, समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 28 जून 2026 रविवार

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा 28 जून को पिपलिया मंडी और गुड़भेली छोटी में
मंदसौर 27 जून 2026/ मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा 28 जून को प्रातः 11:00 बजे पिपलिया मंडी के बूथ नंबर 87 में मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12:00 पिपलिया मंडी के कृषि उपज मंडी परिसर में कृषि उपज मंडी में निर्मित 32 दुकानों का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 3:00 बजे ग्राम गुड़भेली छोटी में बरुजना फंटे से छोटी गुड़भेली, हरसोल व्हाया बंडपिपल्या पहुंच मार्ग का भूमि पूजन करेंगे।
========
किशोर स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों को दिया तीन दिवसीय प्रशिक्षण
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 84 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
मंदसौर 27 जून 2026/ राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 23 से 25 जून 2026 तक होटल ऋतुवन में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के 84 शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षित करना था। आयुष्मान भारत के स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों को हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर के रूप में तैयार किया गया। प्रशिक्षण में जीवन कौशल शिक्षा के मॉड्यूल के आधार पर व्यवहारिक जानकारी एवं अध्ययन सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री निलेश गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी श्री पंकज कुमार जाट एवं एडीपीसी श्री लोकेंद्र डाबी के मार्गदर्शन में आसरा लोककल्याण समिति, देवास के सहयोग से किया गया।
राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों श्री लक्ष्मीनारायण पाटीदार, श्रीमती रेणुका आचार्य, श्रीमती सपना भट्ट एवं श्री खाजू शाह ने प्रशिक्षण प्रदान किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
=====
28 जून को जिले के 1212 बूथों पर 1.57 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
जिला चिकित्सालय से निकली जागरूकता रैली, ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाने की अपील
मंदसौर 27 जून 2026/ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को जिलेभर में 0 से 5 वर्ष तक के 1,57,194 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए जिले में 1212 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 2,810 वैक्सीनेटर अपनी सेवाएं देंगे।
अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय परिसर से विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान एवं सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जिसमें जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, विषय विशेषज्ञ, सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्रोफेसर, शासकीय नर्सिंग कॉलेज के ट्यूटर एवं नर्सिंग छात्र-छात्राएं, आशा कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेश सोलंकी ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान एवं सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को 28 जून को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो से सुरक्षा के इस कवच से वंचित न रहे। फोटो संलग्न
================
एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के तहत संचालन के लिए 30 जून तक आवेदन आमंत्रित
निवेशकों एवं उद्यमियों को बैंक ऋण, ब्याज सबवेंशन एवं तकनीकी सहायता का मिलेगा लाभ
मंदसौर 27 जून 26 / मत्स्योद्योग सहायक संचालक ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू की गई “मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026” के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में मत्स्योद्योग विभाग, जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों के चयनित जलाशयों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु उद्यमी मॉडल के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
