मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, एसडीएम चौहान ने जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण

रास्ते में बाधा बन रहे पाल-मेटी हटाने के दिए निर्देश, अधिकारियों ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गरोठ। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया गया।इस दौरान एसडीएम राहुल चौहान, एसडीओपी विजय कुमार यादव, तहसीलदार अर्जून भदौरिया, थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव, सहित प्रशासनिक अमले ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इमली चौक, माली मोहल्ला, मस्जिद चौक, सर्राफा बाजार एवं रामपुरा दरवाजा सहित मोहर्रम जुलूस के प्रमुख मार्गों का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने मार्ग में आने वाली संभावित बाधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम राहुल चौहान ने जुलूस मार्ग में व्यापारियों द्वारा लगाए गए पाल, मेटी एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि मोहर्रम के दौरान ताजियों एवं जुलूस के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान गरोठ पटवारी, सहायक यंत्री आशीष दायमा तथा नगर परिषद के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।



