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला कारागार गोरखपुर में बुधवार को भव्य एवं गरिमापूर्ण स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता की सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने स्वयं रक्तदान कर कर्मचारियों को प्रेरित किया। उनके साथ उप कारापाल विजय कुमार सहित कई जेल कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 16 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।रक्तदान शिविर का आयोजन पूर्ण चिकित्सीय मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत किया गया। रक्तदाताओं की पहले स्वास्थ्य जांच की गई, जिसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।शिविर में जवाहर क्रांति सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अनुराग मौर्य (एके शालिनी मौर्य) एवं संचालन मंत्री धीरज सिंह ने भी रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया। तकनीकी एवं चिकित्सीय सहयोग जिला चिकित्सालय गोरखपुर की टीम द्वारा प्रदान किया गया, जिसका नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील चन्द्र बोस ने किया।इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। नियमित रक्तदान अनेक जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करता है और यह मानव सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है।”कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिविर में जेलर अरुण कुमार कश्यप, उप जेलर विजय कुमार, आदित्य कुमार, कृष्णा कुमारी, अमिता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



