डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सीतामऊ में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित

डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सीतामऊ में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित
सीतामऊ (मंदसौर)। डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सीतामऊ में युवाओं को रोजगारोन्मुख अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत जागरूकता एवं पंजीयन शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का संचालन महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक सुश्री सुमन मैम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर श्री राजेश वैष्णव, श्री पंकज पाटीदार एवं श्री सुनील कुमावत ने विद्यार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि यह योजना 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को देश की शीर्ष 500 प्रतिष्ठित कंपनियों में व्यावहारिक कार्य का अनुभव प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है। योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को प्रतिमाह ₹9,000 की छात्रवृत्ति, ₹6,000 की एकमुश्त सहायता राशि तथा सरकारी बीमा सुरक्षा का लाभ भी दिया जाता है।
शिविर में विभिन्न इंटर्नशिप कार्यक्रमों की जानकारी सरल एवं विस्तृत रूप से दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को योजना के आधिकारिक पोर्टल तथा मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। मार्गदर्शन से प्रेरित होकर अनेक विद्यार्थियों ने वहीं पर अपना पंजीयन कराया।
महाविद्यालय परिवार ने इस प्रकार के आयोजनों को युवाओं के कौशल विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।