नीति के अंतर्गत निवेशकों एवं उद्यमियों को केज एक्वाकल्चर, एक्वापोनिक्स, इंटीग्रेटेड फिश फार्मिंग, ईको टूरिज्म तथा ग्रीन एनर्जी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने एवं निजी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के माध्यम से फिश हैचरी, आईस प्लांट, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट तथा विपणन अधोसंरचना के विकास हेतु सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना के अंतर्गत पात्र निवेशकों एवं उद्यमियों को बैंक ऋण सुविधा, ब्याज सबवेंशन तथा तकनीकी सहायता भी प्रदान की जाएगी।
इच्छुक निवेशक एवं उद्यमी 30 जून 2026 तक कार्यालयीन दिवस एवं समय में विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन संबंधित जिले के मत्स्योद्योग विभाग कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
योजना संबंधी विस्तृत जानकारी जिला मत्स्योद्योग कार्यालय तथा विभाग की वेबसाइट mpfisheries.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।
=========
बोलेरो/ स्विफ्ट डिजायर वाहन किराये पर लेने हेतु निविदाएं 30 जून तक आमंत्रित
मंदसौर 27 जून 26 / कार्यालय उप संचालक उद्यान द्वारा बताया गया कि कार्यालयीन कार्य संपादन हेतु किराये पर वाहन बोलेरो/स्वीफ्ट डिजायर मॉडल के वाहन हेतु निर्धारित प्रारुप में संकल्प धन राशि (डिमाण्ड ड्राफ्ट 10 हजार रूपये) के साथ सील बंद दरें आमंत्रित की जाती है।
निविदा प्रपत्र राशि 500 रूपये नगद भुगतान कर कार्यालय उप संचालक उद्यान जिला मंदसौर से 30 जून 2026 को दोपहर 1:00 बजे तक प्राप्त किये जा सकेगे। प्राप्त निविदाएं 30 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक उपसंचालक उद्यान जिला मंदसौर में रखे टेण्डर बॉक्स में स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त निविदाएं 30 जून 2026 को दोपहर 3:00 बजे उपस्थित निविदाकर्ताओं एवं समिति के समक्ष खोली जाएगी। कार्यालय को किसी भी निविदा/ समस्त निविदाओं को बिना कारण बताये स्वीकृत / अस्वीकृत करने का अधिकार होगा।
========
मन्दसौर। आर्ट ऑफ लिविंग मंदसौर के जुझारू, समर्पित, सेवाभावी साधक श्री शैलेन्द्र माथुर को आर्ट ऑफ लिविंग के वैदिक धर्म संस्थान (वीडीएस) द्वारा मंदसौर एवं नीमच जिला के लिए को – ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। श्री माथुर के मनोनयन से इस क्षेत्र में वैदिक धर्म संस्थान द्वारा आयोजित विभिन्न पूजा, होम के कार्यक्रमों को और गति मिलेगी ।
आर्ट ऑफ लिविंग के श्री खुमानसिंह चुंडावत, हरीश रायवाल, योगेंद्र शर्मा, रघुराज सिंह सिसोदिया , शिवराज सिंह चौहान, सुमेर सिंह, कमलेश कोठारी, सुरेन्द्र संघवी, नरेंद्र धनोतिया, दिलीप परमार, आशीष राठौर, श्याम भावसार, डॉ. रमेश कनेसरिया , दिनेश व्यास, धीरेंद्र कदम, यतीन्द्र जोशी, शकुंतला सोनी, सौरभ पटेल, मुकुल माहेश्वरी सहित अनेक साधकों ने श्री शैलेन्द्र माथुर को बधाई दी है ।
ग्वाला समाज के निर्वाचन आज, 1125 समाजजन करेंगे मतदान
मंदसौर। ग्वाला समाज की श्रीकृष्ण ग्वाला गवली सामाजिक संस्था के अध्यक्ष पद पर निर्वाचन आज लोकतांत्रिक पद्धति से आयोजित होंगे। समाज की संस्था के चुनाव प्रति तीन वर्ष में आयोजित हो रही हैं। संस्था के चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल हैं। ग्वाला समाज की संस्था के जिला अध्यक्ष पद पर चुनाव होंगे।
इस साल चुनाव मैदान में दो उम्मीदवार खड़े हैं। इनके बीच चुनाव होेगा। गोविंद सुरा अौर अनिल मसानिया के बीच अध्यक्षीय मुकाबला हैं। मतदाता सूची में समाज के 1125 मतदाताओं के नाम हैं। इनमें मंदसौर, गरोठ, सीतामऊ और नारायणगढ़ के समाजजन शामिल हैं। चुनाव की सम्पूर्ण प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ एडव्होकेट अजयकुमार सिखवाल द्वारा आयोजित करवाई जाएगी। आज 28 जून को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। दोपहर 3 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी और इसके बाद चुनाव परिणामों की घोषण होगी। चुनाव संजय गांधी उद्यान परिसर नई आबादी मंदसौर में आयोजित होंगे।
======
रोटरी क्लब मंदसौर ने लगाया ग्लोबल ग्रांट का चौका
श्री गौतम मुनि की प्रेरणा से चार नई डायलिसिस मशीनों से मिलेगा हजारों मरीजों को जीवनदान
मंदसौर। रोटरी क्लब मंदसौर ने सेवा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपने चौथे ग्लोबल ग्रांट प्रोजेक्ट के अंतर्गत सर्वजन हित श्री गौतम मुनि जैन सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति, मंदसौर में चार अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित कराने की स्वीकृति प्रदान की है।
यह सेवा प्रकल्प परम पूज्य गुरुदेव श्री गौतम मुनि की प्रेरणा एवं रोटरी फाउंडेशन के सहयोग से साकार हो रहा है। इस परियोजना के प्रमुख दानदाता विवेक जी सम्पतलाल बोरदिया परिवार (उदयपुर), अभिषेक जी अभय मेहता “करजूवाला” परिवार (मंदसौर, वर्तमान निवास पुणे) तथा शैलेन्द्र कुमार पारसमल मट्ठा परिवार (नीमच) हैं।
इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य में परम गुरु भक्त मनीष जी मारू की सक्रिय भूमिका भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने निरंतर समन्वय, प्रेरणा और सहयोग के माध्यम से इस प्रकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी सक्रियता से यह जनहितकारी कार्य और अधिक गति से साकार हो सका।
उल्लेखनीय है कि सर्वजन हित श्री गौतम मुनि जैन सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से चार डायलिसिस मशीनों का सफल संचालन अनुयोग हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर प्रा लि मंदसौर के सहयोग से किया जा रहा है, जहाँ किडनी रोगियों को मात्र ₹800 में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अब चार नई मशीनें जुड़ने से मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम होगी तथा अधिक संख्या में जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
परम पूज्य श्री गौतम मुनि की प्रेरणा से देशभर में विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से लगभग 550 से अधिक डायलिसिस मशीनों का संचालन किया जा रहा है, जिनके माध्यम से हजारों मरीजों को अत्यंत रियायती दरों पर जीवनदायी उपचार उपलब्ध हो रहा है।
रोटरी क्लब मंदसौर के अध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी ने बताया कि क्लब द्वारा इस वर्ष लगातार चौथा ग्लोबल ग्रांट प्रोजेक्ट स्वीकृत कराया गया है। इससे पूर्व महावीर स्वास्थ्य केंद्र दलौदा में डायलिसिस मशीन, मंदसौर में एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस तथा जिला चिकित्सालय के लिए मैमोग्राफी मशीन स्वीकृत की जा चुकी है, जिनका लाभ शीघ्र ही क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
क्लब सचिव कपिल भंडारी ने बताया कि वर्ष 2025-26 में रोटरी क्लब मंदसौर द्वारा ग्लोबल ग्रांट के माध्यम से लगभग ₹ 2 करोड़ के सेवा प्रकल्प स्वीकृत एवं क्रियान्वित किए जा चुके हैं। क्लब भविष्य में भी नगर एवं आसपास के क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप जनहितकारी परियोजनाएँ निरंतर संचालित करता रहेगा।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा, डिस्ट्रिक्ट फर्स्ट लेडी रूबी मल्होत्रा, डीआरएफसी नितिन डफरिया व असिस्टेंट गवर्नर संजय गोठी ने इस महत्वपूर्ण सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए क्लब को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा ने कहा—”रोटरी क्लब मंदसौर ने सेवा के क्षेत्र में जो उत्कृष्ट कार्य किए हैं, वे पूरे डिस्ट्रिक्ट के लिए प्रेरणास्रोत हैं। लगातार चार ग्लोबल ग्रांट परियोजनाओं का सफल अनुमोदन क्लब की सक्रियता, पारदर्शिता एवं सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। यह प्रकल्प हजारों मरीजों के जीवन में आशा का संचार करेगा तथा रोटरी के ‘Service Above Self’ के आदर्श को साकार करेगा। मुझे विश्वास है कि रोटरी क्लब मंदसौर भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।”



